Barnala By Election: इंडस्ट्रियल पार्क और रोजगार के अवसर पैदा करके बदलेंगे हालात, विकास के नाम पर हो रहा चुनाव
बरनाला में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी व भाजपा उम्मीदवार इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के नए अवसर पैदा करने का दावा कर रहे हैं। तीनों प्रत्याशी विकास के नाम पर वोट मांग रहे हैं और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार का भी भरोसा दे रहे हैं। तीनों दलों के प्रत्याशियों से अमर उजाला ने बातचीत की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरनाला विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने अब तक जितने भी चुनाव हुए हैं, उनमें शिरोमणि अकाली दल, कांग्रेस व आप को मौका दिया है। इस बार शिअद चुनाव से बाहर है और भाजपा जोर शोर के साथ चुनाव मैदान में उतरी हुई है। अभी भी इस हलके में लोगों की ऐसी कई समस्याएं हैं जो पिछले काफी समय से खत्म नहीं हो हुई हैं। यहां पर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना और खेलों को बढ़ावा देने जैसी प्रमुख चुनौतियां हैं। रोजगार की तलाश में युवाओं को बाहर जाना पड़ता है।
हरिंदर सिंह धालीवाल, आप उम्मीदवार
सवाल : आप सीधे विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। राजनीति में आपकी एंट्री कैसे हुई?
जवाब : मैं अन्ना आंदोलन के साथ जुड़ा था। स्थानीय सांसद मीत हेयर के साथ मैं दिल्ली में आंदोलन में भाग लेने के लिए जाता था। इसके बाद आम आदमी पार्टी बन गई। पार्टी की गतिविधियों में शामिल होना शुरू कर दिया। मैंने अब तक कोई चुनाव नहीं लड़ा और पार्टी हमेशा आम घरों के लोगों को चुनाव में उतारती रही है। मेरे साथ भी ऐसा हुआ। पार्टी ने मुझ पर विश्वास जताया, इसलिए मैं पार्टी की झाेली में यह सीट डालने में कोई कसर नहीं छोड़ूगा।
सवाल : आप किन मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं?
जवाब : पार्टी का हमेशा विकास का नारा रहा है। सीएम मान के नेतृत्व में पार्टी की तरफ से हलके में काम किया जा रहा है। साथ ही मीत हेयर ने भी पिछले ढाई साल से हलके की कमान संभाली हुई थी। विकास कार्यों को आगे बढ़ाना ही मेरी प्राथमिकता है।
सवाल : अगर आप चुनाव में जीत दर्ज करते हैं तो हलके लिए कौन सी परियोजनाएं लेकर आएंगे?
जवाब : मेरा प्रमुख मकसद हलके के लिए फोकल पॉइंट लाने का है, जिस पर काम भी चल रहा है। मैं इस प्रोजेक्ट में तेजी लाने का प्रयास करूंगा, ताकि जमीनी स्तर पर जल्द काम शुरू हो सके। इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स स्टेडियम लाने का भी काम किया जाएगा, ताकि युवाओं को ट्रेनिंग के लिए बाहर न जाना पड़े। इसी तरह आउटर रिंग रोड को डबल लाइन बनाने का भी काम किया जाएगा। इससे ट्रैफिक समस्या से निजात मिलने के साथ ही सड़क हादसे भी कम होंगे।
सवाल : आपके सामने एक अनुभवी व एक युवा उम्मीदवार मैदान में, किस तरह की चुनौती मानते हैं?
जवाब : आप सरकार ने ढाई साल में जो काम किया है, वो पिछले 25 साल में यहां नहीं हुआ है। मेरे सामने किसी भी तरह की चुनौती नहीं है। पूरा विश्वास है कि विकास के नाम पर लोग अपनी मुहर लगाएंगे। घटिया राजनीति लोग अब स्वीकार नहीं कर रहे हैं। टिकट के लिए जिस नेता ने पार्टी के साथ विश्वासघात किया है, उसको भी जनता जवाब देगी।
केवल सिंह ढिल्लों, भाजपा उम्मीदवार
सवाल : अगर आप चुनाव जीतते हैं तो कौन सी परियोजनाएं आपकी प्राथमिकता रहेंगी?
जवाब : मैं दो बार यहां से विधायक रह चुका हूं। पहले हलके के लिए मैंने अस्पताल पास करवाया था। 40 करोड़ रुपये की लागत से इस पर काम शुरू होना था, जिसके लिए भूमि भी चयनित कर ली गई थी। छह एकड़ में यह अस्पताल बनना था, जिसका नींव पत्थर भी रख दिया गया था लेकिन मौजूदा सरकार आने के बाद यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चले गया। मेरी प्राथमिकता यहां यह परियोजना लाने की है, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इसी तरह खेल स्टेडियम भी लेकर आएंगे, क्योंकि अभी फिलहाल युवाओं को खेलने के लिए पटियाला, बठिंडा व चंडीगढ़ जाना पड़ता है। इसी तरह मैं पासपोर्ट ऑफिस लेकर आऊंगा और आंबेडकर भवन बनाने का भी काम किया जाएगा।
सवाल : किसान आंदोलन के चलते भाजपा का पंजाब में विरोध रहा है, आप इसे कितनी बड़ी चुनौती मानते हैं?
जवाब : पंजाब में आप सरकार किसानों के मुद्दों को हल करने में असफल रही है। धान संकट सबके सामने है, जिससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। केंद्र सरकार ने आढ़तियों व शेलरों से बात करके इस समस्या का समाधान करवाया। इसके बाद डीएपी खाद के मुद्दे पर मैंने खुद केंद्र सरकार से बात की थी। जहां कहीं से भी खाद की कमी की शिकायत आई, वहां डीएपी खाद पहुंचाने के लिए काम किया गया। केंद्र सरकार किसानों के साथ है और किसान भी यह बात समझते हैं, जिसके चलते इस बार राज्य का हर वर्ग भाजपा का साथ देगा।
सवाल : प्रदेश में पिछले चुनाव भाजपा के लिए ठीक नहीं रहे हैं, इस पर आपका क्या कहना है?
जवाब : पार्टी का लोकसभा चुनाव में वोट शेयर बढ़ा है, जिससे साफ है कि अब लोगों के पास एक मात्र विकल्प भाजपा ही बचा है। उपचुनाव के साथ ही आने वाले सभी चुनाव पार्टी के लिए अच्छे नतीजे लेकर आएंगे। दूसरी तरफ आप सरकार अपने सभी वादे पूरे करने में असफल रही है। स्वास्थ्य व शिक्षा क्षेत्र में पार्टी ने कोई काम नहीं किया। इसी तरह महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये राशि देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार को बने हुए ढाई साल से ऊपर हो गए हैं और अभी तक आप ने यह गारंटी पूरी नहीं की है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आप ने लोगों से सिर्फ झूठे वादे किए हैं और अब लोग आगे इनकी बातों में आने वाले नहीं हैं।
कुलदीप सिंह ढिल्लों, कांग्रेस उम्मीदवार
सवाल : पार्टी ने सीधे विधानसभा चुनाव लड़ने का मौका दिया, इस पर क्या कहेंगे?
जवाब : मैं पिछले काफी समय से पार्टी के जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान के तौर पर काम करता रहा हूं। चुनाव लड़ने के बारे में इतना नहीं सोचा। पिछले कुछ साल से लोगों के काम जरूर करवाता रहा हूं और साथ ही स्थानीय स्तर पर राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहा हूं। यही कारण है कि पार्टी ने मुझ पर विश्वास जताया है और सीधा विधानसभा चुनाव लड़ने का मौका दिया है। पार्टी के इस पर विश्वास पर खरा उतरने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा हूं।
सवाल : अगर चुनाव में जीत दर्ज करते हैं तो हलके के लिए क्या काम करवाना चाहेंगे?
जवाब : मेरी प्राथमिकता हलके के स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने की रहेगी। इस मकसद के लिए यहां पर एक बड़ा अस्पताल खोलने के लिए काम करूंगा। हलके में अभी फिलहाल दो बड़ी इंडस्ट्री हैं। मेरा प्रयास रहेगा कि यहां के लिए फोकल पॉइंट पर काम करवाऊं, ताकि क्षेत्र में नई इंडस्ट्री आए, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें। पिछली कांग्रेस सरकार ने हलके के विकास की तरफ विशेष ध्यान दिया और मेरा भी इसी तरफ फोकस रहेगा। इसी तरह मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने पर भी काम करूंगा। लोगों तक साफ पानी की पहुंच नहीं है। इसके अलावा सीवरेज की समस्या का भी लोगों को सामना करना पड़ रहा है।
सवाल : कांग्रेस के दो बार के विधायक इस बार भाजपा से मैदान में हैं, कितनी बड़ी चुनौती मानते हैं?
जवाब : कांग्रेस पार्टी ने हमेशा विकास को तवज्जो दी है। पार्टी से किसी के आने से जाने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। जिस तरह से हम पिछले कुछ समय से मेहनत कर रहे हैं, उसका लोग स्वागत कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव के नतीजे सबके सामने हैं, जिसमें कांग्रेस पंजाब में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। इस उपचुनाव में भी ऐसे ही नतीजे देखने को मिलेंगे। बरनाला में पार्टी ने अब तक काफी करवाएं हैं और उसको पार्टी को इस चुनाव में काफी फायदा मिलेगा।