{"_id":"6af93a42b421ed1f380bab58","slug":"young-man-entered-home-and-stabbed-woman-and-her-family-members-in-bahraich-2026-11-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"बहराइच: छेड़खानी की प्राथमिकी दर्ज कराना पड़ा भारी, आरोपी ने घर में घुसकर युवती और परिजनों को चाकू से गोदा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बहराइच: छेड़खानी की प्राथमिकी दर्ज कराना पड़ा भारी, आरोपी ने घर में घुसकर युवती और परिजनों को चाकू से गोदा
Sun, 15 Nov 2026 10:21 AM IST
Bhupendra Singh
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
अमर उजाला नेटवर्क, बहराइच
Published by: Bhupendra Singh
Updated Sun, 15 Nov 2026 10:21 AM IST
सार
बहराइच में छह साल पुराने छेड़खानी व पॉक्सो एक्ट के मुकदमे की रंजिश में जमानत पर छूटे आरोपी अजलान ने आवाज बदलकर दरवाजा खुलवाया और घर में घुसकर शिकायतकर्ता युवती, उसकी मां और नानी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीनों महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
अस्पताल में मौजूद पुलिस, भर्ती घायल
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
बहराइच में छेड़खानी और परेशान करने की प्राथमिकी दर्ज कराने की रंजिश में एक युवक ने शनिवार देर रात युवती के घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। हमले में प्राथमिकी दर्ज कराने वाली युवती, उसकी मां और नानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
घटना शहर के दरगाह थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 11 बजे हुई। बताया जाता है कि छह साल पहले इलाके के रहने वाले अजलान के खिलाफ युवती ने छेड़खानी और परेशान करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले में आरोपी जेल भी गया था। जमानत पर छूटने के बाद वह बाहर चला गया था।
विज्ञापन
शनिवार देर रात आरोपी युवती के घर पहुंचा। उसने आवाज बदलकर दरवाजा खटखटाया। छोटी बहन ने दरवाजा खोला तो आरोपी उसे धक्का देकर घर में घुस गया। इसके बाद उसने युवती पर चाकू से हमला कर दिया। उसे बचाने दौड़ी मां और नानी को भी चाकू मारकर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी पर क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा और दरगाह थाना प्रभारी अमितेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे।
सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ छह साल पहले छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई थी। देर रात उसने घर में घुसकर युवती और उसके परिजनों पर हमला किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और उसकी तलाश की जा रही है।
