फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Rajasthan Assembly Election 2018: Candidates involved in allegations forget basic issues

राजस्थान चुनाव 2018: हवाई रास्ते आकर जुमले बोलकर नेता होते रहे उड़न छू, असली मुद्दे रहे गायब

Wed, 05 Dec 2018 08:26 PM IST
विनोद अग्निहोत्री
विनोद अग्निहोत्री Updated Wed, 05 Dec 2018 08:26 PM IST
विज्ञापन
Rajasthan Assembly Election 2018: Candidates involved in allegations forget basic issues
राजस्थान चुनाव - फोटो : Amar Ujala
महज एक दिन बाद राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए मतदान होने वाले हैं। बुधवार को चुनाव प्रचार खत्म हो गया। अब एक दिन राज्य के मतदाता शांत मन से किसे वोट देंगे, इसका फैसला अपने अंतर्मन में करेंगे। लेकिन बीते दिनों में चुनाव प्रचार के दौरान नेताओं के भाषणों और जमीन पर मतदाताओं के बीच चर्चा में रहने वाले मुद्दों के बीच जमीन आसमान का फर्क दिखा। हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर में बैठकर हवा में उड़कर लोगों के बीच हवाई भाषण देकर उड़न छू होने वाले नेताओं ने जनता की असली नब्ज कितनी टटोली इसका पता तो 11 दिसंबर को ही चलेगा, लेकिन भाषणों में जमीनी मुद्दे गायब रहे और जुमलों का बोलबाला रहा।
विज्ञापन

हनुमान की जाति भी बना मुद्दा 

नेताओं ने हनुमान जी की जाति से लेकर चौकीदार के कुत्ते तक को चुनावी विमर्श में शामिल किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां, उनकी और केद्रीय मंत्री उमा भारती की जाति पर कांग्रेसी नेताओं के बयानों को भाजपा ने भुनाने की कोशिश की तो मां बेटे के जमानत पर होने और एक परिवार की चार पीढ़ियों का हिसाब मांगने को भी चुनाव में घसीटा गया। लेकिन जमीन पर लोगों के बीच कुछ और ही मुद्दे थे जिन पर गली-मोहल्लों और नुक्कड़ों, गांवों और खेतों में मिलने वाले लोगों से जब बात करिए तो पता चलता है कि मंचों से नेताओं के भाषणों और जमीन पर रोजमर्रा की जिंदगी में खटने वालों के बीच दूरी कितनी बढ़ गई है।
विज्ञापन


दिल्ली से जयपुर,अजमेर,पुष्कर, पाली, जोधपुर, नाथद्वारा, उदयपुर, चित्तौड़, भीलवाड़ा, कोटा, झालावाड़, बूंदी, टोंक होते हुए वापस जयपुर की करीब ढाई हजार किलोमीटर की यात्रा के दौरान जितने भी लोगों से बात हुई, न किसी ने हनुमान जी की जाति की चर्चा की, न राबर्ट वाड्रा के खिलाफ दर्ज जमीन घोटाले से किसी को कोई मतलब दिखाई दिया। न ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री उमा भारती की जाति और मोदी की मां को चुनाव में घसीटने वाले कांग्रेसी नेताओं के बयानों पर कोई प्रतिक्रिया किसी ने दी और न ही मां बेटे की जमानत के मुद्दे को लेकर कोई उत्तेजना कहीं दिखाई दी। चार पीढ़ियों का हिसाब भी कोई मांगता नहीं दिखा।
विज्ञापन
विज्ञापन


राजस्थान के अपने इस दौरे में जितने भी लोगों से बात हुई तो उनके सबके अपने अलग अलग मुद्दे सुनाई दिए। किसान बिजली की कमी और कर्ज के बढ़ते बोझ से परेशान दिखे। फसलों की सही कीमत और समय पर बिक्री न होने का दर्द भी उन्होंने बयां किया। नौजवानों को सबसे बड़ी चिंता अपने भविष्य को लेकर दिखाई दी। जो नौकरी में हैं, उन्हें डर है कि कब बेदखली न हो जाए और जो पढ़ रहे हैं, उन्हें चिंता है कि इतने पैसे खर्च करने के बाद भी उन्हें पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी मिलेगी या नहीं। शहरों में व्यापारी और छोटे उद्योग धंधों वाले नोटबंदी और जीएसटी की मार से हुए कारोबारी नुकसान से परेशान दिखे। पर्यटन मौसम होने के बावजूद हाई वे पर ढाबों-होटलों में पसरा सन्नाटा भी पर्यटन उद्योग पर पड़ी नोटबंदी की मार की झलक दिखाता मिला।
 

राम मंदिर का मुद्दा भी रहा बेअसर

दिहाड़ी मजदूरों को निर्माण उद्योग की मंदी सता रही है तो खेत मजदूरों ने मनरेगा में बजट कटौती और पैसे की कमी का रोना रोया। हिंदुत्व और जातीय अस्मिता का सवाल भले ही लोगों के अवचेतन में हो, लेकिन प्रकट रूप से किसी भी बातचीत में लोगों ने उसकी चर्चा नहीं की। राम मंदिर और अयोध्या में संतों का जमावड़ा भी राजस्थान के जनमानस को झकझोर नहीं पाया। यहां तक कि योगी आदित्यनाथ के अली और बजरंग बली का जुमला भी हिंदुत्व का ज्वार पैदा करता नहीं दिखा।

सरकारी कर्मचारियों में वेतन विसंगतियों और पदोन्नति नीति को लेकर असंतोष साफ दिखाई दिया। सातवां वेतन आयोग न मिलने और स्कूल के समय को बदले जाने के मुद्दे पर शिक्षक नाराज मिले। नोटबंदी के दो साल से ज्यादा बीतने के बावजूद अभी भी एटीएम में नोटों की किल्लत कारोबारियों के साथ साथ कम आय वालों को भी साल रही है। शहरों में सीवरेज और पानी की समस्या की आम शिकायत मिली तो गांवों में सड़कों की खराब हालत और बिजली की कटौती को लेकर लोग ज्यादा मुखर दिखे। शहरों में बंद पड़े कारखानों को न खुलवा पाने और 2013-2014 से राज्य में खाली पड़े सरकारी पदों को न भरे जाने को लेकर युवाओं में गुस्सा भी दिखा। 

जुमलोंबाजी पर रहा जोर

लेकिन दोनों ही सियासी दलों ने इन मुद्दों को छूने की बजाय सिर्फ जुमलों और तमाशाई प्रचार पर ही जोर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अगर सिर्फ राफेल सौदे को घोटाला और चौकीदार को चोर साबित करने पर ही पूरा जोर लगाए रहे तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी सरकार के कामकाज से ज्यादा मां-बेटे और एक परिवार की चौथी पीढ़ी से हिसाब मांगने में ही ज्यादा वक्त दिया। दोनों पार्टियों के बाकी स्टार प्रचारकों ने अपने नेताओं को भी पीछे छोड़ दिया। भाजपा में मोदी के बाद सबसे ज्यादा भीड़ खींचने वाले अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने सोनिया-राहुल को कोसने और कांग्रेस में राहुल के बाद सबसे ज्यादा लोगों को आकर्षित करने वाले नवजोत सिंह सिद्धू, आचार्य प्रमोद कृष्णम, राज बब्बर ने भी सिर्फ नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर हमला करने में ही अपना वक्त और जोर लगाया।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed