फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Rajasthan election 2023: third List of BJP candidates for the Legislative Assembly poll

Rajasthan: जो कल आए उन्हें आज टिकट, किरोड़ी के भतीजे समेत इन नेताओं के परिजन को मौका, ऐसी है BJP की तीसरी सूची

Thu, 02 Nov 2023 06:46 PM IST
शिवेंद्र तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवेंद्र तिवारी Updated Thu, 02 Nov 2023 06:46 PM IST
विज्ञापन
सार
Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कर और 58 सीटों पर उम्मीदवार तय कर दिए हैं। अभी तक 182 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है। तीसरी सूची में पार्टी ने सात महिलाओं को टिकट थमाया है। 
 
loader
Rajasthan election 2023: third List of BJP candidates for the Legislative Assembly poll
राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 - फोटो : amar ujala

विस्तार

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने 58 नामों की घोषणा की है। एक दिन पहले ही दिल्ली में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी, जिसमें इन नामों पर अंतिम मुहर लगी। पहली सूची में भाजपा ने 41 उम्मीदवार जबकि दूसरी सूची में 83 उम्मीदवार घोषित किए थे। भाजपा अब तक 182 नामों का एलान कर चुकी है।


आइये जनते हैं कि तीसरी सूची में खास क्या है? किसे कहां से टिकट दिया गया है? पहले आई दो सूचियों में क्या रहा?
 

राजस्थान विधानसभा चुनाव।
राजस्थान विधानसभा चुनाव। - फोटो : Amar Ujala Digital
तीसरी सूची में खास क्या है? 
राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी कर और 58 सीटों पर उम्मीदवार तय कर दिए हैं। इस तरह से 18 सीटों को छोड़कर बाकी सभी पर उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है। तीसरी सूची में पार्टी ने सात महिलाओं को टिकट थमाया है। 

खास चेहरों की बात करें तो भीनमाल से पुराराम चौधरी को प्रत्याशी बनाया गया है। पुराराम चौधरी को लगातार सातवीं बार मैदान में होंगे। जयपुर की मुस्लिम बाहुल्य हवामहल सीट से महंत बाल मुकुन्दाचार्य को टिकट मिला है। दौसा से लगातार तीसरी बार शंकर शर्मा को टिकट दिया गया है। शंकर शर्मा हरियाणा ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। 

सीकर की खंडेला विधानसभा सीट पर भाजपा ने कांग्रेस से आए सुभाष मील को प्रत्याशी बनाया है। सुभाष बुधवार को ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। सुभाष ने पिछला विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था। इस बार भी उनकी जगह कांग्रेस ने निर्दलीय विधायक महादेव सिंह खंडेला को अपना उम्मीदवार बनाया है।
सुभाष मील के साथ बुधवार को ही भाजपा में शामिल हुए  दर्शन सिंह गुर्जर और उदयलाल डांगी को भी टिकट मिला है। दर्शन सिंह गुर्जर को करौली से मैदान में उतारा गया है। वहीं, उदयलाल डांगी वल्लभनगर से उम्मीदवार बनाए गए हैं। 

चूरू जिले की सादुलपुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने सुमित्रा पूनिया को प्रत्याशी घोषित किया है। सुमित्रा कांग्रेस के पूर्व विधायक नंदलाल पूनिया की पुत्रवधु हैं। 28 अक्तूबर को ही नन्द लाल पुनिया भाजपा में शामिल हुए थे। 

BJP CEC meeting
BJP CEC meeting - फोटो : सोशल मीडिया
नेताओं के परिजनों को भी मिला टिकट 
महवा सीट से भाजपा ने किरोड़ी लाल मीणा के भतीजे राजेंद्र मीणा को टिकट दिया है। यहां से किरोड़ी लाल मीणा की पत्नी और पूर्व मंत्री गोलमा देवी का टिकट कटा गया है। 
रामगढ़ सीट से वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानदेव आहूजा के भतीजे जय आहूजा को टिकट मिला है। वहीं कोलायत से देवीसिंह भाटी की पुत्रवधु पूनम कंवर को उम्मीदवार बनाया गया है। पूनम के पति स्व. महेन्द्र सिंह भाटी सांसद रहे हैं। 

तीसरी सूची में आठ विधायकों को भी टिकट
भाजपा की तीसरी सूची में आठ विधायकों को टिकट दिया है। सूरतगढ़ से रामप्रताप कासनिया, फलौदी से पब्बाराम बिश्नोई, भीनमाल से पूराराम चौधरी, रानीवाड़ा से नारायण सिंह देवल, कपासन से अर्जुनलाल जीनगर, केशोरायपाटन से चंद्रकांता मेघवाल, लाडपुरा से कल्पना देवी, रामगंजमंडी से मदन दिलावर को टिकट दिया गया है।

गहलोत के सामने महेंद्र सिंह और पायलट के सामने होंगे पूर्व विधायक अजीत मेहता 
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सीट सरदारपुरा से महेंद्र सिंह राठौड़ भाजपा उम्मीदवार होंगे। टोंक विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार सचिन पायलट के सामने  पूर्व विधायक अजीत मेहता भाजपा प्रत्याशी बनाए गए हैं।

दूसरी सूची में क्या विशेष रहा?
इससे पहले 21 अक्तूबर को 83 उम्मीदवारों की सूची जारी की गई थी। दूसरी लिस्ट में प्रदेश के दिग्गज नेताओं के नाम जारी हुए थे, जिसमें राजेंद्र राठौर, वसुंधरा राजे के नाम प्रमुख थे। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पार्टी ने झालरापाटन से टिकट दिया गया। वहीं नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की सीट बदल दी गई। वे इस बार तारानगर से चुनाव लड़ेंगे। पिछली बार वे चुरू से जीते थे। 

आमेर सीट से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को उम्मीदवार बनाया गया। कांग्रेस से भाजपा में आईं पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा को नागौर से टिकट मिला। पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत के दामाद नरपत सिंह राजवी को चित्तौड़गढ़ से उम्मीदवार बनाया गया। 

पहली सूची में क्या था?
9 अक्तूबर को भाजपा ने 41 लोगों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें सात सांसदों को टिकट देकर चुनाव में उतारा गया था। पहली सूची में जिन सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया गया उनमें से सिर्फ एक सीट पर इस वक्त भाजपा का विधायक है। 2018 के चुनाव में भाजपा को इनमें से 39 सीटों पर हार मिली थी। वहीं, मंडावा सीट पर 2019 में हुए उपचुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। 

राजस्थान विधानसभा के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची में सात सांसदों को भी टिकट दिया गया। इनमें राजसमंद से सांसद दिया कुमारी, झुंझुनू से सांसद नरेंद्र कुमार, जयपुर ग्रामीण से सांसद और पूर्व मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, अलवर से सांसद बाबा बालकनाथ, अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी, जालोर के सांसद देवजी पटेल और राज्यसभा सांसद किरोड़ी लाल मीणा शामिल हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed