ज्वैलर की दिलेरी: अमृतसर में दो लुटेरों से भिड़ा गहना कारोबारी, एक को किया ढेर, दूसरा घायल होने के बाद फरार
एसपी (डी) युगराज सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। गहना कारोबारी की रिवाल्वर कब्जे में लेने के अलावा मृतक युवक के पास से भी एक देसी पिस्तौल और कुछ कारतूस बरामद किए गए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमृतसर के जंडियाला गुरु थानाक्षेत्र में पड़ते निरंकारी भवन के पास शनिवार देर रात लूट की वारदात को अंजाम देने पहुंचे दो युवकों में से एक की गोली लगने से मौत हो गई। गहना कारोबारी ने लूट से बचने के लिए अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चला दी। गहना कारोबारी की ओर से चलाई गई दूसरी गोली से दूसरा युवक भी घायल हो गया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गहना कारोबारी की पिस्तौल और कार कब्जे में ले ली। सर्च के दौरान मृतक युवक के पास से भी एक देसी पिस्तौल और 2-3 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। एसपी देहाती (डी.) युगराज सिंह ने बताया कि जंडियाला गुरु थाना में केस दर्ज किए जाने के बाद मामले में जांच की जा रही है।
जीटी रोड स्थित न्यू प्रताप नगर निवासी रंजीत सिंह ने बताया कि वल्ला क्षेत्र में उनकी गहनों की दुकान है। शनिवार रात करीब पौने दस बजे वे अपनी दुकान बंद कर कार से घर जा रहे थे। इस बीच रास्ते में निरंकारी भवन के पास उन्हें शौच लगा तो वे कार को सड़क के किनारे रोककर झाड़ियों के पास शौच करने गए। इस दौरान झाड़ियों से दो युवक उनकी ओर बढ़े।
पीड़ित ने बताया कि एक युवक ने उनकी कनपट्टी पर पिस्तौल तान दी और उनकी पॉकेट से पैसे निकालने का प्रयास करने लगा। उन्होंने जब विरोध किया तो लुटेरों ने उन्हें जान से मारने की धमकियां दी। तभी उन्होंने अपनी जेब से लाइसेंसी रिवाल्वर निकाला और लुटेरे पर गोली चला दी। गोली लगते ही एक लुटेरा जमीन पर गिर गया, जबकि उसके दूसरे साथी ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। बचाव में उन्होंने दूसरी गोली चला दी, जो लुटेरे को लगी, लेकिन वह अंधेरे में झाड़ियों की तरफ भाग गया। जिसके बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में घटना की जानकारी दी।
एसपी (डी) युगराज सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। गहना कारोबारी की रिवाल्वर कब्जे में लेने के अलावा मृतक युवक के पास से भी एक देसी पिस्तौल और कुछ कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले में जांच की जा रही है।