पंजाब में वारदात: शराब पीने से रोकती थी पत्नी, पति ने मार डाला, फिर खुद पुलिस को बताया
रंजीत कौर की शादी 10 साल पहले संदीप सिंह के साथ हुई थी। वह पेशे से ड्राइवर था और नशे का आदी था, इसी बात को लेकर अक्सर घर में झगड़ा रहता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के फगवाड़ा में पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर एक व्यक्ति ने कहा कि वह संदीप सिंह गांव भाखिड़याना से बोल रहा है। उसने अपनी पत्नी रंजीत कौर को गला घोंटकर मार दिया है। पुलिस हरकत में आई और रावलपिंडी पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद एसपी सर्बजीत सिंह बाहिया, डीएसपी परमजीत सिंह व थाना पुलिस मौके पर पहुंचे तो सूचना देने वाला आरोपी पति घर को ताला लगा कर फरार हो चुका था। पुलिस ने ताला खुलवाया तो देखा बाथरूम में रंजीत कौर (35) का शव पड़ा मिला। वहीं मृतका का छह साल का बेटा और तीन साल की बेटी कमरे में बंद थे। मंगलवार को रावलपिंडी पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे पूर्व सरपंच गुरदावर सिंह ने मृतका की पहचान रंजीत कौर (35) पत्नी संदीप सिंह के रूप में की। उसकी हत्या गला दबा कर की गई थी। एसपी सर्बजीत सिंह बाहिया ने बताया कि रंजीत कौर की शादी 10 साल पहले संदीप सिंह के साथ हुई थी। वह पेशे से ड्राइवर था और नशे का आदी था, इसी बात को लेकर अक्सर घर में झगड़ा रहता था। रंजीत कौर पांच साल पहले भी झगड़े के बाद अपने मायके चली गई थी। पंचायती राजीनामे के बाद संदीप सिंह उसे वापस लाया था। उनके दो बच्चे हैं।
वारदात के दिन भी उनका झगड़ा हुआ था जिसके बाद रंजीत कौर अपनी शिकायत लेकर गुरदावर सिंह के पास गई थी। इससे पहले कि वह कुछ कर पाते, घर जाकर रंजीत और संदीप का फिर विवाद हो गया। संदीप अपनी पत्नी का गला घोटकर और बच्चों को कमरे में बंद कर मौके से फरार हो गया था। रावलपिंडी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनजीत सिंह ने बताया कि आरोपी संदीप सिंह पर कत्ल का मामला दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है तथा पूछताछ की जा रही है।