{"_id":"6aa7b6a486fc3575440007b7","slug":"punjab-bjp-to-launch-drug-free-punjab-yatra-security-sought-from-dgp-from-september-18-to-30-2026-09-14","type":"story","status":"publish","title_hn":"भाजपा निकालेगी नशा मुक्त पंजाब यात्रा: डीजीपी से मांगी सुरक्षा, 18 से 30 सितंबर तक निकलेंगी चार यात्राएं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
भाजपा निकालेगी नशा मुक्त पंजाब यात्रा: डीजीपी से मांगी सुरक्षा, 18 से 30 सितंबर तक निकलेंगी चार यात्राएं
Mon, 14 Sep 2026 02:26 PM IST
Nivedita
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: Nivedita
Updated Mon, 14 Sep 2026 02:26 PM IST
सार
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल ढिल्लों ने बताया कि पार्टी चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ निकालेगी जो सुजानपुर (पठानकोट), फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का और तलवंडी साबो से शुरू होंगी।
विज्ञापन
डीजीपी को ज्ञापन साैंपते भाजपा नेता
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पंजाब में नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने और प्रदेश को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ भाजपा 18 से 30 सितंबर तक चार ‘नशा मुक्त पंजाब यात्राएं’ निकालेगी।
विज्ञापन
यात्राओं के दौरान सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम की मांग को लेकर पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को डीजीपी पंजाब से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन
ढिल्लों ने कहा कि यात्राओं में केंद्रीय मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम लोग शामिल होंगे। ऐसे में यात्रा के पूरे मार्ग के साथ-साथ शुरुआत और समापन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। यात्राएं सुजानपुर (पठानकोट), फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का और तलवंडी साबो से शुरू होंगी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को सुजानपुर के एकता स्थल से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन यात्रा को रवाना करेंगे। अलग-अलग चरणों में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और अर्जुन राम मेघवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी यात्राओं में शामिल होंगे। चारों यात्राओं का समापन 30 सितंबर को जालंधर में होने वाली बड़ी सभा के साथ होगा।
ढिल्लों ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि यात्रा में किसी असामाजिक या शरारती तत्व को व्यवधान डालने का मौका न मिले। उन्होंने जिला पुलिस, एसएसपी, डीएसपी और थाना प्रभारियों के साथ समन्वय कर पहले से यातायात व्यवस्था तैयार करने की मांग की, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ महज राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं और परिवारों को नशे से बचाने के लिए जनआंदोलन खड़ा करने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने सत्ता में आने से पहले तीन महीने में नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन आज प्रदेश में नशे की समस्या कम होने के बजाय बढ़ रही है। नशे के कारण अपराध, गैंग संस्कृति और वसूली के मामलों में भी बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों को साथ लेकर हर घर से नशा खत्म करने की मुहिम को जनआंदोलन का रूप देगी।