फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   Jalandhar Shocker: 16-Day-Old Infant Allegedly Sold for 5 Lakh to Fund Drug Addiction Mother Levels Serious Ch

कहां है नवजात: चिट्टे की लत के लिए 16 दिन के मासूम का सौदा? मां के गंभीर आरोप; फिल्मी कहानी जैसा है पूरा विवाद

Sun, 07 Jun 2026 11:17 AM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, जालंधर
अमर उजाला नेटवर्क, जालंधर Published by: Sharukh Khan Updated Sun, 07 Jun 2026 11:17 AM IST
सार

जालंधर में नवजात के गायब होने से हड़कंप मचा है। आरोप है कि चिट्टे की लत के लिए 16 दिन के मासूम का सौदा कर दिया गया। मासूम की मां ने पूर्व पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

विज्ञापन
Jalandhar Shocker: 16-Day-Old Infant Allegedly Sold for 5 Lakh to Fund Drug Addiction Mother Levels Serious Ch
Jalandhar Shocker - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

जालंधर में 16 दिन के नवजात बच्चे के कथित सौदे का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पूर्व पति पर चिट्टे (हेरोइन) की लत पूरी करने के लिए पांच लाख रुपये में नवजात बेटे को बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है, जबकि सबसे बड़ा सवाल यह बना हुआ है कि आखिर मासूम बच्चा इस समय कहां है और किस हालत में है।
विज्ञापन


महिला ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। शिकायत के बाद मामला थाना रामामंडी पुलिस को सौंपा गया है और जांच शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरी ओर, आरोपी पूर्व पति ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया है कि बच्चे को उसने नहीं बल्कि महिला ने खुद बेचा है।
विज्ञापन

डिलीवरी में मदद के बहाने फिर से संपर्क में आया पूर्व पति
पीड़ित महिला शिवानी के अनुसार करीब तीन महीने पहले उसका अपने मौजूदा पति मलविंदर के साथ विवाद हो गया था, जिसके बाद वह किराए के कमरे में अलग रहने लगी। इसी दौरान उसका पूर्व पति शिवा दोबारा उसके संपर्क में आया और डिलीवरी के दौरान हर संभव मदद का भरोसा दिया।

 
विज्ञापन

महिला का कहना है कि 21 मई को शिवा ही उसे सिविल अस्पताल लेकर गया, जहां उसने बेटे को जन्म दिया। इस दौरान शिवा अपनी दूसरी पत्नी को भी साथ लेकर आया। महिला का आरोप है कि दूसरी पत्नी ने नवजात को दूध पिलाकर और उसकी देखभाल करके उसका विश्वास जीत लिया था।

 
विज्ञापन

25 मई को टीकाकरण के बहाने गायब हुआ नवजात
महिला के मुताबिक 25 मई को एक युवती टीकाकरण कराने के बहाने उसके कमरे पर पहुंची। उसी दौरान जब वह वॉशरूम गई तो युवती कथित तौर पर नवजात बच्चे को लेकर वहां से चली गई। शुरुआत में उसे लगा कि बच्चा टीकाकरण के लिए ले जाया गया है, लेकिन काफी देर तक वापस न आने पर उसे शक हुआ। 
 

घटना के करीब चार दिन बाद एक अज्ञात नंबर से महिला को फोन आया। फोन करने वाली महिला ने खुद को अमृतसर की रहने वाली बताया और दावा किया कि बच्चा उसके पास है। उसने कथित तौर पर कहा कि यदि पैसे वापस कर दिए जाएं तो बच्चा वापस ले जाया जा सकता है।

 

एक तरफ कहा बच्चा जिंदा है, दूसरी तरफ मौत की बात
महिला का आरोप है कि जब उसने अपने पूर्व पति के घर संपर्क किया तो उसकी दूसरी पत्नी ने कहा कि बच्चा मर चुका है और उसे दफना दिया गया है। एक तरफ अज्ञात महिला का फोन बच्चे के जीवित होने का दावा कर रहा था, जबकि दूसरी तरफ मौत और दफनाने की बात कही जा रही थी। इसी विरोधाभास ने पूरे मामले को और रहस्यमयी बना दिया। महिला का कहना है कि इसके बाद उसने मोहल्ले और आसपास के लोगों से पूछताछ की, जहां से उसे कथित तौर पर बच्चे को बेचने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने अपने परिवार के साथ 29 मई को पुलिस कमिश्नर को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

इंस्टाग्राम पर नोटों की गड्डियां, नए सामान और धमकी देने के आरोप
महिला ने अपने पूर्व पति पर आरोप लगाया है कि बच्चे के गायब होने के बाद उसने इंस्टाग्राम पर नोटों की गड्डियों वाली स्टोरी लगाई। इसके अलावा उसने नए सामान भी खरीदे। महिला का दावा है कि जब उसने इस संबंध में सवाल उठाए तो उसे पिस्तौल दिखाकर धमकाया गया। इन आरोपों के बाद पुलिस अब सोशल मीडिया गतिविधियों, कॉल रिकॉर्ड और अन्य तथ्यों की भी जांच कर सकती है।

ऐसे सामने आया कथित सौदे का पूरा मामला
  • 21 मई: सिविल अस्पताल में बच्चे का जन्म हुआ।
  • 25 मई: टीकाकरण के बहाने नवजात कथित रूप से गायब हुआ।
  • 29 मई से पहले: अज्ञात महिला का फोन आया और बच्चे के उसके पास होने का दावा किया गया।
  • पूर्व पति की दूसरी पत्नी ने बच्चे की मौत और दफनाने की बात कही।
  • मोहल्ले में पूछताछ के दौरान कथित सौदे की चर्चा सामने आई।
  • 29 मई: परिवार ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत देकर जांच की मांग की।

फिल्मी कहानी जैसा है पूरा पारिवारिक विवाद
इस मामले की पृष्ठभूमि भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। शिवानी, उसका पूर्व पति शिवा और मौजूदा पति मलविंदर तीनों एक ही स्कूल में साथ पढ़ते थे। वर्ष 2010 में शिवानी और शिवा ने प्रेम विवाह किया था। इस शादी से उनके एक बेटा और एक बेटी हुए। 

 

बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और वर्ष 2022 में पंचायत के माध्यम से उनका तलाक हो गया। तलाक के बाद शिवानी ने अपने ही स्कूल के साथी मलविंदर से प्रेम विवाह कर लिया। गायब हुआ नवजात इसी दूसरी शादी से जन्मा बच्चा बताया जा रहा है।

 

आरोपी का पलटवार: "बच्चा मैंने नहीं, उसने खुद बेचा"
मामले में आरोपी बनाए गए शिवा ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उसका कहना है कि शिवानी उसके पास मदद मांगने आई थी और उसने केवल डिलीवरी के दौरान सहायता की थी। शिवा का दावा है कि महिला ने उसे बताया था कि उसका मौजूदा पति उसके साथ मारपीट करता है और गर्भ में पल रहे बच्चे को खतरा है। उसने कहा कि बच्चे को बेचने के आरोप पूरी तरह झूठे हैं और बच्चा उसने नहीं बल्कि स्वयं महिला ने बेचा है।

पुलिस जांच पर टिकीं सबकी निगाहें
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बच्चे के कथित सौदे, अज्ञात महिला के फोन, इंस्टाग्राम पोस्ट, दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप और नवजात की वास्तविक स्थिति को लेकर कई सवाल अभी अनुत्तरित हैं। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सच क्या है। लेकिन इस समय सबसे बड़ी चिंता 16 दिन के उस मासूम की है, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed