Jaipur: महिला अपमान पर गरमाई सियासत, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के 'एक्सपोर्ट क्वालिटी' बयान पर भड़की महिला कांग्रेस
Jaipur News: राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के महिला नेत्री पर 'एक्सपोर्ट क्वालिटी' वाले विवादित बयान पर महिला कांग्रेस में काफी नाराजगी है। प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह टिप्पणी न केवल एक महिला के अपमान का विषय है, बल्कि यह भाजपा की संकीर्ण मानसिकता को जगजाहिर करती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के विवादित बयान, जिसमें उन्होंने एक महिला नेत्री को ‘एक्सपोर्ट क्वालिटी’ कहा था। इस बयान ने राजस्थान में सियासत को गर्मा दिया है। बयान को लेकर कांग्रेस और विशेष रूप से महिला कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। महिला नेताओं ने इसे भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया। उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की है, वहीं भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से भी तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।
‘महिलाओं के प्रति भाजपा की सोच उजागर’
राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह टिप्पणी न केवल एक महिला के अपमान का विषय है, बल्कि यह दर्शाता है कि भाजपा की मानसिकता महिलाओं को लेकर कितनी संकीर्ण और अपमानजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने 'महिला बचाओ', 'महिला आरक्षण' और 'तीन तलाक' जैसे मुद्दों को केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया, जबकि वास्तविकता में पार्टी के नेता महिलाओं को अपमानित करने का कोई भी अवसर नहीं छोड़ते।
यह भी पढ़ें- Jaipur: कांग्रेस पदाधिकारियों को डोटासरा की चेतावनी; गाड़ी पर नेमप्लेट से काम नहीं चलेगा, ऐसा करने पर जाएगा पद
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के बयान यह साबित करते हैं कि भाजपा में शीर्ष पदों पर बैठे लोगों की सोच में महिलाओं के लिए सम्मान का कोई स्थान नहीं है। सारिका सिंह ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से तत्काल संज्ञान लेकर बयान देने वाले प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही राठौड़ से सार्वजनिक माफी की भी अपेक्षा जताई।
‘ऐसे नेता किसी पार्टी में रहने लायक नहीं’
पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम ने भी इस विवाद पर तीखा रुख अपनाते हुए कहा कि ‘एक्सपोर्ट क्वालिटी’ जैसी अभद्र भाषा महिलाओं की गरिमा को गंभीर ठेस पहुंचाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही है भाजपा का 'नारी सम्मान' का विजन? उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता महिलाओं को सशक्त बनाने की बजाय उन्हें राजनीतिक मंचों पर अपमानित कर रहे हैं।
राखी गौतम ने कहा कि भाजपा ने कभी महिलाओं की भलाई को प्राथमिकता नहीं दी, बल्कि उन्हें वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट कहा कि ऐसे नेता किसी भी जिम्मेदार राजनीतिक दल में रहने लायक नहीं हैं और भाजपा को चाहिए कि मदन राठौड़ को तुरंत उनके पद से हटाकर एक मिसाल पेश करे।
बयान के बहाने भाजपा पर बड़ा हमला
कांग्रेस ने इस बयान को केवल एक व्यक्ति की गलती नहीं बल्कि भाजपा की समग्र सोच का परिणाम बताया। महिला कांग्रेस ने कहा कि भाजपा द्वारा बार-बार महिलाओं के खिलाफ की जा रही टिप्पणियां इस बात का प्रमाण हैं कि पार्टी के भीतर महिलाओं को केवल राजनीतिक औजार समझा जाता है, न कि बराबरी के नागरिक। कांग्रेस ने यह भी कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक संघर्ष किया जाएगा। ऐसे अपमानजनक बयानों को कभी भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: मंदिर शुद्धिकरण विवाद पर बोले डोटासरा- 13 दिन बाद भी आहूजा पर कार्रवाई नहीं, चुप क्यों हैं सीएम?
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के इस बयान ने जहां विपक्ष को सरकार और पार्टी पर हमला करने का मौका दिया है, वहीं यह मुद्दा सामाजिक रूप से भी बहस का केंद्र बन गया है। अब सबकी निगाहें भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की ओर हैं कि वह इस बयान पर क्या रुख अपनाता है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.