बूंदी: नैनवां प्रधान चुनाव विवाद पर चांदना का पुलिस पर हमला, बोले- लोकतंत्र का हनन होगा तो ऊपर जाकर लड़ेंगे
नैनवां पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दौरान हुए विवाद पर पूर्व मंत्री अशोक चांदना ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को बेबुनियाद बताया। विधायक सहित 12 लोगों पर राजकार्य में बाधा और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
विस्तार
नैनवां पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान हुए विवाद के बाद पूर्व मंत्री एवं हिंडोली विधायक अशोक चांदना ने मीडिया के सामने अपनी सफाई दी। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों और समर्थकों को लगातार परेशान किया जा रहा था। कार्यकर्ताओं के लगातार फोन आने और पुलिस की गतिविधियों को देखते हुए वह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे थे।
चांदना ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि यह मामला लंबे समय तक नहीं टिकेगा। उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि किसने क्या कहा और मौके पर क्या हुआ। उन्होंने दावा किया कि एससी-एसटी एक्ट के तहत लगाए गए आरोप भी वीडियो सामने आने के बाद स्पष्ट हो जाएंगे।
पुलिस छावनी बनाने पर उठाए सवाल
अशोक चांदना ने आरोप लगाया कि नैनवां पंचायत समिति परिसर को मतदान के दौरान पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि बूंदी जिले में इससे पहले पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनावों के दौरान ऐसी स्थिति देखने को नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि दो दिन पहले जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान भी इतनी पुलिस तैनात नहीं थी, लेकिन प्रधान पद के चुनाव के दिन सैकड़ों पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया। उनके अनुसार, पिछली रात से ही पुलिस की गाड़ियां क्षेत्र में पहुंचने लगी थीं। कार्यकर्ताओं के फोन आ रहे थे कि चुनाव के दिन कुछ भी हो सकता है। चांदना ने आरोप लगाया कि रात में पंचायत समिति के एक कांग्रेस सदस्य को पुलिसकर्मी गाड़ी में बैठाकर ले गए। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर मौजूद है।
गाड़ियां दूर खड़ी करवाने पर जताई नाराजगी
चांदना ने कहा कि पंचायत समिति के गेट तक हमेशा गाड़ियां आती रही हैं और इसके बाद प्रत्याशी पैदल अंदर जाते हैं, लेकिन इस बार वाहनों को काफी दूर खड़ा करवाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की इस व्यवस्था के पीछे प्रत्याशियों को बीच रास्ते से उठाकर ले जाने की आशंका थी।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पहले से सजग थे और किसी भी कीमत पर कोई वारदात नहीं होने देना चाहते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनप्रतिनिधि अपना वोट डालने आ रहे थे तो इतनी भारी पुलिस व्यवस्था की क्या जरूरत थी? इतनी पुलिस तो आतंकवादी हमले जैसी गंभीर परिस्थितियों में तैनात की जाती है। यहां कोई अपराधी या आतंकवादी नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लेने वाले निर्वाचित जनप्रतिनिधि आ रहे थे।
गांधी और नेहरू का दिया उदाहरण
अपने खिलाफ दर्ज मुकदमे पर चांदना ने कहा कि जब लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन होता है तो विरोध करना जरूरी हो जाता है। उन्होंने महात्मा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू का उदाहरण देते हुए कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए दोनों नेताओं ने कानून तोड़ा और जेल भी गए।
चांदना ने कहा कि जब लोकतंत्र का हनन होगा तो अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि पूरे घटनाक्रम की जांच होने पर सच्चाई सबके सामने आ जाएगी और वीडियो रिकॉर्डिंग से सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
विधायक सहित 12 लोगों पर मामला दर्ज
इधर, नैनवां थानाधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि करवर थाना अधिकारी सहदेव सिंह मीणा की रिपोर्ट पर विधायक अशोक चांदना सहित छह नामजद और छह अन्य लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सीआईडी-सीबी जयपुर को सौंपी गई है।
पुलिस अधिकारी ने भी रखा अपना पक्ष
करवर थाना अधिकारी सहदेव सिंह मीणा ने बताया कि वह नैनवां पंचायत समिति के सामने चुनाव ड्यूटी निभा रहे थे। उन्हें निर्देश मिले थे कि किसी भी वाहन को पंचायत समिति परिसर के अंदर प्रवेश नहीं देना है। इसी के तहत दोनों पार्टियों के प्रत्याशियों के वाहनों को अंदर जाने से रोका गया था।
उन्होंने कहा कि पंचायत समिति पास में ही थी और प्रत्याशी आसानी से पैदल जा सकते थे। अधिकारी ने आरोप लगाया कि विधायक अशोक चांदना ने रोकने पर उनके साथ बदसलूकी की, जिसके बाद उन्होंने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
