Mohali: AIG आशीष कपूर के घर विजिलेंस की रेड, सुबह पहुंची टीम, तीन घंटे तक पूरे घर को खंगाला
विजिलेंस कुछ शिकायतों को लेकर एआईजी की जांच कर रही है। इसी कड़ी में टीम गुरुवार सुबह उनके घर पहुंची थी। यह घर उन्होंने कुछ समय पहले ही बनाया है। इसकी लोकेशन काफी अहम है।
विस्तार
आय से अधिक संपत्ति की शिकायतों के बाद विजिलेंस ने गुरुवार को पंजाब पुलिस के एआईजी आशीष कपूर के निवास पर दबिश दी। विजिलेंस की टीम ने गुरुवार को मोहाली के सेक्टर 88 स्थित उनकी कोठी की पैमाइश और वीडियोग्राफी की। इस दौरान कोठी में लगे कीमती सामान और अन्य वस्तुओं का भी आकंलन किया गया।
वीडियोग्राफी के बाद विजिलेंस अपने स्तर पर इसका मूल्यांकन भी करवाएगी कि कोठी में कितना खर्च आया। सूत्रों के मुताबिक कोठी निर्माण में लगी रकम का कपूर के बैंक खातों से मिलान किया जाएगा। हालांकि कपूर इस पूरे मामले में पाक साफ बाहर आने की बात कह रहे हैं। उन्होंने विजिलेंस जांच में टीम का सहयोग भी किया।
विजिलेंस ने एक दिन पहले आशीष कपूर का नोटिस जारी कर यह आगाह कर दिया था कि वे सर्च के दौरान अपने घर पर मौजूद रहें। लिहाजा नोटिस मिलने के बाद कपूर अपने घर पर मौजूद रहे। विजिलेंस की टीम में 14 सदस्य शामिल थे, जो तीन घंटे तक कपूर के घर पर मौजूद रही।
मैं पूरी तरह से पाक साफ हूं। कई मामलों की पोल खोली है। इस वजह से कुछ लोग खफा है। जांच के बाद सब कुछ सामने आ जाएगा। आशीष कपूर, एआईजी।
विवादों से रहा है नाता, बेहतरीन टेनिस खिलाड़ी भी हैं
आशीष कपूर काफी समय तक विजिलेंस में बतौर एसएसपी तैनात रहे हैं। कुछ दिन पहले ही उनका तबादला पठानकोट किया गया था। वह टेनिस के खिलाड़ी हैं। वर्ल्ड पुलिस गेम्स में कई बार पंजाब पुलिस का नाम रोशन कर चुके हैं। हालांकि विवादों भी रहे हैं। एक महिला ने उन पर कुछ समय पहले गंभीर आरोप लगाए थे। इसके अलावा कई अन्य मामलों में उन पर सवाल उठते रहे हैं।