पंजाब के स्मार्ट स्कूल: होटल की तरह दिखता है बठिंडा का सरकारी स्कूल, हर सुविधा से लैस
हैड मास्टर संजीव ने बताया कि उक्त स्मार्ट स्कूल में नई तकनीक से लैब को बनाया गया जहां पर बच्चे आसानी से साइंस के बारे में समझ सकेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली से समझौते के बीच पंजाब के स्कूल चर्चाओं में हैं। प्रदेश में कई स्कूल ऐसे हैं जो निजी स्कूलों को भी मात दे रहे हैं। बठिंडा के बीचों बीच स्थित धोबीआना में पंजाब की पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के मकसद से स्मार्ट स्कूल बनाया गया था। इसे बुधवार को शिक्षा विभाग ने अपने हाथों में ले लिया और पांच सदस्य कमेटी की निगरानी में स्कूल की छठीं, सातवीं, आठवीं कक्षा के लिए दाखिले शुरू कर दिए हैं।
तीन मंजिला इमारत के रूप में बने स्कूल को देखकर हर कोई पहली नजर में इसे होटल समझ बैठता है। इस स्मार्ट स्कूल में बच्चों के लिए हर तरह की सुविधा का खास ख्याल रखा गया है। इसके अलावा स्कूल में हर जगह पर जरूरत के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
गुरुवार को सरकारी मिडल स्मार्ट स्कूल में बतौर हैड मास्टर पहुंचे संजीव कुमार गर्ग ने बताया कि उक्त स्कूल को शिक्षा विभाग ने बुधवार को अपने हाथों में ले लिया था। इसके तहत गुरुवार को वे अन्य दो अध्यापकों समेत स्कूल में पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि उक्त स्कूल पहले पड़ाव में मिडल कक्षा आठवीं तक है। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा कुछ माह बाद यह बारहवीं कक्षा तक कर दिया जाएगा।
हैड मास्टर संजीव ने बताया कि पहले दिन छठीं कक्षा के लिए 16 नए दाखिले हो चुके हैं जो आसपास के इलाके से संबंधित बच्चे हैं। उन्होंने कहा कि छठीं से आठवीं तक उक्त स्मार्ट स्कूल में पहले से ज्यादा दाखिले होंगे, क्योंकि इसका मुख्य कारण स्कूल में शिक्षा हासिल करने आने वाले बच्चों के लिए हर तरह की सुविधा होना है।
स्कूल में नई तकनीक की लैब
हैड मास्टर संजीव ने बताया कि उक्त स्मार्ट स्कूल में नई तकनीक से लैब को बनाया गया जहां पर बच्चे आसानी से साइंस के बारे में समझ सकेंगे। उन्होंने बताया कि मई के अंत तक स्कूल में उम्मीद से ज्यादा दाखिले होंगे।
बच्चों के लिए स्वीमिंग पूल
हैड मास्टर ने बताया कि उक्त स्मार्ट स्कूल में बच्चों के लिए स्वीमिंग पूल बनाया गया है। जहां पर पहले एक कोच को तैनात किया जाएगा जो आगे बच्चों को स्वीमिंग करना सिखाएंगे। कोच के बिना उक्त पूल को नहीं चलाया जा सकता। कोच को तैनात करने के लिए उन्होंने विभाग को लिखित में भेज दिया है।
कांग्रेस ने सिर्फ बनाकर छोड़ा आप सरकार ने शुरू किया
धोबीआना में कांग्रेस की सरकार समय शहर के विधायक एवं वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने उक्त स्मार्ट स्कूल को बनवाया था, लेकिन बादल उक्त स्कूल को समय रहते शुरू नहीं करवा पाए थे। अब प्रदेश में आप सरकार द्वारा उक्त स्कूल को शुरू करने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।