कांग्रेसियों की पुलिस से झड़प: पानी की बौछारों से खदेड़ा, पंजाब मुख्य निर्वाचन कार्यालय को घेरने की थी तैयारी
पंजाब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और चंडीगढ़ पुलिस के बीच मंगलवार शाम को तीखी झड़प हो गई। सेक्टर 17 में एकत्रित हुए सैकड़ों युवा कांग्रेसियों ने जैसे ही चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास किया पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया।
विस्तार
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पंजाब के कार्यालय का घेराव करने पहुंचे पंजाब युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और चंडीगढ़ पुलिस के बीच मंगलवार शाम को तीखी झड़प हो गई। सेक्टर 17 में एकत्रित हुए सैकड़ों युवा कांग्रेसियों ने जैसे ही चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास किया पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने पर स्थिति बेकाबू हो गई, जिसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और लाठी के बल प्रयोग से कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया।
मामूली चोटें भी आईं
पुलिस कार्रवाई के दौरान कई युवा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को चोटें आईं। इस दौरान पुलिस ने यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुवम शर्मा शुम्भी, उपाध्यक्ष करणवीर सिंह ढिल्लों, महासचिव अमनिंदर सिंह बिन्नी मान, सर्वप्रीत सिंह सैवी, जसकिरत रतिया व डैनी मल्होत्रा समेत 55 नेता हिरासत में लिए। हिरासत में लिए गए नेताओं को पुलिस वाहनों में भरकर स्थानीय पुलिस स्टेशन ले जाया गया। जहां कुछ घंटों बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।