मरीजों की सेवा का संकल्प पढ़ाई के समय लेने वाले डॉक्टर जीवन भर मरीजों की सेवा में लगे रहते हैं। अपनी इस जिम्मेदारी को निभाने के लिए वह कभी दिन और रात का समय नहीं देखते हैं। काशी में ऐसे कई परिवार हैं, जहां माता-पिता, बेटा- बेटी मरीजों की सेवा कर रहे हैं तो कहीं पूरा परिवार ही सेवा में समर्पित है। एक जुलाई को डॉक्टर डे पर ऐसे डॉक्टरों को याद करना भी जरूरी है। आईएमएसबीएचयू के साथ ही स्वास्थ्य विभाग में भी कई ऐसे परिवार हैं, जो मरीजों की सेवा में लगे हैं।
#NationalDoctorsDay : परिवार संग निभा रहे जिम्मेदारी, कहीं पति-पत्नी या पिता तो कहीं पूरी फैमिली डॉक्टर
परिवार ही मरीजों की सेवा में समर्पित
बीएचयू ट्रामा सेंटर के इंचार्ज प्रो. संजीव गुप्ता के साथ ही उनका पूरा परिवार भी मरीजों की सेवा के लिए ही समर्पित है। प्रो. गुप्ता की पत्नी प्रो. विनीता गुप्ता भी बीएचयू बाल रोग विभाग में बच्चों के इलाज में लगी हैं। प्रो. संजीव गुप्ता ने बताया कि पिता प्रो.ओपी गुप्ता भी ईएनटी डिपार्टमेंट में रहे। बताया कि पिताजी का तो निधन हो गया, लेकिन बीएचयू सर्जरी डिपार्टमेंट से रिटायर हुई माता प्रो. सरोज गुप्ता से अब भी सीखने और समझने का मौका मिलता रहता है।
परिवार संग निभा रहे मरीजों की सेवा की जिम्मेदारी
बीएचयू प्लास्टिक सर्जरी डिपार्टमेंट के प्रोफेसर प्रदीप जैन का परिवार भी मरीजों की सेवा की जिम्मेदारी को बखूबी निभा रहा है। उन्होंने बताया कि पिता डॉ. प्रेम दयाल जैन बीएचयू एनस्थीसिया विभाग में सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त हुए। पत्नी प्रो. मधु जैन बीएचयू स्त्री रोग विभाग और वह खुद प्लास्टिक सर्जरी डिपार्टमेंट में हैं। बताया कि बेटी डॉक्टर सूची जैन स्त्री रोग विभाग और दूसरी बेटी सिवि जैन भी रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट में सेवा दे रही हैं। उनका कहना है कि मरीजों की सेवा के सपने को साकार करने में पूरा परिवार लगा है।
डॉक्टर दंपती की बेटी भी डॉक्टर बनने की राह पर
राजकीय आयुर्वेद कालेज में प्राचार्य प्रोफेसर नीलम गुप्ता के साथ ही उनके पति प्रो. एसजे गुप्ता भी बीएचयू आयुर्वेद संकाय में प्रोफेसर के साथ ही मरीजों का इलाज कर रहे हैं। प्रो. नीलम गुप्ता ने बताया कि उनकी बेटी विदुषी गुप्ता भी मेडिकल कॉलेज कानपुर से एमबीबीएस अंतिम वर्ष में है।
चिकित्सक पिता, पति-पत्नी भी हैं डाक्टर
स्वास्थ्य विभाग में एडिशनल सीएमओ डॉक्टर संजय राय का कहना है कि पिता और वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर बीबी राय से मार्गदर्शन मिलता रहता है। दंत रोग विशेषज्ञ पत्नी डॉक्टर जया राय भी मरीजों की सेवा कार्य में लगी रहती हैं।