Dera Baba Nanak By Poll: सीमावर्ती क्षेत्र में फैला ड्रग्स का जाल, इंडस्टि्रयल काॅरिडोर से सुधरेंगे हालात
डेरा बाबा नानक सीट से उप चुनाव में उतरे आप, कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों ने क्षेत्र के विकास के लिए इंडिस्ट्रयल कोरिडोर और धर्म नगरी होने के नाते टूरिस्ट हब के रूप में इसे विकसित कर युवाओं को रोजगार देने पर जोर दिया है।
विस्तार
धर्म नगरी डेरा बाबा नानक हलके के सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां कई चुनौतियां हैं। सबसे बड़ी चुनौती ड्रग्स तस्करी और नशे के चंगुल में फंसे युवाओं को इससे बाहर निकालना है। दशकों बीते जाने के बावजूद यहां युवतियों के लिए विशेष कॉलेज नहीं हैं। युवाओं के पास रोजगार न होने के कारण ड्रग्स के काले कारोबार में फंसकर कई परिवार उजड़ गए हैं।
बॉर्डर एरिया होने के कारण यहां युवाओं के लिए रोजगार के साधन नहीं हैं। तीनों दलों के प्रत्याशियों से अमर उजाला के पंजाब ब्यूरो प्रमुख विशाल पाठक की विशेष बातचीत।
आप-गुरदीप सिंह रंधावा
सवाल-2022 के चुनाव हारने के बाद पार्टी ने आप पर दोबारा विश्वास जताया है, चुनाव में आपके सामने क्या चुनौतियां हैं ?
जवाब-बेशक 2022 का चुनाव हार गया था, लेकिन पार्टी ने मुझ पर दोबारा भरोसा जताया है, उसका मुख्य कारण है कि मैं बतौर हलका इंचार्ज होने के नाते जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ा हुआ हूं। 2024 के लोकसभा चुनाव की अगर बात करें तो मेरे हलके में आप को 44 हजार वोट पड़े, जोकि कांग्रेस से केवल चार हजार वोट कम थे। मैं बीते 25 साल से हलके के लोगों के सूख-दुख में खड़ा रहा हूं। मेरे सामने सबसे बड़ी चुनौती है कि बॉर्डर एरिया होने के नाते यहां ड्रग्स की समस्या को पूरी तरह खतम किया जा सके और रोजगार के नए साधन के विकल्प तलाश किये जाए।
सवाल-अगर आप चुनाव जीतते हैं तो हलके में किन समस्याओं को दूर करेंगे और विकास के लिए क्या कदम उठाएंगे ?
जवाब-मुझे विश्वास है कि मैं चुनाव जीतूंगा। चुनाव जीतने के बाद मेरा सबसे बड़ा लक्ष्य होगा कि सीमावर्ती इलाका होने के कारण यहां ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह से खतम किया जाए। क्षेत्र के विकास के लिए इंडस्टि्रयल कोरिडोर लाया जाए, ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके और क्षेत्र की लोगों की आय बढ़ सके। हमारी सरकार ने केंद्र के समक्ष इंडस्टि्रयल कोरिडोर का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन केंद्र ने मंजूर नहीं किया। मैं राज्य सरकार से इस पर प्रयास करूंगा।
सवाल-डेरा बाबा नानक कांग्रेस का गढ़ माना जाता है, आप इसे किस तरह देखते हैं और आपकी नजर में वौ कौन से विकास कार्य हैं, जिनके बूते आपको जनता वोट देगी ?
जवाब-हलके में ट्रामा सेंटर बनकर तैयार हैं, जिसका उद्घाटन चुनाव के बाद होगा। इसके अलावा 450 एकड़ में 100 मेगावॉट का सोलर प्लांट लगाया जा रहा है और तहसील काम्पलेक्स से लेकर हलके में बिजली घर बनाने को लेकर हमारी सरकार ने कई कार्य किये हैं। मुझे लगता है पार्टी के विकास कार्यों को देखकर जनता मुझे जरूर वोट करेगी।
भाजपा-रवि करण सिंह काहलों
सवाल-शिअद से दशको पुराने नाते तोड़ने के पीछे क्या कारण थे ? 2022 में चुनाव हारने की आप क्या वजह समझते हैं ?
जवाब-मैंने शिरोमणि अकाली दल का दामन इसलिए छोड़ दिया, क्योंकि पार्टी में सिर्फ एकतरफ फैसले लिए जा रहे थे, नेताओं से उनकी गंभीर मुद्दों पर राय नहीं ली जाती थी। शिअद से हमारे पुराने नाते रहे हैं, मेरे पिता निर्मल सिंह काहलों शिअद सरकार में मंत्री और पूर्व स्पीकर रह चुके हैं, हमारे परिवार ने शिअद के लिए हमेशा सेवा की। 2022 के चुनाव की अगर बात करें तो मैं केवल 250 के करीब वोट से हारा था, मुझे हलके के लोगों ने पूरा समर्थन दिया था, बस कुछ वोट के अंतर से मुझे हार का सामना करना पड़ा था। हारने की कोई ठोस वजह नहीं थी।
सवाल-क्या शिअद का वोट बैंक उप चुनाव में आपकी मदद करेगा ? वौ कौन से कार्य या कारण है कि लोग आपको वोट करेंगे ?
जवाब-मैं वोट बैंक की राजनीति नहीं करता हूं, मुझे इतना पता है कि जिन भी लोगों के साथ रहकर मैंने काम किया है, वह मुझे अपना समर्थन जरूर देंगे। हलके में स्कूल, कॉलेज और अस्पताल के निर्माण में मेरे पिता और हमने कई प्रयास किये हैं, जिन्हें जारी रखेंगे। मुझे लगता है कि हलके के लोग परिवार वाद की राजनीति से तंग आ गए हैं और लोग इस बार बदलाव के लिए वोट करेंगे।
सवाल-अगर आप चुनाव जीतते हैं तो हलके की किन समस्याओं को दूर करेंगे और आपकी नजर में कौन से विकास कार्याें पर जोर रहेगा ?
जवाब-अगर मैं चुनाव जीतता हूं तो 2022 के चुनाव के दौरान मैंने जो वायदे किये थे, सर्वप्रथम उनका पूरा करूंगा। सबसे पहले केंद्र की भाजपा सरकार के सहयोग से सीमावर्ती क्षेत्र होने के नाते डेरा बाबा नानक के लिए इंडस्टि्रयल कोरिडोर की मांग करूंगा। इसके अलावा एरिया में युवतियों के लिए एक भी विशेष कॉलेज नहीं हैं, इस कॉलेज को बनवाने के लिए प्रयास करूंगा। इन सबके अलावा सबसे बड़ी ड्रग्स की समस्या को खतम करने और लॉ एंड ऑर्डर को बनाए रखने का काम करूंगा।
कांग्रेस-जतिंदर कौर रंधावा
सवाल-एक महिला होने के नाते और पहली बार चुनाव मैदान में उतरने को आप कैसे देखते हैं ? विपक्षियों के परिवारवाद की टिप्पणी पर आप का क्या नजरिया है ?
जवाब-एक महिला होने के नाते मैं क्षेत्र की समस्या को बखूबी समझती हूं। यहां ड्रग्स का कारोबार चरम पर है और लॉ एंड ऑर्डर की ऐसी स्थिति है कि शाम 7 बजे के बाद लोग घर से बाहर निकलने में डरते हैं। एक मां, बहन और बेटी होने के नाते मुझे परिवार से जुड़ी समस्याएं पता हैं। मेरे परिवार और पति ने हमेशा हलके के लोगों के विकास के लिए कार्य किया है। विपक्षी कुछ भी कहें, इससे फर्क नहीं पड़ता, यह पार्टी हाईकमान का फैसला था, क्योंकि हम हलके को अच्छे से समझते हैं।
सवाल-चुनाव जीतने पर हलके की किन चुनौतियों को दूर करेंगी और किन विकास कार्यो को बढ़ावा देंगी ?
जवाब-चुनाव जीतने पर सबसे पहले मैं हलके लॉ एंड ऑर्डर को दुरुस्त करने का प्रयास करूंगी और ड्रग्स तस्करी और नशे के चंगुल में फंसे युवाओं को इससे बाहर निकालने के लिए सख्त कदम उठाऊंगी। मेरी कोशिश रहेगी कि धर्म नगरी होने के नाते क्षेत्र को टूरिस्ट हब के रूप में विकसित किया जाए, ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके। इसके अलावा युवाओं के लिए स्पेशल ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू कर उन्हें रोजगार उपलब्ध करवाने की कोशिश करूंगी।
सवाल-आपके सामने दो अनुभवी चेहरे हैं और लोग आपको किन कारणों से वोट करेंगे ?
जवाब-मेरे सामने बेशक दो अनुभवी चेहरे हों, लेकिन मैं हमेश अपने पति के साथ हलके के सुख-दुख और समस्याओं में उनके साथ रही हूं। मुझे लोगों की जरूरतों के बारे में अच्छा से पता है। क्षेत्र के विकास के लिए कांग्रेस ने कई स्कूल, कॉलेज और किसानों की खेतीबाड़ी से जुड़ी समस्याओं को दूर किया है। मैं लोगों के बीच एक परिवार की तरह रही हूं, इसलिए लोग मुझे वोट करेंगे।