राजस्थान: जयपुर में पुलिस की PCR वैन में शराब पार्टी, रील वायरल होने से मचा हड़कंप
जयपुर में पुलिस की पीसीआर वैन के अंदर शराब पार्टी और रील बनाने का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस युवकों की पहचान और सरकारी वाहन के इस्तेमाल की जांच कर रही है।
विस्तार
अपराधियों में पुलिस का खौफ और आमजन में भरोसा कायम रखने का दावा करने वाली जयपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। राजधानी में पुलिस की पीसीआर वैन के भीतर बैठकर शराब पीने और फिल्मी गाने पर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो युवक पुलिस की नीली पीसीआर वैन के अंदर बैठकर शराब पीते नजर आ रहे हैं, जबकि उनके दो साथी सड़क पर खड़े होकर शराब पी रहे हैं। एक अन्य युवक हाथ में शराब की बोतल लेकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। पुलिस अब वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान करने और पीसीआर वैन के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है।
पीसीआर वैन में वायरलेस सेट और लाल-नीली बत्ती भी दिखी
वायरल रील में पुलिस की पीसीआर वैन का इस्तेमाल फिल्मी गाने पर वीडियो बनाने के लिए किया गया है। वैन पर लगी लाल-नीली बत्ती और अंदर मौजूद वायरलेस सिस्टम भी साफ दिखाई दे रहा है। दो युवक वैन के भीतर बैठकर रील बनवा रहे हैं, जबकि उनके साथी बाहर शराब की बोतल लेकर खड़े हैं। वीडियो में सड़क से दूसरे वाहन गुजरते हुए भी नजर आ रहे हैं। रील के साथ लिखे संदेश में आशुतोष नाम के युवक को जन्मदिन की बधाई भी दी गई है।
एसएमएस थाने की पीसीआर वैन से मेल खा रहा नंबर
वीडियो में दिखाई दे रही पीसीआर वैन का नंबर जयपुर के एसएमएस थाने की गाड़ी से मेल खा रहा है। हालांकि, जयपुर पूर्व की डीसीपी रंजिता शर्मा ने बताया कि वीडियो में दिख रही गाड़ी का नंबर एसएमएस थाने की पीसीआर वैन से मिलता है, लेकिन फिलहाल थाने में दूसरी पीसीआर वैन तैनात है। ऐसे में वीडियो कब बनाया गया और इसमें दिखाई दे रही गाड़ी का इस्तेमाल किसने किया, यह युवकों से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
युवकों के साथ पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
डीसीपी रंजिता शर्मा ने कहा कि इस तरह की गतिविधियां किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, जांच में यदि किसी पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।
इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस की पीसीआर वैन युवकों तक कैसे पहुंची? क्या किसी पुलिसकर्मी ने उन्हें सरकारी वाहन इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी या उन्होंने किसी अन्य तरीके से इसका इस्तेमाल किया? जांच में इन सवालों के जवाब सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।
