पंजाब : लुधियाना में सरकारी स्कूल के 10 अध्यापक मिले कोरोना पॉजिटिव
लुधियाना के गांव गालिब कलां के सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को दस अध्यापक कोरोना संक्रमित मिले। इससे स्कूल में दहशत का माहौल है। स्कूल में मौजूदा समय में लगभग दो सौ छात्र पढ़ते हैं। बता दें कि कुछ दिन पहले स्कूल की एक अध्यापिका कोरोना संक्रमित मिली थीं।
इसके बाद स्कूल प्रिंसिपल सोहन सिंह ने बाकी 19 अध्यापकों को कोरोना टेस्ट करवाने को कहा था। सोमवार देर रात आई रिपोर्ट में दस अध्यापक कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसकी पुष्टि कोविड-19 नोडल अफसर डॉ. संगीना गर्ग ने की।
प्रिंसिपल सोहन सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके स्कूल की एक अध्यापिका कोरोना संक्रमित आई थी। इसके बाद करीब 19 अध्यापकों ने अपना कोरोना टेस्ट करवाया था। इसमें से नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनकी रिपोर्ट बनाकर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी के पास भेज दी है। ताकी वे इस मामले में आगे फैसला लें।
वहीं, कोरोना संक्रमित अध्यापकों को एकांतवास में भेज दिया गया है। स्कूल में छात्रों की पढ़ाई आगे जारी रहेगी, इस दौरान कोरोना नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा।
जिला शिक्षा अधिकारी राजिंदर कौर ने बताया कि स्कूल प्रिंसिपल ने इस मामले की जानकारी उन्हें दे दी है। स्कूल में कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जा रहा हैै। स्कूल को आगे चलाने के लिए खुद प्रिंसिपल अपने स्तर पर फैसला ले सकते हैं।
एमएमओ डॉ. मनदीप कौर ने बताया कि बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूल में जांच करने के लिए आएगी। जितने अध्यापक कोरोना संक्रमित पाए गए है, उन्हें कोरोना किट्स दी जाएगी, ताकि वे अपना ख्याल रख सकें।