अमृतसर में आतंकी साजिश नाकाम: रइया पुलिस चौकी में देर रात लगाया गया आईईडी, पुलिस ने किया बरामद
अमृतसर की पुलिस को चौकी रइया में शुक्रवार देर रात आईईडी लगाने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे बरामद कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब पुलिस ने ब्यास थाने के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी रइया को उड़ाने की आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए शुक्रवार देररात उसके पास से बैग में रखे एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) को बरामद किया है। पुलिस के बम स्क्वॉड ने सफलतापूर्वक आईईडी को डिफ्यूज कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि चौकी के पीछे बैग में संदिग्ध वस्तु रखी हुई है। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और आवाजाही रोक दी। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया गया। मौके पर बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) को बुलाया गया। टीम ने जांच के दौरान बैग के भीतर आईईडी होने की पुष्टि की। निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत डिवाइस को निष्क्रिय किया गया। इसके बाद पूरे इलाके में सघन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसएसपी सुहैल मीर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी आतंकी संगठन या गैंगस्टर ने आईईडी रखने की जिम्मेदारी नहीं ली है। फिलहाल जांच जारी है। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
सूबे की शांति भंग करने की कोशिश
पहले भी कई बार पंजाब के विभन्न जिलों के थानों को उड़ाने की साजिशें रची जा चुकी हैं लेकिन समय पर सूचना मिलने पर पुलिस आतंकियों के मंसूबों को नाकाम करती रही है। पिछले दिनों पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशल सेल एसएसओसी ने पाकिस्तान की आईएसआई द्वारा पोषित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश के सीतापुर से शुभम को गिरफ्तार किया था। उसके पास से पुलिस ने आईईडी के अलावा पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए थे। पुलिस ने कहा कि किसी भी कीमत पर आतंकियों को सूबे की शांति भंग नहीं करने दी जाएगी।
मान सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त: तरुण चुग
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि अमृतसर में पुलिस चौकी को आईईडी से उड़ाने की साजिश पंजाब में लगातार बिगड़ती सुरक्षा स्थिति का गंभीर संकेत है। यह अत्यंत चिंताजनक है कि सीमावर्ती राज्य में आतंकी तत्व इतनी आसानी से पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की हिम्मत कर रहे हैं। बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा कर्मियों के जांबाज जवानों की तत्परता से एक बड़ी त्रासदी टल गई, लेकिन मान सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसी विस्फोटक सामग्री शहर के भीतर तक कैसे पहुंंची। क्या खुफिया तंत्र निष्क्रिय है या मान सरकार की प्राथमिकताएं कुछ और हैं? चुग ने कहा कि पंजाब की कानून व्यवस्था लगातार गिर रही है। गैंगवार की घटनाएं, जेलों के भीतर से आपराधिक गतिविधियों का संचालन, ड्रोन के माध्यम से हथियार और नशे की सप्लाई, तथा सीमापार से सक्रिय आतंकी नेटवर्क, ये सभी घटनाएं दर्शाती हैं कि राज्य की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था कमजोर पड़ी है।
पंजाब की जनता सुरक्षा के साथ कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगी। मान सरकार को राजनीति से ऊपर उठकर सीमावर्ती प्रदेश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए, अन्यथा इसके गंभीर परिणाम होंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.