पटियाला: टिकट आवंटन पर फंसा पेंच, भाजपा को पांच सीटों की चाह, कैप्टन की भी यही मांग
कैप्टन अमरिंदर सिंह का अपना जिला होने के कारण पीएलसी को पटियाला में पांच, भाजपा को दो और सुखदेव सिंह ढींडसा की पार्टी को एक सीट देने की पेशकश की गई है। लेकिन भाजपा ज्यादा सीटों पर दावेदारी ठोक रहा है।
विस्तार
पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर अब माहौल पूरी तरह से गरमा गया है। ऐसे में प्रदेश की सियासत में काफी अहम माने जाने वाले पटियाला की सभी आठ विधानसभा सीटों को लेकर कांग्रेस और अकाली दल के प्रत्याशी लगभग तय हैं। लेकिन भाजपा, कैप्टन की पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) और अकाली दल संयुक्त के त्रिकोणीय गठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर पेच फंसा हुआ है।
बताया जा रहा है कि कैप्टन का अपना जिला होने के कारण पीएलसी को पांच, भाजपा को दो और सुखदेव सिंह ढींडसा की पार्टी को एक सीट देने की पेशकश की गई है। लेकिन भाजपा ज्यादा सीटों पर दावेदारी ठोक रहा है। जिस कारण 5, 2 और 1 के फार्मूले पर सहमति न बनने के कारण उम्मीदवारों की घोषणा में देरी हो रही है। गौरतलब है कि सीटों के बंटवारे को लेकर बनी कोऑर्डिनेशन कमेटी में पीएलसी की तरफ से कैप्टन के बेटे रणइंदर सिंह व मेजर एचएस शेरगिल, भाजपा की तरफ से दयाल सिंह सोढ़ी व सुभाष शर्मा और अकाली दल संयुक्त की तरफ से पूर्व मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा और एक रिटायर जस्टिस शामिल हैं।
भाजपा को 5, 2 और 1 के फार्मूले के तहत पटियाला देहाती और राजपुरा सीट देने की पेशकश हुई है। जबकि कैप्टन धड़े को पटियाला शहरी सीट के साथ घन्नौर, सन्नौर, नाभा, समाना और ढींडसा गुट को शुतराणा सीट देने की बात हुई है। वहीं भाजपा राजपुरा व पटियाला देहाती के अलावा घन्नौर, नाभा और समाना में भी दावेदारी चाह रहा है।
राष्ट्रीय पार्टी है भाजपा
इस संबंध में नाभा इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन एवं भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गुरतेज सिंह ढिल्लों ने अमर उजाला से बात करते कहा कि भाजपा एक राष्ट्रीय पार्टी है और इसके पास कैडर है। जिस कारण पार्टी ज्यादा सीटों पर चुनाव जीत सकती है। इसलिए पटियाला की आठ में से पांच सीटों पर पार्टी को दावेदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास योग्य उम्मीदवारों की भी कोई कमी नहीं है।
हालांकि, पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी के जिला शहरी प्रधान केके मल्होत्रा ने इस संबंधी ज्यादा कुछ कहने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि टिकटों के बंटवारे के लिए कमेटी बनी है और वही फैसला लेगी। उनका काम पटियाला में पार्टी के उम्मीदवारों की जीत के लिए काम करना है। वहीं जिला भाजपा शहरी प्रधान हरिंदर कोहली ने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर वह कुछ नहीं कह सकते हैं, लेकिन इतना जरूर है कि उनकी पार्टी की सभी सीटों पर जीत दर्ज कराने के लिए पूरी तैयारी है। जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा होते ही पूरी ताकत झोंक देंगे।