Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Patiala News ›   political stage is set in Patiala for punjab assembly election 2027 BJP AAP congress

पटियाला में सियासी बिसात तैयार: दो विधायकों के भाजपा में जाने से बदले समीकरण, क्या इतिहास दोहरा पाएगी आप?

Wed, 11 Nov 2026 12:33 PM IST
Nivedita रिंपी गुप्ता, अमर उजाला, पटियाला
रिंपी गुप्ता, अमर उजाला, पटियाला Published by: Nivedita Updated Wed, 11 Nov 2026 12:33 PM IST
सार

पटियाला जिले की आठ विधानसभा सीटों पटियाला शहरी, पटियाला ग्रामीण, नाभा, राजपुरा, घनौर, सनौर, समाना और शुतराणा पर इस बार मुकाबला केवल पार्टी की लोकप्रियता का नहीं, बल्कि स्थानीय नेताओं के प्रभाव, संगठन की मजबूती और उम्मीदवारों की स्वीकार्यता का भी होगा।

विज्ञापन
political stage is set in Patiala for punjab assembly election 2027 BJP AAP congress
पटियाला चुनाव - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी जंग के लिए पटियाला में बिसात बिछने लगी है। कभी कांग्रेस का मजबूत गढ़ रहे पटियाला जिले में 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने सभी आठ विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर राजनीतिक तस्वीर बदल दी थी। 
विज्ञापन


इस बार आप के सामने अपना किला बचाने की चुनौती रहेगी, क्योंकि दो विधायकों चेतन सिंह जौड़ामाजरा (समाना) और हरमीत सिंह पठानमाजरा (सनौर) के पार्टी छोड़ने और भाजपा में जाने से जिले की सियासत में नए समीकरण बन रहे हैं। 
विज्ञापन


दूसरी तरफ कांग्रेस अपनी पुरानी राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने की कोशिश में है, जबकि भाजपा और अकाली दल भी जिले में अपना आधार मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


2022 में एकतरफा बढ़त, अब सामने नई चुनौती
2022 के चुनाव में आप ने जिले की सभी आठ सीटों पर जीत दर्ज करके कांग्रेस और अकाली दल को बड़ा झटका दिया था। लेकिन चार साल के राजनीतिक घटनाक्रम के बाद अब पार्टी के सामने अपने पुराने प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती है। दो विधायकों का पार्टी छोड़ना संगठन के लिए स्थानीय स्तर पर नई परीक्षा है। 

समाना में चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर में हरमीत सिंह पठानमाजरा के अलग होने के बाद पार्टी को इन दोनों हलकों में नए नेतृत्व के जरिए कार्यकर्ताओं को एकजुट रखना होगा। इन नेताओं के व्यक्तिगत समर्थकों का रुख और नए उम्मीदवारों की स्वीकार्यता चुनावी चर्चा के केंद्र में रहेगी।

लोकसभा चुनाव 2024 ने भी दिए थे बदले राजनीतिक संकेत
2024 के लोकसभा चुनाव में पटियाला सीट से कांग्रेस के डॉ. धर्मवीर गांधी ने जीत दर्ज की थी। विधानसभा क्षेत्रों के आंकड़ों पर नजर डालें तो पटियाला जिले की आठ सीटों में से पांच पर कांग्रेस को बढ़त मिली थी, जबकि तीन सीटों पर आप आगे रही थी। कांग्रेस को नाभा, राजपुरा, घनौर, पटियाला शहरी और शुतराणा में बढ़त मिली, जबकि आप पटियाला ग्रामीण, सनौर और समाना में आगे रही। यह नतीजा 2022 के विधानसभा चुनाव से अलग राजनीतिक तस्वीर दिखाता है। हालांकि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मुद्दे तथा मतदाताओं का रुख अलग हो सकता है।

इससे कांग्रेस को जिले में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का अवसर मिला है। डॉ. धर्मवीर गांधी की लोकसभा जीत के बाद पार्टी के लिए यह जरूरी होगा कि वह इस बढ़त को विधानसभा स्तर पर भी संगठन और स्थानीय नेतृत्व के जरिए बनाए रखे।

पटियाला शहरी सीट पर आप के विधायक अजीत पाल सिंह कोहली के सामने अपने क्षेत्र में राजनीतिक पकड़ बनाए रखने की चुनौती होगी। इस सीट पर कैप्टन अमरिंदर सिंह परिवार का पुराना राजनीतिक प्रभाव भी चुनावी चर्चा का हिस्सा रह सकता है। वहीं पटियाला ग्रामीण सीट पर डॉ. बलबीर सिंह के सामने 2022 की बड़ी जीत को दोहराने की चुनौती होगी। 

नाभा में गुरदेव सिंह देव मान, राजपुरा में नीना मित्तल, घनौर में गुरलाल घनौर और शुतराणा में कुलवंत सिंह बाजीगर के लिए भी स्थानीय मुद्दे और जनता के बीच संपर्क अहम रहेंगे। इन सीटों पर कांग्रेस और अकाली दल की रणनीति तथा भाजपा की सक्रियता भी मुकाबले को प्रभावित कर सकती है।

विकास, बाढ़ और स्थानीय मुद्दों पर भी होगी सियासी जंग
पटियाला जिले में चुनावी चर्चा केवल दल-बदल और उम्मीदवारों तक सीमित नहीं रहेगी। शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं, सड़कों और जलनिकासी की व्यवस्था, ग्रामीण इलाकों में विकास कार्य, किसानों की समस्याएं, रोजगार और नशे का मुद्दा भी राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। पटियाला में बाढ़ से बचाव के इंतजाम और अवैध खनन जैसे मुद्दे पहले भी चुनावी चर्चा में रहे हैं। ऐसे में राजनीतिक दलों को अपने कामकाज और भविष्य की योजनाओं के साथ जनता के बीच जाना होगा।


कुल मिलाकर, पटियाला जिले में 2027 का विधानसभा चुनाव 2022 की राजनीतिक तस्वीर से अलग परिस्थितियों में होगा। एक तरफ आप के सामने अपनी आठों सीटों पर पकड़ बनाए रखने की चुनौती है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस 2024 के लोकसभा प्रदर्शन को आगे बढ़ाना चाहेगी। भाजपा नए नेताओं के सहारे अपनी जमीन मजबूत करने की कोशिश करेगी और अकाली दल अपनी खोई राजनीतिक जगह वापस पाने के लिए रणनीति बनाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed