ललित मोदी बने आरसीए के अध्यक्ष, बीसीसीआई ने किया सस्पेंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगलवार को ललित मोदी को राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) का अध्यक्ष चुन लिया गया है। हालांकि बीसीसीआई उनके चुनाव को कोर्ट में चुनौती दे सकता है।
पिछले हफ्ते सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव अधिकारियों को कहा था कि वो राज्य क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव के नतीजे छह मई को घोषित कर दें। आरसीए के अध्यक्ष पद के लिए 19 दिसंबर को हुए चुनाव सुप्रीम कोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की निगरानी में हुए थे।
राजस्थान की 33 जिला इकाइयों ने चुनाव में वोट डाले थे। जिन्हें एक सीलबंद लिफाफे में सुप्रीम कोर्ट में जमा कर दिया गया था।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ललित मोदी के राज्य के क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पद का चुनाव लडने के खिलाफ मुकदमा किया था। बीसीसीआई का कहना था कि ललित मोदी को बोर्ड आजीवन प्रतिबंधित कर चुका है इसलिए वो यह चुनाव नहीं लड सकते।
वहीं ललित मोदी के वकील का कहना था कि आरसीए राजस्थान खेल अधिनियम से संचालित है, इसलिए बीसीसीआई की ओर से लगाया गया प्रतिबंध मोदी पर लागू नहीं होता।
क्या था मामला
ललित मोदी आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) के पूर्व कमिश्नर हैं। ललित मोदी की आईपीएल की शुरुआत में बडी भूमिका मानी जाती है और पहले तीन सीजन में वो इसके कमिश्नर रहे थे।
आरसीए के अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए ललित मोदी के नामांकन के बाद बीसीसीआई ने कहा था कि अगर राजस्थान क्रिकेट संघ में ललित मोदी की वापसी होती है तो राज्य क्रिकेट संघ को निलंबित किया जा सकता है।
पिछले साल सितंबर में बीसीसीआई ने आचरण में गडबडी और अनुशासनहीनता के आरोप में ललित मोदी को आजीवन प्रतिबंधित कर दिया था।
आईपीएल के संचालन में वित्तीय अनियमितताओं और दो नई टीमों की नीलामी के दौरान गलत तरीके अपनाने के आरोप में 2010 में आईपीएल के आयोजन के बाद ललित मोदी को आईपीएल से निलंबित कर दिया गया था।
ललित मोदी अभी ब्रिटेन में रह रहे हैं।
बीसीसीआई ने किया सस्पेंड
राजस्थान क्रिकेट संघ के अध्यक्ष के चुनावों के नतीजों के साथ ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने राजस्थान क्रिकेट संघ को निलंबित कर दिया है। बीसीसीआई ने क्लॉज 32 के तहत आरसीए के खिलाफ कार्रवाई की है।
बीसीसीआई शुरू से ही ललित मोदी की वापसी का विरोध कर रही थी। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद आखिरकार ललित मोदी की जीत का ऐलान किया गया।
परिणाम आज सुबह 10 बजे जयपुर में घोषित किए गए। सुप्रीम कोर्ट के पर्यवेक्षक ने आरसीए एकेडमी में परिणाम की घोषणा की। 33 में 28 जिला संघों के समर्थन के दावे के चलते पहले ही ललित मोदी का आरसीए अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा था। आरसीए के चुनाव पिछले साल 19 दिसंबर को हुए थे।
बीसीसीआई के इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की वजह से अब तक नतीजे घोषित नहीं हो सके थे। लेकिन सुप्रीम कोर्ट के परिणाम पर रोक हटाने के बाद आरसीए कार्यकारिणी के नतीजे के ऐलान का रास्ता साफ हुआ और मोदी ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल कर ली।
हालांकि परिणाम की घोषणा के बाद भी बीसीसीआई और मोदी के बीच टकराव खत्म नहीं हुआ। बोर्ड ने तुरंत आरसीए को सस्पेंड कर दिया। बीसीसीआई ने चेतावनी दे रखी थी कि मोदी के निर्वाचित होने पर आरसीए के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।