Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   BJP and Akali Dal form an alliance for the Punjab Assembly elections.

भाजपा-अकाली गठबंधन: मोगा घोषणा से एक साथ आए थे दोनों दल, किसान आंदोलन में टूटा रिश्ता, 6 साल बाद दोबारा आए साथ

Tue, 24 Nov 2026 01:20 PM IST
शाहिल शर्मा सुरिंदर पाल, जालंधर
सुरिंदर पाल, जालंधर Published by: शाहिल शर्मा Updated Tue, 24 Nov 2026 01:20 PM IST
सार

पंजाब में छह साल बाद विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और अकाली एक साथ आ गए हैं। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर दोनों दलों में गठबंधन का आधिकारिक एलान नई दिल्ली में हुआ। फिलहाल सीट बंटवारे को लेकर इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोई घोषणा नहीं की गई। 

विज्ञापन
BJP and Akali Dal form an alliance for the Punjab Assembly elections.
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पंजाब की राजनीति में शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी की दोस्ती का इतिहास करीब तीन दशक पुराना है। इस रिश्ते की नई राजनीतिक शुरुआत 1996 की मोगा घोषणा से हुई थी। तत्कालीन अकाली दल अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल ने मोगा में पार्टी की विचारधारा को व्यापक स्वरूप देते हुए पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत का नारा दिया। 
विज्ञापन


गठबंधन ने 15 साल किया पंजाब पर राज
इसके बाद अकाली दल ने भाजपा के साथ चुनावी गठबंधन का रास्ता अपनाया। दोनों दलों ने 1997 का विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ा और शानदार जीत हासिल कर पंजाब में सरकार बनाई। इस गठबंधन ने अलग-अलग कार्यकाल में कुल 15 साल पंजाब की सत्ता संभाली। 1997 से 2002 तक पहली सरकार रही, इसके बाद 2002 से 2007 तक कांग्रेस सत्ता में रही। फिर 2007 से 2012 और 2012 से 2017 तक अकाली-भाजपा गठबंधन ने लगातार दो बार सरकार बनाई। इस तरह 2007 से 2017 तक लगातार 10 साल सत्ता में रहने के साथ गठबंधन का कुल शासनकाल 15 साल रहा। हालांकि, दोनों दलों के राजनीतिक रिश्तों की पृष्ठभूमि इससे भी पुरानी है। 1967 और 1969 में अकाली दल ने भारतीय जनसंघ के साथ मिलकर भी सरकारें बनाई थीं। भाजपा का गठन 1980 में हुआ था और बाद में जनसंघ की राजनीतिक विरासत भाजपा ने संभाली।
विज्ञापन


1997 में 93 सीटें जीतकर पहली बार बनाई सरकार
1996 की मोगा घोषणा के बाद 1997 में अकाली दल और भाजपा ने औपचारिक चुनावी गठबंधन के तहत विधानसभा चुनाव लड़ा। 117 सीटों वाली विधानसभा में अकाली दल ने 94 और भाजपा ने 23 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। अकाली दल ने 75 सीटें और भाजपा ने 18 सीटें जीतीं। गठबंधन के खाते में कुल 93 सीटें आईं। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने। इस चुनाव में अकाली दल का मत प्रतिशत लगभग 37.64 और भाजपा का 8.33 प्रतिशत रहा। दोनों दलों ने अपने-अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों में एक-दूसरे को राजनीतिक समर्थन दिया। भाजपा को शहरी हिंदू मतदाताओं में अपनी स्थिति मजबूत करने का अवसर मिला, जबकि अकाली दल को भाजपा के साथ आने से शहरी क्षेत्रों में भी राजनीतिक फायदा मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos

2002 में सत्ता गंवाई, लेकिन गठबंधन नहीं टूटा
2002 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन को सत्ता से बाहर होना पड़ा। कांग्रेस ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में 62 सीटें जीतकर सरकार बनाई। अकाली दल को 41 और भाजपा को 3 सीटें मिलीं। अकाली दल का मत प्रतिशत 31.08 और भाजपा का 5.67 प्रतिशत रहा। चुनावी हार के बावजूद दोनों दलों ने अपना गठबंधन कायम रखा। दोनों पार्टियों के नेताओं को भरोसा था कि पंजाब में उनका संयुक्त राजनीतिक आधार अगले चुनाव में फिर सत्ता तक पहुंच सकता है।

2007 में वापसी, 2012 में लगातार दूसरी बार सरकार
2007 का चुनाव गठबंधन के लिए सत्ता में वापसी लेकर आया। अकाली दल ने 94 सीटों पर चुनाव लड़कर 49 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा ने 23 में से 19 सीटें हासिल कीं। गठबंधन ने कुल 68 सीटों के साथ सरकार बनाई। अकाली दल का मत प्रतिशत करीब 37.09 और भाजपा का 8.28 प्रतिशत रहा। प्रकाश सिंह बादल मुख्यमंत्री बने और सुखबीर सिंह बादल उपमुख्यमंत्री बने। इसके बाद 2012 के चुनाव में गठबंधन ने पंजाब के राजनीतिक इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा। पहली बार किसी सरकार ने लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीतकर सत्ता बरकरार रखी। अकाली दल ने 94 में से 56 सीटें जीतीं और भाजपा ने 23 में से 12 सीटें हासिल कीं। दोनों के खाते में कुल 68 सीटें आईं। इस चुनाव में अकाली दल का मत प्रतिशत 34.73 और भाजपा का 7.18 प्रतिशत रहा। प्रकाश सिंह बादल ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला। इस प्रकार 2007 से 2017 तक गठबंधन ने लगातार 10 साल पंजाब पर शासन किया।

2017 में 18 सीटों पर सिमटा गठबंधन
लगातार 10 साल सरकार चलाने के बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में अकाली-भाजपा गठबंधन को बड़ा राजनीतिक झटका लगा। अकाली दल 94 सीटों पर चुनाव लड़कर केवल 15 सीटें जीत सका, जबकि भाजपा 23 सीटों पर लड़कर सिर्फ 3 सीटें हासिल कर पाई। गठबंधन का कुल आंकड़ा 18 सीटों पर सिमट गया। अकाली दल का मत प्रतिशत 25.24 और भाजपा का 5.39 प्रतिशत रह गया। कांग्रेस ने 77 सीटें जीतकर कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में सरकार बनाई। आम आदमी पार्टी भी 20 सीटों के साथ पंजाब की राजनीति में एक बड़ी ताकत बनकर उभरी। इसके बावजूद अकाली दल और भाजपा का चुनावी गठबंधन कायम रहा। दोनों ने 2019 का लोकसभा चुनाव भी साथ लड़ा।

2020 में कृषि कानून बने दोस्ती टूटने की वजह
अकाली दल और भाजपा के बीच करीब 24 साल के औपचारिक चुनावी गठबंधन का अंत सितंबर 2020 में हुआ। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर पंजाब में किसानों का विरोध तेज हो गया था। अकाली दल के सामने अपने परंपरागत किसान मतदाताओं की नाराजगी का सवाल था। हरसिमरत कौर बादल ने 17 सितंबर 2020 को केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 26 सितंबर 2020 को अकाली दल ने भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग होने की घोषणा कर दी। सुखबीर सिंह बादल ने कृषि कानूनों को लेकर केंद्र सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई। इस तरह दोनों दलों की दशकों पुरानी राजनीतिक साझेदारी समाप्त हो गई। हालांकि, इससे पहले भी कई मुद्दों पर दोनों दलों में मतभेद हुए थे, लेकिन वे गठबंधन तोड़ने तक नहीं पहुंचे थे।

2022 में अलग-अलग रास्ते, दोनों दलों को चुनावी नुकसान
2022 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया, जबकि भाजपा ने अलग चुनाव लड़ा। अकाली दल को केवल 3 सीटें मिलीं और उसका मत प्रतिशत 18.38 रहा। भाजपा को 2 सीटें मिलीं और उसका मत प्रतिशत करीब 6.6 प्रतिशत रहा। आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी दोनों दल अलग-अलग मैदान में उतरे। भाजपा ने पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ते हुए 18.56 प्रतिशत मत हासिल किए, लेकिन कोई सीट नहीं जीत सकी। अकाली दल ने एक सीट जीती और उसका मत प्रतिशत 13.42 रहा। यह चुनाव दोनों दलों के लिए इस मायने में महत्वपूर्ण रहा कि भाजपा का मत प्रतिशत बढ़ा, जबकि अकाली दल का परंपरागत चुनावी आधार कमजोर दिखाई दिया।

2027 से पहले फिर गठबंधन , सीटों के बंटवारे पर चर्चा
अब 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच फिर गठबंधन हो गया है। अगस्त 2026 में सुखबीर सिंह बादल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद राजनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ा। अक्टूबर में सीटों के बंटवारे और अकाली दल के दूसरे धड़े को साथ लेने जैसे मुद्दे भी बातचीत में सामने आए। नवंबर में दोनों दलों के बीच बातचीत अंतिम चरण में पहुंचने की खबरें सामने आईं और गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर दोनों दल फिर एक साथ आ गए। 

इस बार सबसे बड़ा सवाल सीटों के बंटवारे का है। पुराने समझौते में भाजपा 23 और अकाली दल 94 सीटों पर चुनाव लड़ता था। अब भाजपा अपने बढ़े हुए मत प्रतिशत और संगठनात्मक विस्तार के आधार पर ज्यादा सीटें चाहती है। दूसरी तरफ अकाली दल अपने पारंपरिक ग्रामीण और किसान आधार के साथ गठबंधन में अपनी प्रमुख भूमिका बनाए रखना चाहता है। मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी बातचीत का अहम विषय हो सकता है।

पुराने गठबंधन की वापसी, लेकिन शर्तें पहले जैसी नहीं
अकाली दल और भाजपा का पुराना गठबंधन पंजाब की राजनीति में क्षेत्रीय और सामाजिक आधार के तालमेल का उदाहरण रहा है। अकाली दल की ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों और सिख मतदाताओं में पकड़ थी, जबकि भाजपा का प्रभाव मुख्य रूप से शहरी हिंदू मतदाताओं और व्यापारिक वर्ग में रहा। दोनों दलों ने इसी राजनीतिक समीकरण के आधार पर लंबे समय तक चुनाव लड़े और सरकारें बनाईं। लेकिन 2020 के बाद दोनों की राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं। अकाली दल को अपने पुराने मतदाता आधार को फिर मजबूत करने की चुनौती है, वहीं भाजपा अब पहले की तरह 23 सीटों तक सीमित रहने के बजाय अधिक सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। ऐसे में 2027 का गठबंधन केवल दो पुराने सहयोगियों की वापसी नहीं होगा, बल्कि सीटों, नेतृत्व और राजनीतिक हिस्सेदारी के नए समझौते की परीक्षा भी होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed