गायक औजला के काफिले में शामिल गाड़ी मालिकों पर गिरेगी गाज, ट्रैफिक नियमों की उड़ाई थी धज्जियां
पंजाबी सिंगर करण औजला और उनके प्रशंसकों की ओर से एयरपोर्ट रोड पर शुक्रवार को जमकर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाई गई थी। इस मामले में जिला पुलिस की जांच तेज हो गई है। पुलिस ने 8 गाड़ियों की पहचान कर ली है, जो कि उस काफिले में शामिल थीं। इन्होंने ही सबसे ज्यादा ट्रैफिक नियम तोड़े थे।
इसके साथ ही अब जिला पुलिस उक्त लोगों के चालान करने जा रही है। वहीं, इस संबंधी रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी है। डीएसपी ट्रैफिक गुर इकबाल सिंह ने इसकी पुष्टि कर बताया कि ट्रैफिक नियमों को तोड़ने का अधिकार किसी को भी नहीं है। शहर में सब जगह कैमरे लगे हुए हैं। प्रत्येक व्यक्ति पर कैमरे से नजर रखी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को जैसे ही यह मामला सामने आया था तो जिला पुलिस हरकत में आ गई थी। पुलिस ने अलग-अलग जगह लाइट प्वाइंटों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली थी। इसमें 8 गाड़ियों की पहचान हो गई। इसमें 3 गाड़ियां चंडीगढ़, 3 पंजाब, 1 यूपी और 1 राजस्थान की है।
इनका एड्रेस और पूरी जानकारी पुलिस ने खंगाल लिया है। अब पुलिस उक्त लोगों के पते पर चालान भेजने जा रही है। वहीं इस संबंधी फाइल उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। बता दें कि शुक्रवार को सिंगर करण औजला कनाडा से वापस लौटे थे। उनके आने की खबर जैसे ही उनके प्रशंसकों तक पहुंची तो वह काफी संख्या में गाड़ियों में सवार होकर एयरपोर्ट पहुंच गए थे।
इसके बाद करण की गाड़ी जैसे ही आगे बढ़ी। प्रशंसक उनके काफिले में जुड़ते ही चले गए। एयरपोर्ट रोड पर लग रहा था कि मानो कोई रैली चल रही है। इतना ही नहीं सिंगर खुद भी गाड़ी में खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। वहीं, उनके समर्थक कारों की खिड़कियों से निकलकर पोस्टर दिखा रहे थे। इसके अलावा कुछ रफ्तार और हॉर्न बजाकर हुड़दंग कर रहे थे। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही थी। इसके बाद यह मामला पुलिस तक पहुंचा था। पुलिस शुरू से ही मामले की जांच में जुट गई थी। इलाके के कैमरे खंगाले गए हैं।