लुधियाना: लोक इंसाफ पार्टी ने किया प्रदर्शन, दुष्कर्म का केस दर्ज कराने वाली महिला के साथ समर्थकों ने की हाथापाई
लुधियाना में शुक्रवार को लोक इंसाफ पार्टी ने प्रदर्शन किया। समर्थकों ने सुखबीर बादल और एडवोकेट हरीष राय ढांडा का पुतला फूंका। इस दौरान पार्टी समर्थकों पर विधायक बैंस पर दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाने वाली महिला के साथ हाथापाई का भी आरोप लगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लोक इंसाफ पार्टी (लिप) प्रमुख सिमरजीत सिंह बैंस के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत देने वाली महिला द्वारा शिकायत वापस लेने के बाद माहौल गरमा गया है। शुक्रवार को लिप समर्थकों ने अकाली प्रत्याशी एडवोकेट हरीष राय ढांडा और सुखबीर बादल के खिलाफ रोष मार्च निकालते भाई वाला चौक पहुंचे। यहां पर पुतला फूंकने के बाद जमकर नारेबाजी की।
वहीं विधायक बैंस पर केस दर्ज करवाने वाली पीड़िता अपने बेटे के साथ विरोध जताने पहुंच गई। इस दौरान लिप समर्थक कुछ महिलाएं पीड़िता के पास पहुंच गई और उससे हाथापाई शुरू कर दी। एक महिला समर्थक ने पानी की बोतल पीड़िता पर दे मारी। पुलिस ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाने के लिए लिप समर्थकों को दूर किया। इसके बाद पुलिस लिप समर्थकों को हिरासत में लेकर चली गई।
पीड़िता का साफ कहना है कि मामला दर्ज होने के बावजूद बैंस को गिरफ्तार नहीं करना पुलिस अधिकारियों की एक साजिश है। हरीष ढांडा ने कहा कि आखिरकार कब तक पुलिस बैंस को बचाएगी, जब तक वह उसे जेल नहीं पहुंचा देते वह चैन से नहीं बैठेंगे।
लुधियाना निवासी एक महिला ने विधायक बैंस सहित कुछ अन्य लोगों पर उसके साथ दुष्कर्म करने की शिकायत पुलिस को दी थी। पुलिस ने इस मामले को जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में डाल कर रखा। आखिरकार पीड़िता ने अदालत में याचिका दायर की इसके बाद विधायक बैंस समेत छह आरोपियों पर अदालत के आदेश पर मामला दर्ज हुआ था। इस दौरान एक अन्य पीड़िता ने भी पुलिस को शिकायत दी कि उसके साथ भी विधायक बैंस ने दुष्कर्म किया है।
बुधवार को पीड़िता ने यह कहते अपनी शिकायत को वापस ले लिया कि उसे कांग्रेस नेता कंवलजीत कड़़वल और शिअद नेता ढांडा ने ब्लैकमेल कर आगे किया था। अब वह अपनी शिकायत वापस ले रही है। इसके बाद लिप नेताओं ने हरीष राय ढांडा के खिलाफ अपना मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को लिप समर्थक सुखबीर बादल और हरीष राय ढांडा का पुतला फूंकने भाईवाल चौक पहुंचे। उसी समय दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाने वाली महिला अपने बेटे के साथ बैंस का विरोध करने पहुंच गई।
हरीष राय ढांडा ने कहा कि पुलिस जांच के नाम पर चार माह तक मामला लटकाती रही है, जबकि दुष्कर्म के आरोपी खुल्लेआम घूम रहे है। मामला दर्ज करने वाली पीड़िता के पिता को पहले कार से टक्कर मार मारने का प्रयास किया गया, उसका सहयोग करने वाले और बेटे पर अंबाला में एक झूठा मामला दर्ज करवाया गया। उसे मामला वापस लेने के लिए धमकाया गया।
वह हैरान है कि अदालत के आदेश पर मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार क्यों नहीं कर रही है। हाईकोर्ट में उनकी याचिका पर सुनवाई के दौरान अदालत दो बार पुलिस से कार्रवाई की रिपोर्ट मांग चुकी है। अब सुनवाई कर रहे जज का तबादला होने के कारण दोबारा बेंच नहीं बनी है लेकिन अब वह इस केस से पीछे नहीं हटेंगे। जब तक विधायक बैंस को जेल नहीं पहुंचा देते चाहे उन्हें सुप्रीम कोर्ट की शरण में क्यों न जाना पड़े।