राजस्थान पंचायत चुनाव: कांग्रेस की वापसी, सीएम भजनलाल के गृह जिले से लेकर मंत्रियों के गढ़ तक भाजपा को झटका
राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समितियों में शानदार प्रदर्शन कर वापसी की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कई मंत्रियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भाजपा को हार मिली। आरएलपी और बीएपी ने भी दम दिखाया।
विस्तार
राजस्थान के पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण राजनीति में जोरदार वापसी की है। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में कांग्रेस की बढ़त ने सत्ताधारी भाजपा की चिंता बढ़ा दी है। चुनाव परिणामों का सबसे चौंकाने वाला पहलू मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कई मंत्रियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भाजपा की हार रही। वहीं, आरएलपी और बीएपी जैसे क्षेत्रीय दलों ने भी ग्रामीण इलाकों में दमदार प्रदर्शन कर राजनीतिक समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में जिला परिषद चुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारकर भाजपा को बड़ा झटका दिया है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के प्रभाव वाले झालावाड़ में भी कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया है। राजधानी जयपुर में भी भाजपा के लिए नतीजे उत्साहजनक नहीं रहे। यहां मंत्री राजवर्धन सिंह राठौड़ और डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में पार्टी की साख बचाने में नाकाम रहे।
पढ़ें: पिछले चुनाव से बदली तस्वीर, पंचायत समिति और जिला परिषद में दोनों में कांग्रेस को बढ़त
दौसा और जोधपुर में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। जोधपुर में स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के प्रभाव वाले लोहावट क्षेत्र में भाजपा को करारी शिकस्त मिली। वहीं, दौसा में भाजपा के प्रमुख चेहरे किरोड़ी लाल मीणा भी पार्टी को जीत नहीं दिला सके। इन नतीजों ने प्रदेश की ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस की मजबूत वापसी के संकेत दिए हैं। साथ ही आरएलपी और बीएपी के प्रदर्शन ने यह भी साफ कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मुकाबला अब केवल भाजपा और कांग्रेस तक सीमित नहीं रह गया है।
