पंजाब में खुदकुशी के चार मामले: लुधियाना में दो लोगों ने दी जान, अमृतसर में दर्जी तो पटियाला में कारोबारी ने त्यागे प्राण
पंजाब के अलग-अलग जगहों पर चार लोगों ने खुदकुशी कर ली। लुधियाना में एक प्रॉपर्टी डीलर ने फंदा लगा अपनी जान दे दी तो वहीं एक महिला ने भी मौत को गले लगा लिया। पटियाला में प्रॉपर्टी विवाद से परेशान कारोबारी ने खुदकुशी कर ली। वहीं अमृतसर में परेशान एक दर्जी ने गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लुधियाना के पॉश इलाके अगर नगर में प्रॉपर्टी डीलर संजय मित्तल (49) ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। बेटे हार्दिक ने शव लटकता देख शोर मचाया और पुलिस को जानकारी दी। चौकी रघुनाथ एनक्लेव की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक संजय मित्तल मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
एक अन्य मामले में ऋषि नगर निवासी महिला ने शनिवार को चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला की पहचान सुखविंदर कौर (40) के रूप में हुई है। जांच अधिकारी के अनुसार मृतक की बेटी हर्षदीप कौर ने मां को फंदे से लटके देखा तो पिता हरजीत सिंह को सूचित किया। महिला की दो बेटियां हैं। फिलहाल फंदा लगाने का कारण पता नहीं चल पाया है।
प्रॉपर्टी विवाद से तंग कारोबारी ने की खुदकुशी
पटियाला के थाना कोतवाली के अधीन ढिल्लों कॉलोनी निवासी 40 वर्षीय एक कारोबारी ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने मामले में मृतक के छोटे भाई, उसकी पत्नी समेत चार के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया है। मृतक की पहचान रितेश गोयल के तौर पर हुई है।
कारोबारी की पत्नी मीनाक्षी गोयल ने पुलिस को बताया कि आरोपी लुकेश गोयल निवासी सुतवटा मोहल्ला उसका देवर है। बंटवारे में उसके पति रितेश गोयल के हिस्से में आई दुकान उसने लोन क्लीयर करने के लिए 35 लाख रुपये में बेच दी। यह जानकर आरोपी लुकेश भी बड़े भाई पर दवाब बनाकर 10 लाख मांगने लगा। काफी कहने पर रितेश ने आरोपी लुकेश को पैसे दे दिए। इसके बाद रितेश मानसिक तनाव में रहने लगा और उसने आदर्श ट्रेडर्स वाली दुकान की छत पर लगी ग्रिल में रस्सी से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली।
रितेश की जेब से आरोपियों के खिलाफ एक सुसाइड नोट भी मिला है। नोट व मृतक की पत्नी के बयान पर पुलिस ने लुकेश गोयल, उसकी पत्नी नवीता, नीलम गुप्ता निवासी जोड़ियां भट्ठियां व मुनीश मित्तल निवासी समाना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अमृतसर: परेशान दर्जी ने खुद को गोली मार की आत्महत्या
अमृतसर के छेहरटा इलाके में स्थित वडाली गुरु में दर्जी का काम करने वाले संदीप सिंह ने शनिवार को देर रात खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। छेहरटा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।
वडाली गुरु निवासी हरपाल सिंह ने बताया कि उसका बेटा संदीप सिंह दर्जी का काम करता है। पिछले कुछ समय से वह परेशान था। परिवार ने कई बार संदीप से उसकी परेशानी का कारण पूछा था लेकिन उसने अपने दिल की बात किसी के साथ भी साझा नहीं की। शनिवार रात संदीप खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया था।
अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज आई। पारिवारिक सदस्य गोली की आवाज सुनकर संदीप के कमरे में पहुंचे तो पाया कि संदीप खून से लथपथ जमीन पर तड़प रहा था। पारिवारिक सदस्यों ने पड़ोसियों की मदद से उसे नजदीकी निजी अस्पताल में दाखिल करवाया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।