पटियाला में ब्लैक फंगस की दस्तक: दो संदिग्ध समेत छह पीड़ित मिले, दो ने अस्पताल में गंवाई जान
पंजाब के पटियाला जिले में ब्लैक फंगस ने दस्तक दे दी है। दो संदिग्ध समेत छह मामले मिलने से हड़कंप मच गया। इनमें से दो मरीजों की अस्पताल में ही जान चली गई। संदिग्ध मरीजों की जांच रिपोर्ट अभी नहीं मिली है। हालांकि अस्पताल ने सभी का इलाज आरंभ कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के पटियाला में भी ब्लैक फंगस ने मंगलवार को दस्तक दे दी। सरकारी राजिंदरा अस्पताल में ब्लैक फंगस के दो संदिग्ध समेत छह केस रिपोर्ट हुए हैं, जिनमें से दो मरीजों की मंगलवार को मौत भी हो गई। बाकी चार मरीजों में से दो की ब्लैक फंगस के लिए भेजे टेस्ट की रिपोर्ट आनी बाकी है लेकिन संबंधित डॉक्टरों ने इन मरीजों में भी ब्लैक फंगस होने की पूरी आशंका जताई है। सरकारी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजन सिंगला ने कहा कि दोनों संदिग्ध मरीजों समेत चारों का ब्लैक फंगस का इलाज शुरू कर दिया गया है।
डॉ. राजन सिंगला ने बताया कि कोरोना संक्रमित यह मरीज हाल ही में अस्पताल में दाखिल हुए। जैसे ही इन मरीजों में ब्लैक फंगस के लक्षण पाए गए, तुरंत इस बात की पुष्टि करने के लिए इन मरीजों के टेस्ट कराए गए। टेस्ट के बाद चार मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हो गई। जबकि दो की रिपोर्ट का अभी इंतजार है लेकिन पूरी आशंका है कि इन मरीजों में भी ब्लैक फंगस है।
डॉ. सिंगला ने बताया कि इन मरीजों का अभी इलाज अच्छे से शुरू हो पाता कि दो मरीजों की मंगलवार को मौत हो गई। इन मरीजों को फेफड़ों की बीमारी थी। उधर, बाकी चार मरीज भी गंभीर हैं। जिनका इलाज शुरू कर दिया गया है।
प्राइवेट नर्सिंग होम में दो मरीज दाखिल
सिविल सर्जन डॉ. सतिंदर सिंह ने बताया कि एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भी ब्लैक फंगस के दो संदिग्ध मरीज दाखिल हुए हैं, जो पटियाला से ही संबंधित हैं। यह दोनों मरीज कोरोना को मात दे चुके हैं लेकिन कोरोना के दौरान स्टेरॉयड के ज्यादा इस्तेमाल से ब्लैक फंगस की बीमारी हो जाती है।
राजिंदरा में ब्लैक फंगस मरीजों के इलाज को कमेटी गठित
डॉ. राजन सिंगला ने बताया कि सरकारी राजिंदरा अस्पताल में ब्लैक फंगस के इलाज के लिए मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. आरपीएस सिबिया की अगुवाई में एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। इसमें ईएनटी विभाग के प्रमुख डॉ. संजीव, ईएनटी विभाग से ही डॉ. विश्व भाटिया और मेडिसिन के डॉ. संजय गोयल को शामिल किया गया है।
ब्लैक फंगस के लक्षण
- बुखार व तेज सिरदर्द, खांसी आना
- नाक से काले रंग का स्त्राव
- आंखों व नाक के आसपास दर्द
- आंखों से धुंधला दिखाई देना
- दांतों में ढीलापन महसूस होना, मसूढ़ों में तेज दर्द
- छाती में दर्द, सांस लेने में तकलीफ होना