{"_id":"6a1ba79cecd98d8d160067f5","slug":"roadways-bus-overturned-near-natni-ka-bara-about-ten-people-injured-alwar-news-c-1-1-noi1339-4342409-2026-05-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"Alwar: जयपुर हाईवे पर बड़ा हादसा; 50 यात्रियों से भरी रोडवेज बस पलटी, कई घायल, छह की हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Alwar: जयपुर हाईवे पर बड़ा हादसा; 50 यात्रियों से भरी रोडवेज बस पलटी, कई घायल, छह की हालत गंभीर
Sun, 31 May 2026 09:19 AM IST
अलवर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर
Published by: अलवर ब्यूरो
Updated Sun, 31 May 2026 09:19 AM IST
सार
Alwar: अलवर-जयपुर हाईवे पर नटनी का बारा के पास राजस्थान रोडवेज की मत्स्य नगर डिपो की बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में 8 से 10 यात्री घायल हुए, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अलवर-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-248ए पर नटनी का बारा के समीप शनिवार देर शाम राजस्थान रोडवेज की मत्स्य नगर डिपो की बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पलट गई। हादसे में करीब 8 से 10 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा कई अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार अकबरपुर अस्पताल में कराया गया। गंभीर रूप से घायल छह यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर किया गया है।
विज्ञापन
अलवर से जयपुर जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, अलवर से शाम को जयपुर के लिए रवाना हुई मत्स्य नगर डिपो की बस धर्मपुरा गांव के समीप नटनी का बारा क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे के समय बस में लगभग 50 यात्री सवार थे।
विज्ञापन
छह यात्री गंभीर रूप से घायल
घटना में चालक रामू योगी, राकेश, मुकेश मीणा, संतोष पांडे, बद्री प्रसाद एवं सावित्री देवी सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए अलवर रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का उपचार अकबरपुर अस्पताल में जारी है।
विज्ञापन
पुलिस और प्रशासन ने चलाया राहत अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
यात्रियों ने बताई हादसे की पूरी कहानी
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि बस सामान्य गति से चल रही थी। इसी दौरान अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे में कई यात्रियों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रूपारेल नदी क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों ने बस पलटने की सूचना मिलते ही तुरंत 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और घायलों को बस से बाहर निकालने तथा अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ये भी पढ़ें: राजस्थान में रेलवे का ब्लॉक! कई ट्रेनें रद्द, सुपरफास्ट का बदला रूट, सफर से पहले जरूर पढ़ें अपडेट
दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और बस के अनियंत्रित होने का कारण क्या था, इसकी पड़ताल की जा रही है।