मोहाली। फेज-10 में रेस्टोरेंट चला रहे दंपती ने जब खाने का बना 1500 रुपये बिल मांगा तो तीन लोगों ने उनके साथ मारपीट की। इस मारपीट में पत्नी बुरी तरह जख्मी हो गई, इससे काफी खून बहने लगा। इसके बाद पति ने उसे फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जांच में पता लगा कि घायल के माथे पर पांच टांके लगे हैं। उसके कहने पर डॉक्टर ने संबंधित थाना पुलिस को पूरी घटना की सूचना दे दी, जिस पर पुलिसकर्मी ने घायल के बयान दर्ज कर हमलावरों की जांच शुरू कर दी है।
खरड़ निवासी हरप्रीत कौर ने बताया कि वह फेज-10 में अपने पति तरुण भारद्वाज के साथ एक रेस्टोरेंट चलाती हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े नो बजे जब वह और पति नौकर समेत रेस्टोरेंट पर मौजूद थे। तभी वहां उनकी दुकान पर पांच व्यक्ति कार में बैठ कर आए, साथ ही उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उन सभी ने शराब पी हुई थी। वह कार में ही बैठकर ऑर्डर कर रहे थे। जब उन्होंने खाना खा लिया और बिल देने के समय वह बहाने बनाने लगा, और कुछ देर बाद बिल देने से मना ही कर दिया। इस पर जब महिला ने उनकी वीडियो पुलिस को दिखाने की धमकी दी। इसके बाद पांच में से एक व्यक्ति कार से रॉड लेकर आया और महिला के हाथ से फोन छीन कर उसके सिर पर वार किया। इससे उसके सिर से काफी खून बहने लगा, जब पति बचाने के लिए बीच में गया तो बाकी दो व्यक्ति ने उसे नीचे गिरा के पैर से पीटा। बाद में आस-पास लोगों की भीड़ जमा होने पर सभी हमलावर वहां से भाग निकले। बाद में उसने पत्नी को फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।