{"_id":"682de1fce52900ff3b00ce42","slug":"water-released-from-bhakra-dam-to-haryana-punjab-and-rajasthan-meeting-again-on-31st-ropar-news-c-16-1-pkl1079-715672-2025-05-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ludhiana News: भाखड़ा बांध से हरियाणा, पंजाब और राजस्थान को छोड़ा पानी, 31 को फिर बैठक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ludhiana News: भाखड़ा बांध से हरियाणा, पंजाब और राजस्थान को छोड़ा पानी, 31 को फिर बैठक
विज्ञापन
विज्ञापन
भाखड़ा बांध से हरियाणा, पंजाब और राजस्थान को छोड़ा पानी, 31 को फिर बैठक
-तीनों राज्यों को उनकी मांग के अनुसार 31 मई तक मिलेगा पानी, इसके बाद फिर होगा मंथन
-हरियाणा को 100 क्यूसेक प्रति घंटा पानी की सप्लाई, पंजाब तीन हजार क्यूसेक करेगा इस्तेमाल
-21 से 31 मई तक हरियाणा ने 10,300, राजस्थान ने 12,400 और पंजाब ने 17 हजार क्यूसेक पानी मिलेगा
अमर उजाला ब्यूरो/संवाद
चंडीगढ़/नंगल।
लंबे समय से जारी जल विवाद के बीच 21 मई को नया सर्कल शुरू होते ही भाखड़ा-ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) ने बुधवार को भाखड़ा बांध की मेन लाइन से पंजाब, हरियाणा और राजस्थान को पानी छोड़ दिया।
बुधवार दोपहर एक बजे बांध के गेट खोले गए। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी इस दौरान मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि हरियाणा को 100 क्यूसेक प्रति घंटा के हिसाब से पानी छोड़ा गया है। अभी तक पंजाब भाखड़ा मेन लाइन (बीएमएल) से 230 से 240 क्यूसेक प्रति घंटा ही पानी इस्तेमाल करता था। अब पंजाब अपने हिस्से का तीन हजार क्यूसेक पानी इस्तेमाल करेगा। उल्लेखनीय है कि 15 मई की बैठक में 21 से 31 मई के लिए हरियाणा ने 10,300 क्यूसेक, राजस्थान ने 12,400 क्यूसेक और पंजाब ने 17 हजार क्यूसेक पानी मांगा था। बीबीएमबी के अधिकारियों ने कहा कि तीनों राज्यों को उनकी मांग के 31 मई तक पानी दिया जाएगा। बीबीएमबी ने 31 मई को दोबारा बैठक बुलाई है, जिसमें एक जून से तीनों राज्यों को पानी देने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
विज्ञापन
भाखड़ा मेन लाइन से गुजरने वाले पानी की कुल क्षमता 1200 क्यूसेक हैं। भाखड़ा डैम की कुल क्षमता 11,200 क्यूसेक है। इस बीच जब भाखड़ा मेन लाइन से पानी छोड़ा गया, तो हरियाणा ने यह दावा किया कि उन्हें 9,325 क्यूसेक पानी ही मिल रहा है। इस पर बीबीएमबी के अधिकारियों ने बताया कि बांध और बीएमएल की क्षमता को देखते हुए पानी के बहाव को कंट्रोल करना जरूरी होता है। तय फैसले के अनुसार पानी पूरा दिया जाएगा।
विज्ञापन
बीबीएमबी को दिए 32 करोड़ ब्याज सहित 143 करोड़ हुए, इसे वसूल करेंगे : मान
भाखड़ा बांध पर पानी को लेकर चल रहे मोर्चे में सीएम मान ने कहा कि बीबीएमबी पंजाब के लिए सफेद हाथी बन चुका है। बीते सर्कल में हरियाणा का 15.06 लाख क्यूसेक पानी का कोटा तय था। हरियाणा ने 16.48 लाख क्यूसेक यानी तय कोटे से बढ़कर एक लाख 42 हजार क्यूसेक पानी का प्रयोग किया। सीएम ने कहा कि जब से बीबीएमबी बना है, तब से पंजाब अपने हिस्से से करोड़ों रुपये दे चुका है। हरियाणा और राजस्थान अपने हिस्से का बीबीएमबी को पैसा नहीं देते हैं। सीएम ने कहा कि अब तक बीबीएमबी को 32 करोड़ रुपये दिए गए हैं, ब्याज सहित यह राशि 143 करोड़ रुपये हो चुकी है। सीएम ने कहा कि अब वे इस पैसे को वसूल करेंगे। आने वाले दिनों में बीबीएमबी अब खर्च के लिए पंजाब से जो पैसा मांगेगा, उस 143 करोड़ रुपये में से अपने हिस्से की देनदारी कटवाई जाएगी।
समझौते के अनुसार राज्यों को कितना पानी
भाखड़ा-नंगल एग्रीमेंट-1966 के अनुसार सतलुज से पंजाब को 57.88 प्रतिशत, हरियाणा को 32.31 और राजस्थान को 9.81 प्रतिशत पानी मिलता है। वहीं रावी-ब्यास एग्रीमेंट-1982 के तहत राजस्थान को 49, पंजाब को 30 और हरियाणा को 21 प्रतिशत पानी मिलता है।