पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता: आईएसआई से जुड़े 13 आतंकी गिरफ्तार, रॉकेट लॉन्चर-आरडीएक्स बरामद
जालंधर में पकड़े गए चारों आतंकी गिरोह जालंधर में एक बड़ी वारदात की फिराक में था और इसकी तैयारियां चल रही थी। जालंधर में रॉकेट लॉन्चर से धर्मस्थल को निशाना बनाया जाना था।
विस्तार
जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस की टीम ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की एक बड़ी वारदात को नाकाम कर दिया है। अमर उजाला ने सप्ताह पहले ही खुलासा कर दिया था कि काउंटर इंटेलिजेंस के एआईजी नवजोत माहल की टीम ने ऑपरेशन कर रॉकेट लॉन्चर, आरडीएक्स बरामद कर चार आतंकियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार को पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने इसकी जानकारी साझा की है। जालंधर से आतंकी मॉड्यूल के कुल 4 आतंकियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारों पर प्रतिबंधित गतिविधियां करवा रहे थे। वहीं बटाला से 9 आतंकी पकड़े गए हैं।
यह भी पढ़ें: कनाडा में पंजाबी छात्रा की हत्या: बस स्टाॅप पर खड़ी हरसिमरत के सीने में लगी गोली, दो कार सवारों के बीच फायरिंग
गिरफ्तार आतंकियों ने कई थानों और लोगों की टारगेट किलिंग करनी थी। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। काउंटर इंटेलिजेंस की जालंधर की टीम ने खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए दो अभियानों में बब्बर खालसा इंटरनेशनल द्वारा विदेश से संचालित किए जा रहे आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ कर हथियारों का जखीरा बरामद किया है।
आरोपियों से बड़ी बरामदगी
आरोपियों से पुलिस ने 2 आरपीजी (एक लॉन्चर सहित), 2 आईईडी (2.5 किलोग्राम प्रत्येक), डेटोनेटर के साथ 2 हथगोले, रिमोट कंट्रोल के साथ 2 किलोग्राम आरडीएक्स, 5 पिस्तौल (बेरेटा और ग्लॉक), 6 मैगजीन, 44 जिंदा कारतूस, 1 वायरलेस सेट और 3 वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस ने जतिंदर सिंह हनी, जगजीत सिंह जग्गा निवासी कपूरथला व हरप्रीत सिंह और जगरूप सिंह निवासी होशियारपुर को गिरफ्तार किया है। उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है।
डीजीपी ने थपथपाई नवजोत की पीठ
काउंटर इंटेलिजेंस चीफ नवजोत माहल द्वारा आईएसआई की नापाक योजना को नाकाम करने पर डीजीपी यादव ने उसकी पीठ थपथपाई है। यह किसी से छिपा नहीं है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियां पंजाब में धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश कर रही है। अमृतसर में भी मंदिर में ग्रेनेड फेंका गया।
