{"_id":"619a57662edbe0074b372b50","slug":"heroin-recovered-near-integrated-check-post-in-amritsar","type":"story","status":"publish","title_hn":"नहीं थम रही तस्करी: अमृतसर में स्निफर डॉग ने पकड़ी हेरोइन, अबोहर सेक्टर में बीएसएफ को 10 पैकेट मिले","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम","slug":"crime"}}
नहीं थम रही तस्करी: अमृतसर में स्निफर डॉग ने पकड़ी हेरोइन, अबोहर सेक्टर में बीएसएफ को 10 पैकेट मिले
Sun, 21 Nov 2021 08:03 PM IST
ajay kumar
संवाद न्यूज एजेंसी, अमृतसर/फाजिल्का (पंजाब)
संवाद न्यूज एजेंसी, अमृतसर/फाजिल्का (पंजाब)
Published by: ajay kumar
Updated Sun, 21 Nov 2021 08:03 PM IST
सार
पंजाब के अमृतसर में अटारी सीमा पर स्थित इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के पास से 630 ग्राम हेरोइन मिली है। वहीं अबोहर सेक्टर में बीएसएफ को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहां बीएसएफ जवानों ने 10 पैकेटों में 6.060 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
विज्ञापन
अबोहर सेक्टर में पकड़ी गई हेरोइन की खेप।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) अटारी से कस्टम विभाग के स्निफर डॉग की मदद से 630 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बीएसएफ ने हेरोइन को कब्जे में लेने के बाद आईसीपी के पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया। सूत्रों के मुताबिक आईसीपी अटारी पर सहायक कमिश्नर चंदन सिंह स्निफर डॉग और इसके हैंडलर के साथ रूटीन सर्च कर रहे थे। इस दौरान स्निफर डॉग ने काले लिफाफे में कुछ देख अपने हैंडलर की ओर देख वहीं ठहर गया तो वहां सर्च के दौरान एक प्लास्टिक का एक काला लिफाफा मिला। इसके बाद इस टीम ने तुरंत इसकी जानकारी अपने उच्चाधिकारियों और बीएसएफ अधिकारियों को दी।
विज्ञापन
आईसीपी क्षेत्र में काले रंग का लिफाफा होने की सूचना के तुरंत बाद बीएसएफ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लिफाफे को कब्जे में ले लिया। इसकी जांच के बाद सामने आया कि इसके अंदर सफेद रंग की कोई वस्तु है, जिसकी जांच में हेरोइन होने की बात सामने आई।
विज्ञापन
अधिकारी हैरान है कि इस उच्च सुरक्षा एरिया में यह हेरोइन कैसे पहुंची, क्योंकि यह वही इलाका है, जहां पाकिस्तान के रास्ते अफगानिस्तान से आने वाले ट्रक जीरो लाइन पार कर पहुंचते हैं। कस्टम विभाग के संयुक्त कमिश्नर बलबीर सिंह मांगट ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में जांच की जा रही है।
विज्ञापन
भारत-पाक सीमा पर 10 पैकेट हेरोइन बरामद
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सरहद की बीओपी झंगड़ के निकट बीएसएफ की 181वीं बटालियन के जवानों ने पाकिस्तानी नशा तस्करों के मंसूबों को फेल करते हुए करोड़ों रुपये की हेरोइन बरामद की है। सूत्रों के अनुसार अबोहर सेक्टर की बीओपी झंगड़ के निकट बीएसएफ जवानों ने पाक तस्कर को लेकर आहट महसूस की।
सतर्क जवानों ने तस्करों को ललकारते हुए पांच राउंड फायर भी किया, जिसके चलते तस्कर हेरोइन छोड़कर वहां से भाग गए। इसके बाद बीएसएफ जवानों ने जब वहां सर्च अभियान चलाया तो दो स्थानों से पांच-पांच पैकेट मिले। इन 10 पैकेटों में 6.060 किलोग्राम हेरोइन थी। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। सर्च अभियान के दौरान सीमा के निकट से खून के निशान भी मिले। इससे कयास लगाए जा रहे हैं कि फायरिंग में कोई तस्कर जख्मी भी हुआ है।