झोटा हत्याकांड: न्याय ना मिलने तक काली पगड़ी नहीं उतारेंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ढिल्लों, लिया संकल्प
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि मौजूदा सरकार इस मामले को लेकर संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने और झोटा हत्याकांड में न्याय की मांग को बुलंद करने के लिए उन्होंने काली पगड़ी पहनी है।
विस्तार
पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर भाजपा ने विरोध तेज कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और इफको के चेयरमैन जगदीप सिंह नक्कई ने काली पगड़ी और काले परने पहनकर संकल्प लिया है कि जब तक झोटा को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वे इन्हें नहीं उतारेंगे।
ढिल्लों ने आप पर लगाए आरोप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि मौजूदा सरकार इस मामले को लेकर संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने और झोटा हत्याकांड में न्याय की मांग को बुलंद करने के लिए उन्होंने काली पगड़ी पहनी है। उन्होंने दोहराया कि जब तक झोटा को न्याय नहीं मिलता, तब तक काली पगड़ी और परना नहीं उतारेंगे।
ढिल्लों ने इससे पहले मानसा में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों से काली पगड़ी, काले परने और काली चुनरी पहनने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि इस प्रतीकात्मक विरोध के माध्यम से सरकार तक अपनी मांग पहुंचाई जाएगी। इसी अपील के तहत रविवार को भाजपा महासचिव मुनीश बब्बी दानेवालिया ने विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों को काली पगड़ियां और परने बांटे, जबकि महिलाओं को काली चुनरियां वितरित की गईं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि यह विरोध झोटा हत्याकांड में न्याय मिलने तक जारी रहेगा। गौरतलब है कि परविंदर सिंह झोटा मानसा में नशे के खिलाफ सामाजिक अभियान चलाने के लिए जाने जाते थे। उनकी हत्या के बाद से ही इस मामले में न्याय की मांग उठ रही है। भाजपा ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
झोटा के पिता ने डीएसपी पर लगाए आरोप
नशा विरोधी एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा के कॉल डिटेल रिकॉर्ड कथित तौर पर एक निजी व्यक्ति तक पहुंचने के मामले में उनके पिता भीम सिंह ने डीएसपी गिल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, संबंधित अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज करने और डीएसपी को गिरफ्तार कर बर्खास्त करने की मांग की है।
Mansa, Punjab: On the alleged leak of anti-drug activist Parvinder Singh Jhota’s call detail records (CDR) to a private individual, his father, Bhim Singh says, “DSP Gill, we will also expose your assets and the properties you have purchased with bribes... We will raise the matter with Union Home Minister Amit Shah and demand an inquiry against the officials, registration of a case and the DSP’s arrest and dismissal. The DSP failed to reach the spot on time despite his duty to respond within minutes. Instead, he is allegedly threatening our journalist and other educated youth from poor families. We demand action against him...”
— IANS (@ians_india) October 18, 2026
भीम सिंह ने कहा कि वह इस मामले को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष उठाएंगे और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग करेंगे। उन्होंने डीएसपी गिल को चेतावनी देते हुए कहा कि वह भी उनकी संपत्तियों और कथित रिश्वत से खरीदी गई प्रॉपर्टी का खुलासा करेंगे।
भीम सिंह ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर कुछ ही मिनटों में पहुंचने की जिम्मेदारी होने के बावजूद डीएसपी समय पर मौके पर नहीं पहुंचे। इसके बजाय, उन पर आरोप है कि वह पत्रकार और गरीब परिवारों से आने वाले शिक्षित युवाओं को धमका रहे हैं। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।