मोहाली। आईटी सिटी थाना क्षेत्र के गांव कंडाला के एक गोदाम से एसी की पाइप चोरी करते एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।गोदाम मालिक और चौकीदार ने आरोपी को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फेज-9 इंडस्ट्रियल एरिया मोहाली निवासी सुशांत कुमार नायक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन में ठेकेदारी करते हैं। मई 2025 में उन्होंने गांव कंडाला में एक गोदाम के निर्माण का ठेका लिया था। गोदाम में एसी की पाइपलाइन सहित अन्य निर्माण कार्य चल रहा है।
उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उनके चौकीदार अरविंद का फोन आया कि एक युवक गोदाम में घुसकर एसी की पाइपें काट रहा है। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे और चौकीदार की मदद से आरोपी को पकड़ लिया। उस समय आरोपी एसी की पाइप और तार काट रहा था। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आलम निवासी गांव बरैल, सेक्टर-45 चंडीगढ़ बताया। वह फिलहाल गांव कंडाला में झुग्गियों के पास रह रहा था। शिकायतकर्ता के अनुसार इस गोदाम में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है। आरोपी ने इस बार भी एसी की पाइपें काटकर चोरी करने की कोशिश की थी। इसके बाद आरोपी को चोरी किए सामान सहित पुलिस के हवाले कर दिया गया। आईटी सिटी थाना पुलिस ने आरोपी आलम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। संवाद