17वीं विधानसभा चुनाव में यूपी की सियासत का गढ़ बने चुके वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड शो किया। उनके रोड शो में जनसैलाब उमड़ पड़ा। पांडेयपुर से शुरू हुए प्रधानमंत्री का सफर काशी विद्यापीठ में आकर समाप्त हुआ। आगे की स्लाइड्स में देखें तस्वीरें...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसदीय सीट बनारस में दर्शन यात्रा के बाद रोड शो कर विरोधियों को अपनी ताकत का एहसास कराने की कोशिश की है। पीएम का यह रोड शो अपने तय समय से करीब डेढ़ घंटा देर से शुरू हुआ। काशी के लोगों में पीएम मोदी के प्रति दीवानगी एकबार देखने को मिली है।
शाम 04:30 बजे यह रोड शो जैसे ही शुरु हुआ वैसे ही हर-हर मोदी और मोदी-मोदी के गगनभेदी नारों से आसमां गुंजने लगा। लोगों का अनुमान था कि दूसरे दिन रोड शो में भीड़ कुछ कम रह सकती है, लेकिन राजनीतिक विशेषज्ञों के आकलन को धता बताते हुए उमड़ी भीड़ से बीजेपी वालों के चेहरे खिल उठे।
रोड शो में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री शाम चार बजे सेना के हेलीकॉप्टर से वाराणसी पुलिस लाइन में उतरे। यहां से वे कड़ी सुरक्षा के बीच पांडेयपुर चौराहे पहुंचे और फिर खुली छत वाली गाड़ी में सवार होकर रोड शो में शामिल हुए।रोड शो पांडेयपुर चौराहे से लेकर काशी विद्यापीठ तक आयोजित किया गया।
शाम साढ़े सात बजे यह रोड शो काशी विद्यापीठ पहुंचने के बाद समाप्त हो गया। प्रधानमंत्री के रोड शो का काशीवासियों ने तहेदिल से स्वागत किया। हर वर्ग-हर धर्म के लोग पीएम मोदी के इस रोड शो के गवाह बने।