पाकिस्तान की साजिश: कुख्यात तस्कर बिलाल संधू के जरिये पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में हो रही हथियार और ड्रग्स की तस्करी
बिलाल संधू की ज्यादातर गतिविधियां फिरोजपुर, तरनतारन, अमृतसर, डेरा बाबा नानक और गुरदासपुर इलाकों में सामने आई हैं। बिलाल ने सरहदी इलाकों में अपना नेटवर्क भी काफी मजबूत कर लिया है।
विस्तार
विदेशों में बसे देश विरोधी तत्वों तथा पाकिस्तानी एजेंसी आईएसआई का निशाना इस वक्त पंजाब का सीमावर्ती इलाका है। जिसके चलते अपने नापाक मंसूबों को अंजाम देने के लिए आईएसआई अब मशहूर पाकिस्तानी तस्कर तथा अपने एजेंट बिलाल संधू उर्फ बिलाल मन्नेशाह का सहारा ले रही है।
सूत्रों के मुताबिक, बिलाल संधू आईएसआई के निर्देश पर ही ड्रोन एवं अन्य साधनों के जरिये पंजाब के गुरदासपुर, अमृतसर और फिरोजपुर सेक्टरों में हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक, नशीले पदार्थ और नकली नोटों की बड़ी खेप भेज रहा है। इसके लिए उसने पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में अपने स्लीपर सेल को भी विकसित कर लिया है। अमृतसर के थाना एसएसओसी ने बिलाल संधू के खिलाफ यूएपीए समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
स्लीपर सेल के जरिए तय होता है नशा भेजने का स्थान
सूत्रों का कहना है कि बिलाल संधू इन स्लीपर सेल के जरिये समय-समय पर ड्रोन से पाकिस्तान से हथियार और नशीली दवाओं की खेप भेजने के लिए सही क्षेत्र और स्थान निर्धारित करता है। इस समय बिलाल संधू की ज्यादातर गतिविधियां फिरोजपुर, तरनतारन, अमृतसर, डेरा बाबा नानक और गुरदासपुर इलाकों में सामने आई हैं। बिलाल ने सरहदी इलाकों में अपना नेटवर्क भी काफी मजबूत कर लिया है। जिसमें उनके साथी जरनैल सिंह उर्फ जेली निवासी ढोलेवाला फिरोजपुर, तेजिंदर सिंह निवासी ख्याला कलां जिला अमृतसर, गुरविंदर सिंह निवासी नामदेव कॉलोनी सुल्तानविंड रोड अमृतसर, मोहकम सिंह निवासी बालकाविंड जिला अमृतसर और कई अन्य अज्ञात इसमें शामिल हैं। संधू के ये साथी खेप को अपने पास सुरक्षित रख लेते है और फिर उन्हें पाकिस्तानी एजेंसियों और पाकिस्तान में उनके आकाओं के निर्देश पर आगे पहुंचाते हैं। बिलाल संधू की ओर से भेजी गई खेपों को अन्य तस्करों को बेच कर इकट्ठा की गई (ड्रग मनी) हवाला और अन्य माध्यमों से पाकिस्तान भेज देते है।
इस संबंध में पुलिस थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर ने बिलाल संधू एवं उक्त आरोपियों के खिलाफ यूएपीए एक्ट व एनडीपीएस एक्ट, विस्फोटक पदार्थ संशोधन एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। परंतु कोई भी अधिकारी इस संबंध में कोई भी कुछ आधिकारिक बयान नहीं दे रहा। जबकि एफआईआर की कॉपी संवाद न्यूज एजेंसी के पास उपलब्ध है।
बिलाल संधू आईएसआई का एजेंट है तथा बड़ा तस्कर है। फिलहाल अभी तक गुरदासपुर में उसकी ओर से नेटवर्क या स्लीपर सेल स्थापित करने संबंधी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की ओर से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है तथा नशा तस्करों पर खास ध्यान केंद्रित किया गया है। -हरजीत सिंह, एसएसपी, गुरदासपुर।