बिगड़े बोल: मोगा में सीएम चन्नी ने केजरीवाल को कहा काला अंग्रेज, दिल्ली के सीएम ने दिया करारा जवाब
सीएम ने दावा किया कि वह बीते समय के दौरान हुई बेअदबी, ड्रग्स और भ्रष्टाचार जैसी घटनाओं को लेकर बादलों पर हाथ डाल चुके हैं। जल्द ही पंजाब के लोगों को इसकी साफ तस्वीर दिख जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आमतौर पर नरम तरीके से बात रखने वाले पंजाब के सीएम चरणजीत चन्नी के बोल बिगड़ गए। पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच बयानबाजियों का दौर तेज होने लगा है। मनीष सिसोदिया और परगट सिंह के बीच शिक्षा ढांचे पर विवाद के बाद अब सीएम चन्नी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल आमने-सामने हैं।
मोगा के कस्बा बधनी कलां में बुधवार को पंजाब निर्माण रैली के दौरान मुख्यमंत्री चन्नी ने अपनी सरकार की प्राप्तियां गिनवाते हुए अकाली दल और आम आदमी पार्टी के नेताओं पर तीखे हमले किए। वहीं पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को काला अंग्रेज कह दिया।
वहीं केजरीवाल ने चन्नी की टिप्पणी का कड़ा जवाब देते हुए कहा कि जबसे मैंने कहा कि पंजाब की हर महिला को 1000 रुपये महीना देंगे, चन्नी साहिब मुझे गालियां दे रहे हैं। बोले कि केजरीवाल के कपड़े खराब हैं, आज बोले केजरीवाल काला है। चन्नी साहिब, मेरा रंग काला है। पर पंजाब की मेरी मां-बहनों को ये काला बेटा/भाई पसंद है। उनको पता है कि मेरी नीयत साफ है।
मोगा में रैली के दौरान चन्नी ने कहा कि वह बीते समय के दौरान हुई बेअदबी, ड्रग्स और भ्रष्टाचार जैसी घटनाओं को लेकर बादलों पर हाथ डाल चुके हैं। जल्द ही पंजाब के लोगों को इसकी साफ तस्वीर दिख जाएगी। रैली में मौजूद लोगों से चन्नी ने अपील की कि पंजाब में लोग एक बार और कांग्रेस की सरकार को मौका दें।
बधनी कलां को दी 15 करोड़ ग्रांट
सीएम चन्नी ने हलका निहाल सिंह वाला के अधीन पड़ते गांव बधनी कलां के विकास के लिए 15 करोड़ रुपये की ग्रांट देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वह पंजाब के सभी गांव में ग्रांट दे रहें हैं। इसी के तहत वह पंजाब मॉडल बनाने का हर संभव प्रयास कर रहें है। इसके अलावा उन्होंने मोगा के बेघर लोगों को पांच मरले प्लांट का मालिकाना हक देने का भी एलान किया।