बस की टक्कर से जीप सवार की मौत, दो घायल
अबोहर। गांव बल्लूआना के नजदीक शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार बस चालक ने आगे जा रही एक जीप को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे जीप सवार व्यक्ति की मौ, हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक बस सहित फरार हो गया। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव खिप्पांवाली निवासी विक्रम पुत्र राधेकृष्ण तथा विनोद कुमार और घल्लू निवासी सोनू पुत्र ओम प्रकाश जीप में सवार होकर अपने गांव से डबवाली जा रहे थे कि जब वे बल्लूआना से 2 किलोमीटर आगे पहुंचें तो पीछे तेज गति से आ रही एक बस के चालक ने उनकी जीप में जोरदार टक्कर मार दी जिससे तीनों बुरी तरह घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डाक्टरों ने विनोद कुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि विक्रम व सोनू को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, इधर घटना के बाद से जैसे ही सवारियां बस से नीचे उतरी तो वह बस सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।