पंजाब विश्वविद्यालय पर एबीवीपी-सोई का कब्जा: अंकित बिढान के सिर पर सजा ताज, जानें कौन हैं नए अध्यक्ष?
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव 2026 में अध्यक्ष पद पर दूसरी बार जीत दर्ज की। संगठन के उम्मीदवार अंकित बिढान विजयी रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब विश्विद्यालय में छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अंकित बिढान ने जीत हासिल की है। अंकित बिढान हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने जींद से ग्रेजुएशन पूरी करने के बाद पंजाब यूनिवर्सिटी के लॉ विभाग से कानून की पढ़ाई की। वर्तमान में वे पंजाब यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल इंक्लूजन में रिसर्च स्कॉलर (पीएचडी) के रूप में अध्ययनरत हैं। अंकित बिढान को कुल 2879 वोट पड़े।
2021 से एबीवीपी से जुड़े
जीत के बाद अंकित बिढान ने इसे सिर्फ अपनी जीत नहीं, बल्कि पूरे जेन-जी की जीत बताया। उन्होंने कहा कि आज की जीत ने साबित कर दिया है कि जेन-जी के दिल में एबीवीपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विश्वास है। अंकित बिढान ने कहा कि छात्रों ने उन पर भरोसा जताया है और अब उनकी प्राथमिकता छात्रों की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए काम करना होगी। उन्होंने अपनी जीत के लिए छात्रों और समर्थकों का धन्यवाद भी किया। वह साल 2021 से एबीवीपी छात्र संगठन से जुड़े हैं।
लगातार दूसरी बार पीयू में अध्यक्ष बना एबीवीपी प्रत्याशी
बता दें कि बीते साल हुए छात्र संघ चुनाव में भी एबीवीपी प्रत्याशी गौरव वीर सोहल अध्यक्ष पद का चुनाव जीता था। यह पीयू में एबीवीपी की पहली जीत थी। गौरव वीर सोहल को 3148 वोट मिले थे। उन्होंने स्टूडेंट फ्रंट के सुमित शर्मा को 488 वोटों के अंतर से हराया था। वहीं, इस बार एबीवीपी के अंकित बिढान ने जीत हासिल की है। लगातार दूसरी बार जीत हासिल करने के बाद एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।
वहीं, उप प्रधान के पद पर पीयूडीएफ के अरमान सिंह भिंडर ने जीत हासिल की है। वह मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के नालागढ़ के रहने वाले हैं। वह उर्दू में एमए कर रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने लॉ की डिग्री की है।
राज्यसभा सांसद सतनाम बोले-एबीवीपी की बड़ी जीत
पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंट्स काउंसिल चुनाव में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी उम्मीदवार अंकित बिधान की जीत को राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने पंजाब के युवाओं में भाजपा के प्रति बढ़ते भरोसे का संकेत बताया है। उन्होंने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी में लगातार दूसरी बार एबीवीपी उम्मीदवार का अध्यक्ष चुना जाना महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश है।
संधू ने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्रों ने अपने जनादेश से युवाओं की राजनीतिक सोच को लेकर बनाए जा रहे भ्रम को दूर किया है। उन्होंने कहा कि आज का युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ मजबूती से खड़ा है। युवा अपने बेहतर भविष्य की संभावनाएं विकास, रोजगार और नए अवसरों में देख रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी लंबे समय से पंजाब और चंडीगढ़ के युवाओं के विचार-विमर्श का प्रमुख केंद्र रही है। ऐसे में यहां का चुनाव परिणाम कैंपस से बाहर भी संदेश देता है कि पंजाब का युवा निराशा और टकराव की राजनीति के बजाय प्रगति, निवेश, नवाचार और समृद्धि चाहता है।