{"_id":"6951317b37bb86cc6b002db6","slug":"aap-leader-and-village-headman-was-subjected-to-life-threatening-attack-in-halwara-of-punjab-2025-12-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Punjab: हलवारा में आप नेता व सरपंच पर जानलेवा हमला, 20 से अधिक लोगों ने पीटा; आरोपियों ने पगड़ी भी उछाली","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
Punjab: हलवारा में आप नेता व सरपंच पर जानलेवा हमला, 20 से अधिक लोगों ने पीटा; आरोपियों ने पगड़ी भी उछाली
Sun, 28 Dec 2025 07:02 PM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, हलवारा (पंजाब)
Published by: नवीन दलाल
Updated Sun, 28 Dec 2025 07:02 PM IST
सार
सरपंच के अनुसार, राजवीर सिंह उर्फ सनी, राजविंदर सिंह उर्फ गगना (दोनों सगे भाई), विशाल, जस्सा, हैप्पी सहित 12 से अधिक अज्ञात लोगों ने लोहे के पंच और मोटे लोहे के कड़ों से उन पर वार किए। गांववासियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर नहीं माने।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता
- फोटो : संवाद
विस्तार
लुधियाना जिले के हलवारा गांव में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब आम आदमी पार्टी (आप) के किसान विंग जिला प्रधान व गांव के सरपंच सुखविंदर सिंह हलवारा पर 20 से अधिक लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने सरपंच को बुरी तरह पीटा, उनकी पगड़ी उछाल दी और जान से मारने की धमकियां देकर फरार हो गए। सरपंच के हाथों व शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिवल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
घटना बाबा जीवन सिंह की याद में निकाले जा रहे नगर कीर्तन समागम के दौरान हुई। सरपंच सुखविंदर सिंह कार्यक्रम में शामिल थे जब मुख्य आरोपी सुखदेव सिंह उर्फ सुक्खा से उनका विवाद हो गया। सरपंच ने सुक्खा को सोशल मीडिया पर अमरपाल सिंह के खिलाफ गलत प्रचार और भद्दी भाषा का इस्तेमाल न करने की समझाइश दी, जिस पर वह भड़क गया। सुक्खा ने अपने साथियों को ललकारा और हमला शुरू कर दिया।
विज्ञापन
सरपंच के अनुसार, राजवीर सिंह उर्फ सनी, राजविंदर सिंह उर्फ गगना (दोनों सगे भाई), विशाल, जस्सा, हैप्पी सहित 12 से अधिक अज्ञात लोगों ने लोहे के पंच और मोटे लोहे के कड़ों से उन पर वार किए। गांववासियों ने समझाने की कोशिश की, लेकिन हमलावर नहीं माने। फरार होने से पहले आरोपियों ने दोबारा पीटने और जान से मारने की धमकी दी। सरपंच ने हमले की वजह अपनी नशे और सोशल मीडिया पर कूड़ प्रचार के खिलाफ मुहिम बताया। उन्होंने सनी और गगना पर नशे के मुकदमों में अपनी भूमिका का भी बदला लेने का आरोप लगाया। सरपंच ने हमले के पीछे कांग्रेस पार्टी के एक सीनियर नेता की शह होने का भी दावा किया।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही डीएसपी दाखा की छुट्टी पर होने से चार्ज संभाल रहे डीएसपी शिवकमल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, चश्मदीदों से बात की और थाना सुधार पहुंचकर तुरंत मुकदमा दर्ज करवाया। थाना प्रभारी गुरदीप सिंह ने बताया कि सरपंच की शिकायत पर 6 नामजद (सुखदेव सिंह सुक्खा, राजवीर सिंह सनी, राजविंदर सिंह गगना आदि) और 12 से अधिक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में दबिशें दे रही हैं, लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस जांच जारी है।