फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Jalandhar News ›   punjab election 2022 Certificate given to first time voters in Jalandhar

Punjab Election 2022: बुजुर्गों व युवाओं ने दिखाया उत्साह तो पोलिंग बूथों पर मिला खास तोहफा, शादी से पहले दूल्हा-दुल्हन वोट डालने पहुंचे

Sun, 20 Feb 2022 06:28 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, जालंधर(पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, जालंधर(पंजाब) Published by: भूपेंद्र सिंह Updated Sun, 20 Feb 2022 06:28 PM IST
सार

पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाओं में उत्साह देखने को मिला। वहीं जालंधर में वोटरों को मतदान के प्रति प्रेरित करने के लिए जिला प्रसाशन ने उनको सम्मानित किया। 

विज्ञापन
punjab election 2022 Certificate given to first time voters in Jalandhar
पंजाब चुनाव 2022: पहली बार मतदान करने वालों को मिले प्रमाणपत्र, बुजुर्गों को जिला प्रशासन ने दिए पौधे - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी

विस्तार

पंजाब के जालंधर में नौजवान पीढ़ी को वोट करने के प्रति उत्साहित करने के लिए डिप्टी कमिश्नर, कम जिला चुनाव अधिकारी घनश्याम थोरी ने उनका सम्मान किया। मतदाताओं को प्रमाणपत्र दिए गए। उन्होंने पहली बार वोट देने वाले वोटरों को सम्मानित करने के अतिरिक्त बूथ पर मौजूद वालंटियरों के साथ बातचीत करते हुए उनको अपनी ड्यूटी निभाने की बात कही।

विज्ञापन


डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिले में वोटिंग को उचित, स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग के साथ पूरा करने के लिए प्रशासन की तरफ से 20,000 से अधिक सिविल और पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जिनमें पोलिंग स्टाफ, आर ओज के साथ तैनात स्टाफ, निगरान टीमों के मेंबर और पुलिस कर्मचारी शामिल है। जिले के सभी 1975 पोलिंग बूथों पर 100 प्रतिशत वेब कास्टिंग की। किसी भी किस्म की शक्की गतिविधि की रिपोर्ट करने के लिए सभी पोलिंग लोकेशनो पर माइक्रो आर्ब्जवर तैनात किए गए।
विज्ञापन


बुजुर्ग वोटरों को जिला प्रशासन ने दिए पौधे, बुर्जुगों ने कहा धन्यवाद
जालंधर के एचएमवी कॉलेज में स्थापित सुपर माडल पोलिंग स्टेशन का दौरा करते हुए  डिप्टी कमिशनर कम जिला चुनाव अधिकारी घनश्याम थोरी ने वोट करने आए बुजुर्ग मतदाताओं को पौधे देकर उनका सम्मान किया। बुर्जुगों ने डीसी के इस प्रयास के लिए उनका धन्यवाद किया। एचएमवी कॉलेज में रंग बिरंगे ग़ुब्बारों, स्लोगन और अन्य सामग्री के साथ सजाए गए सुपर माडल बूथ में वोट देने आए वोटरों का स्वागत लाइव शेरा के साथ ढोल बजा कर किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


डिप्टी कमिशनर ने वोटरों से बातचीत की और उन्हें किसी तरह से होने वाली असुविधा के बारे में जाना। इसके अतिरिक्त एचएमवी में बने इस सुपर माडल पोलिंग बूथ में नेल आर्ट और सेल्फी कार्नर युवाओं वोटरों में आकर्षण का केंद्र रहे। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि सुपर माडल पोलिंग बूथ का उद्देश्य वोटिंग को उत्साहित करना है।

सुपर माडल पोलिंग बूथ में इंतजार घर, सहायता बूथ, पेय पदार्थों का प्रबंध, बोतल क्रशिंग मशीन, पीडब्ल्यूडी और बुजुर्ग वोटरों के लिए गोल्फ कोर्ट, व्हील चेयर, वोट देने के लिए टोकन प्रणाली, वेरका बूथ, रेड कारपेट, एलईडी स्क्रीन का विशेष प्रबंध किया गया था।

फेरों से पहले लोकतंत्र का फर्ज निभाया
पटियाला में रविवार को विधानसभा चुनाव होने के साथ-साथ शादी के लिए भी शुभ मुहूर्त था। ऐसे में जिले में तीन दूल्हे बारात ले जाने से पहले मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचे, वहीं एक दुल्हन विदाई से पहले अपना वोट डालने पहुंची। शादी की रस्म निभाने से पहले इन युवाओं ने मतदान का महत्व समझते हुए लोकतंत्र के प्रति अपने फर्ज को निभाया। पटियाला के सरकारी स्टेट कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बने पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंची मनसिमरन कौर ने बताया कि घर में उसकी शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 

मेहमानों का तांता लगा है। ऐसे में घर से वोट डालने के लिए निकलना आसान नहीं था लेकिन वह एक जागरुक नागरिक होने के नाते मतदान का महत्व जानती हैं। वह वोट डालकर काफी खुश है और बाकी लोगों को भी आगे आकर वोट डालने की अपील करती हैं। विधानसभा हलका नाभा के गांव सुधेवाल में दुल्हे किरत सिंह ने शादी की रस्मों के बीच समय निकाला और परिवार के साथ जाकर मतदान किया। उसके बाद ही वह बारात लेकर शादी करने गया। किरत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर नागरिक का फर्ज बनता है कि वह अपने मत का प्रयोग करे। 

इसी तरह से हलका नाभा के ही गांव अलहौर के दूल्हा हरभजन सिंह ने बारात ले जाने से पहले परिवार समेत पोलिंग बूथ पर जाकर वोट डाला। हरभजन सिंह ने कहा कि पंजाब के लिए एक अच्छी और मजबूत सरकार चुनने का यह एक सुनहरी मौका है, जिसे किसी भी नागरिक को नहीं छोड़ना चाहिए। मतदान से ही लोकतंत्र मजबूत होता है। हलका घन्नौर के गांव बल्लोपुर में दूल्हा भुपिंदर सिंह वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ पहुंचे। उन्होंने कहा कि इसके बाद ही वह सात फेरे लेंगे।

फिरोजपुर: घोड़ी चढ़ने से पहले तीन दूल्हों ने किया मतदान
घोड़ी चढ़ने से पहले तीन दूल्हों ने मतदान कर अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उक्त दूल्हों ने लोगों से सभी कार्य छोड़कर पहले मतदान करने की अपील की। फिरोजपुर के खाई वाला अड्डा पासू पर बने बूथ पर एक दूल्हा घोड़ी चढ़ने से पहले अपने परिवार संग पोलिंग बूथ पर मतदान करने पहुंचा। इसी तरह फाजिल्का के गांव दानेवाला के बूथ-134 पर दूल्हे सुरेंदर कुमार ने परिवार समेत मतदान किया और फिर बारात लेकर रवाना हुआ। इसी तरह मंडी लाधुका के गांव जैमलवाला में सुखजीत सिंह भी मतदान के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सभी को मतदान करना चाहिए, ताकि पसंद की सरकार का गठन किया जा सके।

होशियारपुर: 106 और 102 साल की बुजुर्ग महिलाओं ने डाला वोट
होशियारपुर जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में हर आयु वर्ग के मतदाताओं के साथ बुजुर्गों ने भी उत्साह दिखाया। गांव नंदन की 106 वर्षीय महिला जीओ ने बूथ 28 पर मतदान किया। इसके अलावा 102 साल की शकुंतला देवी ने बूथ 187 बैंक कॉलोनी होशियारपुर में वोट डाला। भारत निर्वाचन आयोग ने 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वोटरों को घरों में ही वोट डालने की सुविधा पोस्टल बैलेट से दी थी लेकिन इन बुजुर्ग महिलाओं ने खुद बूथों पर जाकर अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल किया। डीसी अपनीत रियात ने बुजुर्ग महिलाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि हर वोटर को अपना मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत करने में योगदान करना चाहिए।  

पिंक बूथ पर महिला वोटरों को मेहंदी लगाने की व्यवस्था 
पंजाब में पोलिंग बूथों पर नए वोटर जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे हैं, उन्हें पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया जा रहा है। इसके साथ ही दिव्यांग वोटरों को भी प्रशंसा पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया जा रहा है। सुपर मॉडल पोलिंग बूथों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। पिंक बूथ जहां सारा स्टाफ महिलाओं का ही तैनात किया गया है, पर महिला वोटरों को मेहंदी लगाने की व्यवस्था की गई है।

पोलिंग बूथों पर बने सेल्फी प्वाइंट रहे आकर्षण का केंद्र
होशियारपुर में मॉडल व पिंक बूथों को अच्छी तरह से सजाया गया था। इसके अलावा बूथों पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे। डीसी अपनीत रियात ने जिले के विभिन्न बूथों का दौरा कर चुनाव प्रक्रिया का जायजा लिया। जिला चुनाव अधिकारी ने कहा कि जिले में 625154 महिला मतदाता हैं। महिलाओं को वोट की शक्ति पहचानने का संदेश देने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में पिंक बूथ स्थापित किए गए हैं। 

अच्छी शिक्षा व रोजगार की उम्मीद के साथ युवाओं ने किया मतदान
तरनतारन में अपने भाई शुभम वर्मा के साथ पहली बार मतदान करने आईं दृष्टि ने कहा कि मैं इस उम्मीद से मतदान कर रही हूं कि गुरु नगरी के युवाओं को अच्छी शिक्षा के साथ रोजगार के अच्छे अवसर मिल सकें। इसके साथ ही अमन कानून की व्यवस्था बहाल रहे। पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे की लत ने अपनी लपेट में लेने में कसर नहीं छोड़ी। 

राज्य में जो नई सरकार बनेगी, उसे ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। इसी तरह सिमरनप्रीत व नवप्रीत कौर ने फर्स्ट टाइम वोटर के तौर पर अपने प्रत्याशी को मतदान करने के बाद चुनाव आयोग की ओर से मिले सर्टिफिकेट दिखाते हुए कहा कि एक तरफ शिक्षा के सर्टिफिकेट उनके पास है और दूसरी ओर पहली बार मतदान करने का यह सर्टिफिकेट उम्र भर के लिए किसी खजाने से कम नहीं होगा।

नवप्रीत कौर ने कहा कि अच्छी सेहत सेवा के साथ अच्छी शिक्षा, रोजगार के अवसर, कानून व्यवस्था में बेहतरी की उम्मीद करते हुए युवाओं ने वोट किया है। मनदीप कौर ने कहा कि मैं सरकार से ज्यादा उम्मीदें नहीं करती, बल्कि यहीं जरूरी है कि गुंडागर्दी को बढ़ावा न मिले। अच्छे प्रबंध होंगे, तभी युवा वर्ग प्रगति के रास्ते पर चलेगा। नमिता ने कहा कि वोट के लिए वह बहुत उत्साहित थी। वोट डालने से पहले मैंने प्रत्याशियों और पार्टियों की नीति और नीयत को बारीकी से खंगाला। चुनाव मैनिफेस्टो को फोकस किया। वोट डालकर मुझे लग रहा है कि मैंने अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से निभाई है। आकाश अरोड़ा ने कहा कि ईमानदारी से वोट डालने का मतलब ईमानदार सरकार लाना है।

बुजुर्गों को इंट्री प्वाइंटों पर मिला वालंटियरों का सहारा
रविवार को बुजुर्गों ने मतदान के लिए उत्साह दिखाया। पोलिंग बूथों के एंट्री प्वाइंटों पर पीडब्ल्यूडी वालंटियरों ने बुजुर्ग वोटरों को पहले व्हीलचेयर का सहारा दिया फिर मास्क पहनाए। इसके बाद हाथों को सैनिटाइज करवाकर बूथ तक ले गए। आशा रानी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि आने वाली नई सरकार उनके लिए सहारा बनेगी। 

कुलविंदर कौर ने कहा कि घरों में जिस तरह बुजुर्गों को सत्कार मिलता है, उसी तरह का सम्मान सरकार से मिलना चाहिए। सविता देवी ने कहा कि मतदान के दौरान जिस तरह प्रशासन बुजुर्गों को सम्मान देता है, उसी तरह का सम्मान बाकी दिनों में भी सरकारी कार्यालयों में मिलना चाहिए। निर्मला देवी ने कहा कि पहली बार बूथों को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मतदान कैसे करना है, इसकी जानकारी के लिए पोलिंग बूथों के बाहर पोस्टर लगाए गए हैं। बुजुर्ग वस्सन सिंह ने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने वाली सरकार की जरूरत है।

दिव्यांग, बुजुर्गों और फर्स्ट वोटरों में दिखा भारी उत्साह
गुरदासपुर में भी दिव्यांग, बुजुर्गों व फर्स्ट वोटरों में भारी उत्साह देखने को मिला। नीतिका ने बताया कि पहली बार वोट डालने के लिए वह बहुत उत्साहित है। आज उसे अपने हक का इस्तेमाल करने का मौका मिला है। वह ऐसी सरकार सत्ता में चाहती हैं जो बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हो और शिक्षा के लिए उचित कदम उठा सके। उन्हें पूरी उम्मीद है कि आने वाली सरकार लोकहित में फैसले लेगी।

फर्स्ट वोटर महकप्रीत कौर का कहना है कि सरकार की गलत नीतियों के कारण पंजाब में शिक्षा का ग्राफ लगातार नीचे गिरता जा रहा है। जिससे बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह से प्रभावित हो चुकी है। चुनावों के दौरान विभिन्न पार्टियां बच्चों के भविष्य को लेकर बड़े-बड़े वादे करती हैं लेकिन जब निभाने की बारी आती है तो वे भाग जाती हैं। उसे पूरी आशा है कि आने वाली सरकार बच्चों की शिक्षा को लेकर उचित कदम उठाने का प्रयास करेगी।

वहीं, 95 वर्षीय बुजुर्ग राम प्यारी का कहना है कि वह पिछले 60 वर्षों से अपने मत का इस्तेमाल करती आ रही हैं। अपने इन बीते हुए वर्षों के दौरान देखा कि कई सरकार आती हैं और चली जाती हैं लेकिन सरकारों के वादे हमेशा ही झूठे ही निकलते हैं। इस बार उन्होंने यह सोच कर मतदान किया है कि शायद आने वाली सरकार सभी वर्गों को ध्यान में रखकर फैसले लेगी। दिव्यांग हर्ष ने कहा कि देखा गया है कि सरकारें हमेशा ही दिव्यांग लोगों को अनदेखा कर देती है। जब वोट की बारी आती है तो उस समय बड़े-बड़े सपने दिखाए जाते हैं लेकिन जब जीत जाती है तो उनकी कोई भी सुध नहीं लेती है।

लुधियाना: बेटी का कन्यादान कर सीधे पोलिंग बूथ पहुंची महिला
लुधियाना में एक महिला अपनी बेटी का कन्यादान करने के बाद घर जाने के बजाय सीधे अपना वोट डालने पहुंची। बेटी की विदाई कर वह परिवार के साथ सीधे पोलिंग बूथ पर पहुंची और वोट डाल कर अपना फर्ज पूरा किया। उन्होंने कहा कि वोट डालना आवश्यक है। लाजपत नगर की रहने वाली नीता ने बताया कि शनिवार की रात को उनकी बेटी की निर्वाणा क्लब में रिंग सेरेमनी थी। रविवार की सुबह गुरुद्वारा साहिब में आनंद कारज हुआ। वह सुबह वोट नहीं डाल पाई। रविवार सुबह आनंद कारज कराने के बाद बेटी की विदाई में उन्हें शाम तक का समय लग गया। अगर घर जाती तो उन्हें समय लग जाता। वह सीधे वोट डालने पहुंची। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed