किसी को प्यार मत करना: बाॅडी बिल्डर को प्यार में मिला धोखा... सोशल मीडिया पर लाइव होकर उठाया खतरनाक कदम
मुल्लांपुर गांव का पवनप्रीत सिंह बॉडी बिल्डर और बाउंसर है। पिछले 10 साल से वह एक युवती के साथ प्यार में था और दोनों ने शादी करने का फैसला किया था। पवनप्रीत के खिलाफ 2023 में थाना दाखा की पुलिस ने नशा बरामदगी का केस दर्ज किया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोई किसी को प्यार मत करना मैंने किया था और आज मुझे मरना पड़ रहा है, अलविदा। सोशल मीडिया पर लाइव होकर युवा बॉडी बिल्डर और बाउंसर पवनप्रीत सिंह ने सल्फास की पूरी बोतल पी ली। प्यार में चोट खाया पवनप्रीत सिंह अब जिंदगी-मौत के बीच झूल रहा है। सल्फास पीने के बाद भी उसकी सांसें चल रही हैं और उसे बचाने की कोशिश में परिजन उसे पीजीआई चंडीगढ़ ले जा रहे हैं।
थाना सुधार के एक गांव में शनिवार को युवक ने युवती के घर के सामने बाॅडी बिल्डर ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर सल्फास पी लिया। लाइव खुदकुशी की कोशिश देखने वाले हैरान हैं। घटना की सूचना मिलते ही गांव के युवा सरपंच ने पवनप्रीत को कस्बा सुधार के प्राइवेट अस्पताल पहुंचा दिया जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे लुधियाना के डीएमसी अस्पताल ले जाया गया। अब वहां से भी उसे पीजीआई चंडीगढ़ शिफ्ट किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: जज नोटकांड में फैसला: सीबीआई कोर्ट से पूर्व जस्टिस निर्मल यादव सहित सभी आरोपी बरी, 16 साल पुराना है मामला
दस साल से प्रेम में थे दोनों
मुल्लांपुर गांव का पवनप्रीत सिंह बॉडी बिल्डर और बाउंसर है। पिछले 10 साल से वह एक युवती के साथ प्यार में था और दोनों ने शादी करने का फैसला किया थाञ। पवनप्रीत के खिलाफ 2023 में थाना दाखा की पुलिस ने नशा बरामदगी का केस दर्ज किया था। इसके बाद दाखा पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। इस घटना के बाद उसकी प्रेमिका ने पवनप्रीत से मुंह मोड़ लिया। करीब 6 महीने पहले पवनप्रीत सिंह जमानत पर जेल से बाहर आ गया और उसने प्रेमिका से मिलने और शादी करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती का परिवार इसके सख्त खिलाफ हो गया और खुद पवनप्रीत की प्रेमिका ने भी शादी से साफ इंकार कर दिया।
युवती ने दिया ये तर्क
युवती का कहना था कि अगर उसे अदालत से सजा मिल गई तो दोनों की जिंदगी बरबाद हो जाएगी। 27 मार्च को पवनप्रीत अपने परिवार के साथ शादी का प्रस्ताव लेकर युवती के घर आ गया। युवती और उसके परिजनों ने शादी से साफ इंकार कर दिया तो पवनप्रीत निराश होकर लौट गया। शनिवार सुबह पवनप्रीत अपनी स्कार्पियो कार में अकेला युवती के गांव आया, लेकिन किसी ने उसे अंदर दाखिल नहीं होने दिया। पवनप्रीत ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर कहा कि कोई किसी को प्यार मत करना मैंने किया था और आज मुझे मरना पड़ रहा है ''अलविदा''।
इसी दौरान पवनप्रीत ने युवती के साथ अपनी फोटो और कुछ आपत्तिजनक वीडियो भी वायरल कर दी। सोशल मीडिया पर ये बातें कहने के बाद पवनप्रीत ने लाइव पूरी बोतल सल्फास पी ली और देखते देखते दर्द से तड़पने लगा। युवती के घर के आसपास इकट्ठा हुए लोग तमाशबीन बने रहे लेकिन किसी ने हिम्मत नहीं की। गांव के युवा सरपंच ने मौके पर पहुंच थाना सुधार के प्रभारी जसविंदर सिंह को सूचित करने के साथ पवनप्रीत को उसी की कार में कस्बा सुधार के प्राइवेट अस्पताल पहुंचा दिया।
थाना सुधार के प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि पवनप्रीत की हालत नाजुक है। उसे इलाज के लिए पीजीआई अस्पताल चंडीगढ़ ले जाया जा रहा है। पवनप्रीत के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और सोशल मीडिया पर इस घटना की जो जानकारी उपलब्ध है उसकी जांच की जा रही है। अभी किसी भी तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत मिली तो कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।