{"_id":"6840138f13dd4eb92c0986cd","slug":"the-secret-of-the-woman-bank-manager-was-revealed-after-the-transfer-from-the-bank-she-stole-more-than-4-crore-rupees-of-the-account-holders-kota-news-c-1-1-noi1391-3023193-2025-06-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kota News: महिला बैंक मैनेजर ने ग्राहकों के खातों में की 4.60 करोड़ की हेराफेरी, शेयर बाजार में डाला पैसा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kota News: महिला बैंक मैनेजर ने ग्राहकों के खातों में की 4.60 करोड़ की हेराफेरी, शेयर बाजार में डाला पैसा
Wed, 04 Jun 2025 03:39 PM IST
कोटा ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा
Published by: कोटा ब्यूरो
Updated Wed, 04 Jun 2025 03:39 PM IST
सार
एक निजी बैंक की महिला मैनेजर ने ग्राहकों के खातों से करीब साढ़े चार करोड़ रुपयों की हेराफेरी कर उस पैसे को शेयर मार्केट में लगा दिया। 2020 से 2023 के बीच हुए इस घोटाले का खुलासा होने के बाद बैंक प्रबंधन ने फरवरी 2025 में थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
विज्ञापन
बैंक मैनेजर ने की करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी
विस्तार
जिले में आईसीआईसीआई बैंक की एक महिला मैनेजर द्वारा करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी मैनेजर साक्षी गुप्ता ने श्रीराम नगर शाखा में कार्यरत रहते हुए साल 2020 से 2023 के बीच ग्राहकों के खातों से लगभग 4.60 करोड़ रुपए की हेराफेरी की। बैंक प्रबंधन ने इस धोखाधड़ी का खुलासा होने के बाद फरवरी 2025 में उद्योग नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने जांच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
उद्योग नगर थानाधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि साक्षी गुप्ता मूल रूप से रावतभाटा की निवासी है और कोटा के विज्ञान नगर क्षेत्र में रह रही थी। बैंक द्वारा दर्ज करवाई गई रिपोर्ट के अनुसार साक्षी ने लगभग 43 ग्राहकों के 100 से अधिक खातों से अवैध रूप से राशि निकालकर शेयर बाजार में निवेश किया और इसमें से अधिकतर राशि शेयर बाजार में डूब गई।
विज्ञापन
साक्षी गुप्ता ने ग्राहकों की जानकारी के बिना उनके मोबाइल नंबर बदल दिए ताकि लेन-देन से संबंधित कोई अलर्ट उन्हें न मिले। वह डेबिट कार्ड, पिन और ओटीपी का भी गलत इस्तेमाल कर लेनदेन करती रही। जांच में सामने आया कि उसने 40 खातों पर अवैध रूप से ओवर ड्राफ्ट सुविधा शुरू की, जबकि 31 ग्राहकों की एफडी समय से पहले मैच्योर करवा दी और उसमें से 1.34 करोड़ से अधिक की राशि अन्य खातों में ट्रांसफर कर दी।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Tonk News: तेज रफ्तार में हाईवे पर भिड़ी दो पिकअप, देखते ही देखते जिंदा जल गया चालक, पढ़ें पूरी खबर
धोखाधड़ी का भंडाफोड़ तब हुआ जब एक ग्राहक ने अपनी 1.50 लाख की एफडी की जानकारी के लिए बैंक से संपर्क किया। जांच में सामने आया कि वह राशि उसकी अनुमति के बिना अन्य खाते में भेज दी गई थी। इसी तरह साल 2023 में एक बुजुर्ग महिला के खाते से 3 करोड़ तक की अवैध निकासी की गई। साक्षी ने अधिकांश लेनदेन इंस्टा, कियोस्क और डिजिटल बैंकिंग माध्यमों से किए। पुलिस का कहना है कि जिन खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी हुई है, उनमें अधिकतर डीसीएम (फैक्ट्री) के कर्मचारी शामिल हैं। उनके खातों से लाखों रुपए की अवैध निकासी की गई है।
बैंक के कॉरपोरेट कार्यालय ने फैक्ट्री प्रबंधन और पीड़ित ग्राहकों को इस घोटाले की जानकारी दे दी है। फिलहाल बैंक प्रबंधन इन ग्राहकों की राशि लौटाने की प्रक्रिया में जुटा है। हालांकि बैंक ने इस मामले पर मीडिया से किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है।