ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट: पंजाब पुलिस ने सातवीं बार जीता खिताब, सीएजी दिल्ली को 7-6 से हराया
दो गोल से पिछड़ने के बावजूद पंजाब पुलिस ने आखिरी मिनटों में ऐसा पलटवार किया कि सीएजी दिल्ली के हाथों से जीत फिसल गई। सडन डेथ तक खिंचे सांसें रोक देने वाले फाइनल में पंजाब पुलिस ने 7-6 से बाजी मारते हुए सातवीं बार सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट की बादशाहत हासिल की। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दमदार प्रदर्शन ने जीत के जश्न को और खास बना दिया।
विस्तार
रोमांचक फाइनल मुकाबले का विवरण
मैच की शुरुआत में सीएजी दिल्ली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17वें मिनट में प्रमोद के पेनल्टी स्ट्रोक और 22वें मिनट में आमिद खान पठान के फील्ड गोल की मदद से 2-0 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, पंजाब पुलिस ने हार नहीं मानी और वापसी करते हुए 39वें मिनट में दिलप्रीत सिंह और 57वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पेनल्टी कॉर्नर गोल से स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें सडन डेथ के रोमांचक दौर में पंजाब पुलिस ने 7-6 से बाजी मारी।
पुरस्कार वितरण और सम्मान
कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। पंजाब पुलिस को गाखल ग्रुप की ओर से 6 लाख रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता सीएजी दिल्ली को डॉ. अनूप बौरी (इनोसेंट ग्रुप) की ओर से 2.50 लाख रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। भारतीय टीम के कप्तान और पंजाब पुलिस के कप्तान ओलंपियन हरमनप्रीत सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया और उन्हें 1.01 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
समापन समारोह में विशेष आकर्षण
समापन समारोह में पंजाबी गायक सब्बा बराड़ ने अपनी प्रस्तुति से समां बांधा, वहीं सेंट जोसेफ बॉयज स्कूल के विद्यार्थियों ने गिद्दा-भांगड़ा पेश कर दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर 1980 मॉस्को ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम के ओलंपियनों वी. भास्करन, सुरिंदर सिंह सोढ़ी, जफर इकबाल, राजिंदर सिंह सीनियर, गुरमेल सिंह, मर्विन फर्नांडिस, अमरजीत राणा और एम. सोमैया को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया, हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली, इंडियन ऑयल के आशुतोष गुप्ता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
