शिअद की कोर कमेटी की बैठक: लगाया आरोप- भाजपा, आरएसएस व आप एसजीपीसी पर कब्जे की रच रहे साजिश
बैठक में राजनीतिक मुद्दों के अलावा मंडियों में धान की खरीद को लेकर किसानों को आ रही समस्याओं पर भी चर्चा होगी। उपचुनाव में गिद्दड़बाहा सीट शिअद के लिए खास बताई जा रही है कि जोकि पार्टी का गढ़ रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की कोर कमेटी की बैठक में भाजपा-आप पर गंभीर आरोप लगाए गए। पार्टी के वरिष्ठ नेता डाॅ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि जिस तरह दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और हरियाणा में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी भंग करने को लेकर साजिशें रची गईं, उसी तरह अब केंद्र की भाजपा सरकार, आरएसएस और पंजाब की आम आदमी पार्टी एसजीपीसी पर कब्जे के लिए साजिशें रच रही हैं। चीमा ने कहा कि इसको लेकर उनके पास पुख्ता सबूत भी हैं।
बता दें कि शिअद सुधार लहर ने एसजीपीसी चुनाव में बीबी जागीर कौर का नाम प्रस्तावित किया है। इस पर सुधार लहर और शिअद के बीच सियासी घमासान जारी है। सियासी घमासान के बीच शिअद के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने ऑपरेशन नागपुर को हवा देते हुए एसजीपीसी चुनावों को लेकर बड़े आरोप लगाए हैं। मजीठिया ने कहा कि अब भाजपा और आप मिलकर एसजीपीसी चुनाव में बीबी जागीर कौर का समर्थन कर रहे हैं। यह आरोप बैठक के बाद मीडिया से बातचीत के दाैरान लगाए। उन्होंने कहा कि कोर कमेटी को एसजीपीसी सदस्यों से जानकारी मिली है कि आप सरकार के इशारे पर भाजपा के पदाधिकारियों के साथ-साथ पंजाब सरकार के अधिकारियों की ओर से बीबी जागीर कौर की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए उनसे संपर्क किया जा रहा है।
उपचुनावों के लिए जल्द शिअद लेगी फैसला
पंजाब की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनावों के लिए कोर कमेटी की बैठक में चर्चा हुई। कई नामों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यकारी अध्यक्ष बलविंदर सिंह भूंदड़ ने बताया कि उप-चुनावों को लेकर पार्टी जल्द ही घोषणा करेगी। लेकिन पार्टी के विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो शिअद उपचुनाव के लिए तैयार नहीं है। अगर ऐसा होता है तो यह पहली बार होगा कि जब शिअद उप चुनाव में मैदान में नहीं उतरेगी और पहली बार कोई चुनाव में अपने दावेदारी से पीछे हटेगी। दरअसल शिअद के समक्ष इस समय पार्टी कैडर को मजबूत करने और सुधार लहर सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। बिक्रम सिंह मजीठिया से जब उपचुनावों को लेकर सवाल किया गया, उन्होंने कहा कि पार्टी का संसदीय बोर्ड जल्द ही पार्टी की स्थिति स्पष्ट कर देगा।
सीएम और मंत्री पर दर्ज होना चाहिए केस
प्रदेश में धान की खरीद को लेकर किसान, आढ़तियों और राइस मिलर्स की समस्याओं पर भी कोर कमेटी ने चर्चा की। इस पर मजीठिया ने बताया कि कोर कमेटी की ओर से यह मांग की गई है कि सीएम और संबंधित मंत्री के खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए, क्योंकि प्रदेश सरकार की उचित व्यवस्था न होने की वजह से किसानों, आढ़तियों और मिलर्स को नुकसान हो रहा है। मजीठिया ने कहा धान की खरीद करने में विफल रहने और किसानों के लिए मुश्किलें पैदा करने के लिए मुख्यमंत्री और खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। पार्टी का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मिलकर उन्हें स्थिति से अवगत कराएगा।