फिर चर्चा में आए नवजोत सिद्धू, इस नेता ने कहा-पार्टी में लाने के लिए नंगे पांव घर जाएंगे
शिरोमणि अकाली दल (टकसाली) के अध्यक्ष जत्थेदार रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा ने कहा है कि यदि पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू उनकी पार्टी में शामिल होते हैं तो दल के सभी सदस्य नंगे पांव उनके घर तक जाएंगे। करतारपुर कॉरिडोर के निर्माण में नवजोत सिद्धू की बड़ी भूमिका है। सिद्धू सिख कौम के हीरो के रूप में उभरे हैं। ब्रह्मपुरा गुरुवार शाम अपने निवास स्थान पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
जत्थेदार ब्रह्मपुरा ने कहा कि नवजोत सिद्धू उनके दल में शामिल होते हैं तो अगले विधानसभा चुनाव में वह टकसाली दल की तरफ से मुख्यमंत्री पद के दावेदार होंगे। इस दौरान पूर्व सांसद डॉ. रतन सिंह अजनाला ने कहा कि सिद्धू उनके दल में शामिल होकर जो पद मांगेंगे, वह उन्हें सौंप दिया जाएगा। जत्थेदार ब्रह्मपुरा ने एक बार फिर एसजीपीसी को बादल परिवार से मुक्त करने के लिए जल्दी चुनाव करवाने की मांग की।
शिअद (टकसाली) का एक शिष्टमंडल एसजीपीसी के चुनाव जल्दी करवाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट करेगा। शिअद (बादल) पर एसजीपीसी को दोनों हाथों से लूटने का आरोप लगते हुए ब्रह्मपुरा ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर सुल्तानपुर लोधी स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में स्थापित मुख्य स्टेज के निर्माण में 12 करोड़ की राशि खर्च कर दी गई। स्टेज निर्माण में भारी घपलेबाजी हुई है।
इसकी गहराई से जांच होनी चाहिए। उनके दल के सदस्य एसजीपीसी के अध्यक्ष पद के चुनाव में होने वाली साधारण सभा की बैठक में प्रकाश पर्व पर खर्च की जाने वाली राशि और संगत द्वारा चढ़ाई गयी भेंट का हिसाब अध्यक्ष भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल से मांगेंगे। जत्थेदार ब्रह्मपुरा ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद चार हफ्तों में बरगाड़ी कांड के आरोपियों को कानून के कटघरे में खड़ा करने वाले मुख्यमंत्री अपने वादे से मुकर चुके हैं। पंजाब में नशा खत्म नहीं हुआ।
शिअद (टकसाली) ने नियुक्त किए ऑब्जर्वर
ब्रह्मपुरा ने पार्टी को सरगर्म करने के लिए ऑब्जर्वरों की नियुक्ति की है। पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. रतन सिंह अजनाला को अमृतसर शहर व देहात, सेवा सिंह सेखवां को गुरदासपुर, पठानकोट व होशियारपुर, बीर दविंदर सिंह पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, हरसुखिंदर सिंह बाबी बादल को बठिंडा, मानसा, संगरूर, उजागर सिंह वडाली मोहाली, रोपड़, महिंदर सिंह हुसैनपुरा नवांशहर, करनैल सिंह पीर मोहम्मद मोगा, फिरोजपुर, चरण सिंह फाजिल्का, मोहन सिंह सठियाला कपूरथला और मक्खन सिंह को नंगल का ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है।