सुखबीर बादल बोले- श्री करतारपुर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं की फीस कैप्टन सरकार भरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा है कि करतारपुर जाने वाले श्रद्धालुओं से ली जाने वाली 20 अमरीकी डॉलर की फीस को पंजाब सरकार भरे। जिस तरह पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने तीर्थ यात्रा स्कीम के अंतर्गत पंजाबियों को अलग-अलग गुरुधामों के दर्शन करवाए थे, उसी तर्ज पर कैप्टन अमरिंदर यह फीस भरें।
सुखबीर अपनी पत्नी और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के साथ मंगलवार को श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के बाद एसजीपीसी के सूचना केंद्र कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
550वें प्रकाश पर्व के मुख्य कार्यक्रम के स्टेज को लेकर एसजीपीसी और पंजाब सरकार के बीच उठे विवाद पर सुखबीर ने कहा कि इस मामले में श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने जो फैसला किया है, वह सभी को मान्य होगा। सुखबीर ने कहा कि टकसाली नेता सेवा सिंह सेखवां की याददाश्त कमजोर है।
1999 में खालसा पंथ की त्रि-शताब्दी स्थापना दिवस के समागम एसजीपीसी द्वारा आयोजित किए गए थे। सुखबीर ने कहा कि गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के लिए उन्होंने अप्लाई किया हुआ है, वह पाकिस्तान जाने वाले पहले जत्थे के साथ जाएंगे।
शिअद (दिल्ली) के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना द्वारा निकाले जाने वाले नगर कीर्तन के बारे में सुखबीर ने कहा कि प्रकाश पर्व को लेकर कई नगर कीर्तन निकल रहे हैं, उनको इस बारे में कोई भी जानकारी नहीं है।
पंजाब के लोग कैप्टन सरकार के खिलाफ
दाखा उपचुनाव में अकाली दल की जीत पर सुखबीर ने कहा पंजाब सरकार ने इन चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया लेकिन दाखा विधानसभा के मतदाताओं ने इस बात को साबित कर दिया कि पंजाब के लोग सरकार के विरोध में हैं।
टकसाली नेताओं की तीखी टिप्पणी पर सुखबीर ने कहा कि वह सभी सम्माननीय हैं, उनके बारे में वह कुछ नहीं कहेंगे। पंजाब सरकार के पाकिस्तान जाने वाले डेलिगेट में नवजोत सिद्धू को शामिल नहीं करने के सवाल को सुखबीर ने हंस कर टाल दिया।