Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   Punjab Elections: Bhagwant Mann Showcases Report Card as Nayab Saini Challenges AAP's Development Model

चुनाव से पहले विकास मॉडल के वर्चस्व की जंग: रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच उतरे सीएम; सैनी ने सरकार को घेरा

Sun, 22 Nov 2026 10:44 AM IST
Sharukh Khan मोहित धुपड़, अमर उजाला, चंडीगढ़
मोहित धुपड़, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: Sharukh Khan Updated Sun, 22 Nov 2026 10:44 AM IST
सार

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले विकास मॉडल के वर्चस्व की जंग है। भगवंत मान कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच उतरे हैं। सैनी हरियाणा मॉडल की उपलब्धियां गिनाकर पंजाब सरकार को घेर रहे हैं। सुखबीर सिंह बादल पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल के कार्यकाल के विकास कार्यों को चुनावी आधार बना रहे हैं।

विज्ञापन
Punjab Elections: Bhagwant Mann Showcases Report Card as Nayab Saini Challenges AAP's Development Model
Punjab Elections - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पंजाब में इस बार नशा तस्करी और बिगड़ी कानून-व्यवस्था बड़े चुनावी मुद्दे बनेंगे लेकिन इसके अलावा सूबे को रंगला पंजाब बनाने के लिए सरकारों ने क्या किया और आगे का रोडमैप क्या है, इस पर भी मतदाताओं का पूरा फोकस रहेगा। इसी के मद्देनजर चुनाव से पहले पंजाब में विकास मॉडल के वर्चस्व की सियासी जंग शुरू हो गई है।
विज्ञापन


पंजाब के मुख्यमंत्री और आप नेता भगवंत सिंह मान, पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिअद नेता सुखबीर सिंह बादल तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता नायब सिंह सैनी बतौर मुख्य योद्धा इस रण में उतरे हुए हैं। तीनों दलों के विकास के दावों और मॉडलों के बीच इस वक्त सियासी मुकाबला छिड़ा हुआ है। भगवंत सिंह मान पौने पांच साल की सरकार में करवाए गए विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच हैं।
विज्ञापन
Trending Videos

लोक मिलनी सभाओं में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान खास अंदाज में आप सरकार के विकास मॉडल की बात कर जनता से जुड़ने का प्रयास करते हैं। वे एक-एक विकास कार्य गिनवाते हुए अपनी सरकार की तुलना पिछली सरकारों से भी करते हैं, ताकि मतदाताओं को अपनी और पूर्ववर्ती सरकारों के कामकाज में अंतर समझा सकें।
विज्ञापन

भाजपा के पास फिलहाल पंजाब में सीएम मान के इस विकास मॉडल का कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। इसलिए पिछले करीब एक साल से पार्टी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को हरियाणा मॉडल के साथ पंजाब में सक्रिय कर रखा है। इस दौरान सीएम सैनी पंजाब में करीब 105 जनसभाएं कर चुके हैं। सूत्र बताते हैं कि पार्टी ने सैनी की जनसभाएं पंजाब के तीनों क्षेत्रों मालवा, माझा और दोआबा में रणनीतिक ढंग से आयोजित करवाई हैं।
 
विज्ञापन

हरियाणा ने कैसे की तरक्की?

इस दौरान सीएम सैनी पंजाब के मतदाताओं को यह समझाने का प्रयास कर रहे हैं कि वर्ष 1966 में सूबे के पुनर्गठन के दौरान पंजाब से अलग होने के बाद सीमित संसाधनों के बावजूद हरियाणा ने किस तरह तरक्की की। 

 

सैनी दावा करते हैं कि आज हरियाणा विभिन्न मामलों में पंजाब से काफी आगे है। सूत्र यह भी बताते हैं कि सीएम सैनी पंजाब के कई विरोधी दलों के नेताओं के संपर्क में भी हैं। उन्हें जल्द भाजपा में शामिल करवाने के लिए सैनी और संगठन के कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठकों का दौर जारी है।

 

'पंजाब नहीं गलेगी सैनी की दाल'

पंजाब में अपनी बढ़ती सक्रियता के संदर्भ में पूछने पर सीएम सैनी ने कहा, देखते जाइए, यह तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है। इस पर आप के प्रदेश प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सीएम सैनी को न तो हरियाणा के खराब हालात दिखाई दे रहे हैं और न ही उन्हें हरियाणावासियों की चिंता है। इसलिए वे अपना सूबा छोड़कर पंजाब में घूम रहे हैं मगर यहां उनकी दाल गलने वाली नहीं है।
 

वहीं, करीब 10 साल से सत्ता से बाहर शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के कार्यकाल में करवाए गए विकास कार्यों को पंजाब बचाओ रैलियों के दौरान मतदाताओं के सामने रख रहे हैं। उनका दावा है कि सूबे में बड़े बादल जितना विकास कर गए, उससे आगे कोई सरकार नहीं बढ़ पाई।

मान का पंजाब मॉडल

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान जनता के सामने जिस पंजाब विकास मॉडल की बात रख रहे हैं, उसका मुख्य आधार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसानों को सुविधाएं और सामाजिक कल्याण योजनाएं हैं। उनके विकास मॉडल में शिक्षा क्रांति, आम आदमी क्लीनिक और मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को दस लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा, बिना नकद और बिना सिफारिश 71,777 सरकारी नौकरियां देना, नहरी सिंचाई का विस्तार, दिन में आठ घंटे बिजली, घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट और किसानों को मुफ्त बिजली, मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता और मुफ्त बस यात्रा, 1.89 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्रमुख रूप से शामिल हैं।

सैनी का हरियाणा मॉडल

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब में अपने विकास मॉडल को तुलनात्मक रूप से जनता के सामने पेश कर रहे हैं। इस मॉडल में वे हरियाणा के किसानों को 24 फसलों पर एमएसपी, महिलाओं को 2,100 रुपये मासिक आर्थिक सहायता, बुजुर्गों को 3,200 रुपये मासिक पेंशन, औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के अवसरों को दोगुना करने में डबल इंजन सरकार के फायदे जैसे मुद्दों को उठाते हैं। इसके अलावा सैनी पंजाब में ओबीसी समुदाय के सामाजिक सम्मेलनों में भी पूरी सक्रियता से भाग ले रहे हैं। वे पंजाब सरकार पर बढ़ते कर्ज का मुद्दा भी मंचों से प्रमुखता से उठाते हैं।

सुखबीर बादल का विकास मॉडल

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल अपनी जनसभाओं में पूर्व मुख्यमंत्री और अपने पिता प्रकाश सिंह बादल के कार्यकाल के विकास कार्यों को अकाली दल के शासन मॉडल के रूप में पेश करते हैं। वे अपने पिता के कार्यकाल की उपलब्धियों में पावर सरप्लस पंजाब, सड़क और परिवहन का विकास, 190 रेलवे फ्लाईओवर और करीब 13.5 लाख ट्यूबवेल कनेक्शन देने का दावा, कृषि मंडियों का विकास, आईआईटी रोपड़, आईआईएम अमृतसर, मोहाली में शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना, बठिंडा में एम्स और कैंसर उपचार सुविधाओं जैसी इत्यादि योजनाओं का जिक्र करते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed