पंजाब: चन्नी के भाषण में दिखी सादगी, सिद्धू बोले- मैंने कभी कुछ नहीं मांगा, ताकत मिली तो माफियाओं को खत्म कर दूंगा
नवजोत सिंह सिद्धू ने रविवार को लुधियाना में पार्टी की वर्चुअल रैली में कांग्रेस व राहुल गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मैंने कभी कोई पद नहीं मांगा। नहीं किसी पद की लालसा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रैली में राहुल गांधी ने अपने भाषण में सभी को पिरोने की कोशिश की। वहीं पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू के भाषण में कहीं न कहीं ‘मैं’ झलकता रहा। हालांकि पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पूरे भाषण में सादगी दिखाई और पंजाब में 111 दिन की सरकार का ब्योरा दिया और लोगों तक पहुंच बनाने की बात कही। हालांकि सिद्धू ने अपने शायराना अंदाज को भी बरकरार रखा और राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस की तरीफों के पुल बांधे।
चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पार्टी जिसे भी सीएम चेहरा घोषित करेगी, वह दिन रात जुटकर सरकार बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने अपने भाषण में पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की भी तारीफ की। चन्नी ने कहा कि पंजाब के किसान दिल्ली की सीमा पर धरना देकर बैठे रहे। 700 किसान शहीद हो गए और वह लोग किस मुंह से पंजाब में वोट मांग रहे हैं।
भाजपा-अकाली दल और आप पर निशाना साधा और कहा कि उन्होंने 111 दिन में पंजाब के लोगों के लिए काफी काम किया है। अगर पंजाब की जनता पांच साल पूरे देती है तो पंजाब का नक्शा बदल दिया जाएगा। चन्नी ने कहा कि वह अब तक बेदाग रहे हैं। 40 साल के राजनीतिक कॅरिअर में उन पर किसी ने अंगुली नहीं उठाई।
वह गलत होते तो उन्हें कैप्टन अमरिंदर सिंह ही मार देते। वह साढ़े 4 साल तक मेरे पीछे पड़े रहे। हमने मिलकर उन्हें हटवाया। अच्छे फैसले लेने की वजह से सब उनके पीछे पड़े हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह और भगवंत मान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की शराब चार बजे और भगवंत मान की शराब छह बजे शुरू हो जाती है। जिसके बाद इन्हें कुछ समझ में नहीं आता।
सिद्धू ने खुद को अरबी घोड़ा बता मांगी ताकत
नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी बात रखी और पूरे भाषण में खुद के बारे में बोलते रहे। हालांकि उन्होंने कहा कि वह पंजाब के लिए लड़ते हैं और पंजाब के सबसे बड़े आशिक हैं। पंजाब उनके दिल में बसता है। उन्हें किसी पद की लालसा नहीं है, मगर उन्होंने अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी से यह तक कह दिया कि उन्हें दर्शनी घोड़ा न बनाया जाए। वह पंजाब के लिए रखी जा रही नींव का पहला पत्थर बनने के लिए तैयार हैं।
सिद्धू ने कहा कि मैंने कभी किसी से कुछ नहीं मांगा। अगर मुझे फैसले लेने की ताकत मिली तो पंजाब से माफियाओं को खत्म कर दूंगा। मुझे सीएम चेहरा न बनाया तो जिसे बनाया जाएगा, उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ देंगे। हालांकि सिद्धू ने इस दौरान संकेत में खुद को अरबी घोड़ा कहकर हाईकमान को खुद को नजरअंदाज न करने की चेतावनी भी दी।
सिद्धू ने कांग्रेस की तारीफ करते हुए कहा कि वह 13 साल तक भाजपा में रहे लेकिन उनसे सिर्फ प्रचार का काम लिया गया। कांग्रेस ने सिर्फ चार साल में उन्हें पंजाब कांग्रेस का प्रधान बना दिया। सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी खूब कोसा और चरणजीत चन्नी को पंजाब में अनुसूचित जाति वर्ग से सीएम बनाने के लिए राहुल गांधी की तारीफ की।
पहले ही लग चुके थे चन्नी के होर्डिंग
वर्चुअल रैली वाली जगह पर चरणजीत सिंह चन्नी के होर्डिंग पहले ही लग चुके थे। इनमें पगड़ी बांधे राहुल गांधी और चरणजीत सिंह चन्नी को एक साथ दिखाया गया था। वहीं नवजोत सिंह सिद्धू की तस्वीर को पार्टी के बाकी नेताओं के साथ किनारे पर काफी कम जगह दी गई। यूथ कांग्रेस ने शनिवार को देर रात राहुल गांधी के साथ चरणजीत सिंह चन्नी की तस्वीर वाली होर्डिंग लगा दिए थे।