Firozpur News: जेल में कैदियों तक नशा पहुंचाता था डॉक्टर, STF ने धर दबोचा
एसपी ने बताया कि ये कई नशेड़ी बंदियों को दवा के बहाने भी नशा देता था। डॉक्टर अपनी ड्यूटी जेल अस्पताल में अधिक लगवाता था। डॉक्टर का पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि पता चल सके कि इसके साथ कौन-कौन लोग मिले हैं।
विस्तार
एसटीएफ की टीम ने जेल में कैदियों व हवालातियों को नशा पहुंचाने के आरोप में जेल अस्पताल में तैनात डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से आठ ग्राम हेरोइन, 14 लाइटर, सिल्वर पेपर व जले 10 रुपये के नोट मिले हैं। एसटीएफ ने गुरुवार को आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
एसटीएफ के एसपी राजबीर सिंह ने बताया कि उनकी टीम ने जेल में बंद कैदियों व हवालातियों को नशीले पदार्थ पहुंचाने वाले डॉ. शशि भूषण को गिरफ्तार किया है। यह पिछले लगभग सात माह से सेंट्रल जेल फिरोजपुर के अस्पताल में तैनात है।
यह जेल में बंद बंदी अर्शदीप, गैंगस्टर सन्नी प्रभाकर व मामा के साथ मिलकर जेल में बंद नशेड़ी कैदियों को नशा सप्लाई करता था। इसके पास से आठ ग्राम हेरोइन, 14 लाइटर, सिल्वर पेपर व जले हुए 10 रुपये के नोट मिले हैं।
एसपी ने बताया कि ये कई नशेड़ी बंदियों को दवा के बहाने भी नशा देता था। डॉक्टर अपनी ड्यूटी जेल अस्पताल में अधिक लगवाता था। डॉक्टर का पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि पता चल सके कि इसके साथ कौन-कौन लोग मिले हैं। जेल में बहुत ही आसानी से नशा पहुंच रहा है। कई बार जेल अस्पताल की छत से गेंद में नशीले पदार्थ मिले हैं।